लंबे समय से ये चर्चा चल रही कि Shah Rukh Khan और Farah Khan साथ में एक मूवी प्लान कर रहे हैं. ताज़ा रिपोर्ट भी इसी ओर इशारा कर रहे. फ़र्क सिर्फ़ इतना है कि दोनों Main Hoon Na का सीक्वल नहीं, बल्कि Tees Maar Khan का स्पिन-ऑफ बनाते दिख रहे. खास बात ये है कि इसमें शाहरुख के अलावा ऑस्कर विनिंग एक्टर आतिश कपूर यानी Akshaye Khanna भी होंगे.
शाहरुख और अक्षय खन्ना के साथ बनेगा 'तीस मार खान' का स्पिन-ऑफ?
फराह खान इस फिल्म में आमिर खान के करियर की पैरोडी बनाने वाली हैं.


आपको शायद याद हो कि फराह ने कुछ महीने पहले कहा था कि वो सिर्फ़ तभी फिल्ममेकिंग में वापस लौटेंगी, जब शाहरुख उनके साथ काम करेंगे. बताया जा रहा है कि ये फिल्म अक्षय कुमार स्टारर 'तीस मार खान' का स्पिन-ऑफ ही होगी. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फराह ने नवंबर 2025 से ही इस मूवी की तैयारी शुरू कर दी थी. उन्हें ऐसा करने का आइडिया खुद शाहरुख ने दिया था. वो इस वक्त लगातार एक्शन फिल्में कर रहे. इसलिए टोन चेंज करने के लिए उन्होंने फराह के साथ एक स्लैप-स्टिक कॉमेडी मूवी करने का मन बनाया है.
खबरों की मानें तो ये फिल्म 'तीस मार खान' के क्लाईमैक्स से शुरू होगी. अक्षय खन्ना का कैरेक्टर आतिश कपूर ऑस्कर जीत चुका है. लेकिन वो उसे संभालने की जगह उससे भी बड़ी कामयाबी पाने की कोशिश में उलझ जाता है. इस चक्कर में वो फिल्म की स्क्रिप्ट चुनने में जरूरत से ज्यादा माथा-पच्ची करता है. फिर भी वो अंत में गलत मूवीज़ का चुनाव कर बैठता है. इस चक्कर में उसकी लगातार चार फिल्में फ्लॉप हो जाती हैं. संभावना जताई जा रही है कि इस कॉन्सेप्ट के बहाने आमिर खान के वर्किंग स्टाइल पर भी चुटकी ली जाएगी. खासकर ये दिखाते हुए कि कैसे वो 'दंगल' जैसी बड़ी सक्सेस के बाद लगातार बॉक्स ऑफिस पर स्ट्रगल करते रहे.
कहानी में आतिश कपूर का करियर पूरी तरह बर्बाद होने की कगार पर पहुंच जाएगा. ठीक यहीं पर कहानी में होती है शाहरुख खान की एंट्री. उनका कैरेक्टर लखनऊ में वॉच रिपेयरिंग का काम करता है. एक जमाने में वो भी फिल्ममेकर बनना चाहता था. लेकिन किसी दिक्कत की वजह से कभी इंडस्ट्री तक पहुंच ही नहीं पाया. इत्तेफाक से आतिश और वो कॉलेज के दिनों के दोस्त थे. दोनों ने साथ में बॉलीवुड में नाम बनाने का सपना देखा था. इसलिए अक्षय खन्ना का किरदार उसे ढूंढकर नई फिल्म लिखने और डायरेक्ट करने के लिए कहता है. बाकी कहानी यहीं से आगे बढ़ेगी.
अब ये प्लॉट फिल्म में होगा या नहीं, ये तो केवल मेकर्स ही बता सकते हैं. मगर रिपोर्ट है कि स्क्रिप्ट का तीन-चौथाई काम पूरा हो चुका है. अगस्त 2026 में इसका नरेशन होगा. यदि शाहरुख को कहानी पसंद आई, तो नवंबर में वो ऑफिशियली इस प्रोजेक्ट को अनाउंस कर देंगे. दावा तो ये भी किया जा रहा है कि ये मूवी अगले साल दीपावली पर रिलीज़ होगी. दीपावली यानी 'रामायण: पार्ट 2' के साथ. हालांकि अभी ये केवल हवा-हवाई चर्चा है. मेकर्स ने अपनी तरफ़ से इस खबर की पुष्टि नहीं की है.
वीडियो: ‘किंग’ से शाहरुख खान तोड़ेंगे 3000 करोड़ का रिकॉर्ड?




















