Shahrukh Khan इन दिनों बैक टु बैक फिल्मों में व्यस्त हैं. जनवरी 2024 में वो बेटी Suhana Khan के साथ King नाम की फिल्म शुरू करने जा रहे हैं. उसके बाद वो Tiger Vs Pathaan में काम करेंगे. इसके अलावा उनके करण जौहर के साथ भी एक एक्शन फिल्म करने की खबरें आई हैं. इसी बीच उनके एक नई फिल्म साइन करने की खबर चल निकली. बताया गया कि शाहरुख जल्द ही इस पर काम शुरू करने वाले हैं. जो कि फर्ज़ी खबर लग रही है.
क्या शाहरुख खान 'रईस' फेम राहुल ढोलकिया की फिल्म में काम करने जा रहे हैं?
खबरें हैं कि शाहरुख इस फिल्म में एक्टिंग करने के साथ इसे प्रोड्यूस भी करेंगे. मगर सच्चाई क्या है?


एक सोशल मीडिया हैंडल ने खबर चलाई कि शाहरुख खान 'रईस' फेम डायरेक्टर राहुल ढोलकिया के साथ एक फिल्म करने जा रहे हैं. ये प्रोजेक्ट एक दम लॉक होने की कगार पर है. इस फिल्म में शाहरुख खान के साथ कटरीना कैफ लीड रोल करेंगी. इस फिल्म में शाहरुख एक्टिंग करने के साथ इसे प्रोड्यूस भी करेंगे. हालांकि ये खबर किसी भी एंगल से सही नहीं लग रही.
पहली बात तो ये कि शाहरुख खान अभी पैन-इंडिया लेवल का सक्सेस एंजॉय कर रहे हैं. वो उन्हीं डायरेक्टर्स के साथ काम करना चाहते हैं, जो दर्शकों के बड़े तबके को आकर्षित करते हों. मसलन, एटली, राजकुमार हिरानी, सिद्धार्थ आनंद. इसी वजह से उन्होंने 'डॉन 3' में काम करने से इन्कार कर दिया. क्योंकि उस फिल्म में 'पठान'-'जवान' जितनी बड़ी हिट होने की गुंजाइश नहीं थी. ऐसा उस फ्रैंचाइज़ की पिछली दो फिल्मों की बॉक्स ऑफिस परफॉरमेंस के आधार पर कहा जा रहा है.
हालांकि 'रईस' को लेकर शाहरुख खान फैन्स का मानना है कि वो खालिस मसाला पिक्चर थी. वो बहुत बड़ी हिट हो सकती थी. बस उसकी रिलीज़ की टाइमिंग गलत थी. इसलिए वो उम्मीद के मुताबिक परफॉर्म नहीं कर पाई. बीच-बीच में 'रईस' से शाहरुख खान की धुएं के बीच से निकलने वाली क्लिप सोशल मीडिया पर वायरल होती रहती है. शायद इसी वजह ये खबर चल निकली कि शाहरुख दोबारा राहुल ढोलकिया के साथ फिल्म करने जा रहे हैं.
राहुल ढोलकिया क्लासी टाइप के फिल्ममेकर हैं. उन्होंने नेशनल अवॉर्ड विनिंग फिल्म 'परजानिया' बनाई. पिछले दिनों वो तापसी पन्नू को लेकर इंडियन वीमन क्रिकेट टीम की कैप्टन मिताली राज की बायोपिक 'शाबाश मिट्ठू' डायरेक्ट कर रहे थे. मगर किन्हीं वजहों से उन्होंने वो फिल्म बीच में छोड़ दी, जो श्रीजीत मुखर्जी ने पूरी की.
कटरीना कैफ और शाहरुख खान ने 'जब तक है जान' और 'ज़ीरो' में साथ काम किया. शाहरुख ने 'टाइगर 3' में कैमियो किया, कटरीना उस फिल्म की लीडिंग लेडी थीं. कटरीना ने हाल ही में अपनी आने वाली फिल्मों को लेकर एक इंटरव्यू दिया. इसमें उन्होंने अली अब्बास ज़फर के साथ एक्शन फिल्म समेत तमाम प्रोजेक्ट्स को लेकर बात की. मगर कहीं भी शाहरुख खान के साथ फिल्म का ज़िक्र नहीं आया. ऐसे में ये शाहरुख, कटरीना और राहुल की फिल्म की बात कहां से आई, किसी को नहीं पता.





















