शहनाज़ गिल…बिग बॉस 13 की वो कंटेस्टेंट, जो उस सीजन के किसी भी दूसरे पार्टिसिपेंट से ज़्यादा पॉपुलर हुईं. कभी हंसती, तो कभी रोती हुई चुलबुली लड़की, जो अपनी दोस्ती के लिए किसी से भी लड़ जाए. अब शहनाज़ ने 'किसी का भाई किसी की जान' से बॉलीवुड में भी अपना डेब्यू कर लिया है. अगर आप बिग बॉस के समय से शहनाज़ को फॉलो करते आ रहे हैं, तो आपने उनकी पर्सनालिटी और ड्रेसिंग सेन्स में बदलाव तो नोटिस किया ही होगा. अब इस बदलाव की वजह भी शहनाज़ ने बता दी है.
"लोग मुझे बॉडी शेम करते थे, मोटी बुलाते थे, तो मैंने खुद को बदल लिया" - शहनाज़ गिल
"लोग सोचते थे कि मैं सिर्फ सलवार-सूट पहन सकती हूं. मुझे लोगों के भ्रम तोड़ने थे, तो तोड़ दिए".


न्यूज एजेंसी पीटीआई के साथ इंटरव्यू में शहनाज गिल ने कहा,
‘मैंने खुद को बदल लिया है, खुद पर काम किया. जब लोगों ने मुझे अच्छी सलाह दी, तो मैंने उसे फॉलो किया. कई लोगों ने मुझे इम्प्रूव करने में मदद की. मैंने वज़न कम किया क्योंकि बिग बॉस में मुझे बॉडी शेम किया गया था. मोटी होने पर मैंने बहुत कमेंट सुने थे. इसके बाद मैंने अपना स्टाइल बदल लिया क्योंकि लोग सोचते थे कि मैं सिर्फ सलवार-सूट पहन सकती हूं. मैं सिर्फ उसी में सुन्दर लगती हूं. मुझे लोगों के ये सारे भ्रम तोड़ने थे, तो तोड़ दिए. आगे भी ऐसा ही करती रहूंगी.’
शहनाज़ ने आगे कहा कि सलमान खान उन्हें बहुत सपोर्ट करते हैं और कहते हैं कि वो बहुत आगे तक जाएंगी. शहनाज और सलमान की पहली मुलाकात साल 2019 में 'बिग बॉस' के घर में हुई थी. शहनाज़ ने अपना बॉलीवुड डेब्यू भी सलमान की फिल्म से ही किया है. वर्क फ्रंट की बात करें तो KBKJ के बाद शहनाज गिल प्रोड्यूसर रिया कपूर की फिल्म में नजर आएंगी. कुछ समय पहले ही उन्होंने इस फिल्म की शूटिंग ख़त्म की है. इस फिल्म में उनके साथ भूमि पेडणेकर और अनिल कपूर भी होंगे. इसके अलावा साजिद खान की फिल्म '100%' में भी नोरा फतेही और रितेश देशमुख के साथ शहनाज़ स्क्रीन शेयर करती हुई नज़र आएंगी. शहनाज़ आजकल अपना एक टॉक शो भी होस्ट करती हैं, जिसका नाम है देसी वाइब्स विद शहनाज गिल.
'किसी का भाई किसी की जान' की बात करें तो इस फिल्म ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 15.81 करोड़ की कमाई की, दूसरे दिन फिल्म ने पिक अप पकड़ा और 25.75 करोड़ रुपये कमाए. रविवार को फिल्म ने 26.61 करोड़ रुपए बनाए. इससे फिल्म का फर्स्ट वीकेंड टोटल हो गया 68.17 करोड़ रुपए.






















