इन दिनों Shahrukh Khan का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें शाहरुख खान कह रहे हैं कि उनकी फिल्मों को बॉयकॉट से कोई फर्क नहीं पड़ता. वो इस वीडियो में ये भी कहते सुने जा सकते हैं कि वो हवा से नहीं हिलने वाले. इस वीडियो को उनकी आगामी फिल्म Pathaan से जोड़कर शेयर किया जा रहा है. इस वीडियो से लोग नाराज़ हो रहे हैं. शाहरुख को एरोगेंट बताकर फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की जा रही है. जबकि ये वीडियो सालों पुराना है.
क्या शाहरुख ने सच में 'पठान' बॉयकॉट करने वालों को कहा- 'पत्ते से थोड़ी हिलने वाले हैं हम'?
शाहरुख खान का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें वो उनकी फिल्म बॉयकॉट करने वालों का मज़ाक उड़ा रहे हैं.


शाहरुख खान के इस वीडियो को ऐसे फैलाया जा रहा है, जैसे वो 'पठान' को बॉयकॉट करने वालों को खारिज कर रहे हैं. ऐसे में सोशल मीडिया पर बॉयकॉट को और तेज करने की मांग की जा रही है. कहा जा रहा है कि 'अब तूफान उठाना पड़ेगा'. आप उन वीडियोज़ और पोस्ट को यहां, यहां और यहां क्लिक करके देख सकते हैं.
असल में ये वीडियो 2016 का है. शाहरुख की फिल्म 'फैन' की रिलीज़ से पहले का है. तब Zee ETC नाम के टीवी चैनल पर कोमल नाहटा एक सेलेब्रिटी चैट शो करते थे. शाहरुख इसी में पहुंचे थे. यहां कोमल ने उनसे पूछा कि सोशल मीडिया पर उनकी पिछली फिल्म 'दिलवाले' के बहिष्कार की मांग की गई. क्या शाहरुख को ऐसा लगता है कि उनकी फिल्म इन बहिष्कार की मांगों की वजह से नहीं चली. इस पर शाहरुख कहते हैं-
''ऐसा बड़ा बोल नहीं बोलना चाहिए मगर हवा से थोड़ी न हिलने वाले हैं हम. हवा से झाड़ियां हिलती हैं.''
आगे उन्होंने ये भी कहा कि शायद उन लोगों ने अच्छी फिल्म नहीं बनाई. इसलिए फिल्म नहीं चली. मज़ाक में शाहरुख ने ये भी जोड़ दिया कि जब फिल्म नहीं चलती, तो वो लोग खुद बॉयकॉट को बहाने की तरह इस्तेमाल करते हैं. आप इस इंटरव्यू का फुल वीडियो यहां देख सकते हैं-
शाहरुख अपनी फिल्म 'पठान' को लेकर विवादों में हैं. पहले फिल्म के गाने 'बेशरम रंग' पर विवाद हुआ. कहा गया कि ये वल्गर है. इसमें भगवा रंग का गलत इस्तेमाल किया गया है. खूब हंगामे हुए. 'पठान' को बॉयकॉट करने की मांग शुरू हुई. अब इन वीडियोज़ की मदद से उन मांगो को जोर पकड़ाने की कोशिश चल रही है.
'पठान' में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम लीड रोल्स कर रहे हैं. ये फिल्म 25 जनवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने वाली है. मगर कुछ देशों में इस फिल्म की अडवांस बुकिंग खोल दी गई. जहां टिकटें खरीदने के लिए भयंकर मारामारी चल रही है. 'पठान' से शाहरुख चार साल बाद वापसी कर रहे हैं. इस फिल्म को सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: शाहरुख खान की 'पठान' की अडवांस बुकिंग खुलते ही मामला हुआ हाउसफुल




















