Salman Khan से जुड़े Blackbuck Poaching Case पर प्रोड्यूसर Amit Jani ने एक फिल्म बनाई है. फिल्म का नाम- Kala Hiran. कुछ समय पहले मेकर्स ने इसका टीज़र रिलीज़ किया था. उसके खिलाफ़ सलमान दिल्ली हाई कोर्ट चले गए. शुरुआती सुनवाई में कुछ खास नतीजा नहीं निकला. मगर अब अदालत ने बड़ा फैसल सुनाया है. उन्होंने मेकर्स को आदेश दिया कि वो न केवल 'काला हिरण' का टीज़र हटाएं, बल्कि सलमान के खिलाफ़ दिए बयानों को भी डिलीट करें.
कोर्ट ने सलमान खान पर बनी 'काला हिरण' के मेकर्स को लताड़ा, टीजर हटाने का आदेश दिया
"एक बार जो इज़्ज़त चली जाती है, वो कभी लौटकर नहीं आती." फिल्म के टीजर के साथ सलमान के खिलाफ दिए गए बयान भी डिलीट करने का आदेश.

आज यानी 27 जुलाई को 'काला हिरण' मामले पर फिर सुनवाई हुई है. लाइव एंड लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, जस्टिस ज्योति सिंह ने मेकर्स को काफी फटकार लगाई है. उन्होंने आदेश दिया है कि 'काला हिरण' टीज़र से जुड़े तमाम लिंक्स को इंटरनेट से हटाया जाए. साथ ही उन इंटरव्यूज़ को भी, जहां अमित जानी ने सलमान के खिलाफ़ बयानबाजी की है. सुनवाई के दौरान कोर्ट ने मेकर्स की दलीलों पर असहमति जताई. उन्होंने कड़े शब्दों में ये भी कहा कि अब से ये सब बंद होना चाहिए.
ब्लैकबक केस के नाम पर ही लॉरेंस बिश्नोई का गैंग सलमान की जान के पीछे पड़ा हुआ है. 'काला हिरण' में भी उसे एक अहम किरदार की तरह दिखाया गया. जज ने इस बात पर काफी नाराजगी जताई. लॉरेंस बिश्नोई का नाम लिए बगैर उन्होंने मेकर्स से कहा,
"एक बार जो इज्जत चली जाती है, वो कभी लौटकर नहीं आती. आप सलमान खान को LB से कनेक्ट कर रहे हैं. मैं तो उसका नाम भी नहीं लेना चाहती."
वैसे, दिल्ली हाई कोर्ट के इस फैसले पर 'काला हिरण' के डायरेक्टर भरत एस श्रीनेत ने नाराज़गी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर करते हुए कहा कि उनकी लास्ट रिलीज़ 'उदयपुर फाइल्स' पर भी हाई कोर्ट ने रोक लगा दी थी. मगर जब मेकर्स मामले को सुप्रीम कोर्ट लेकर गए, तो उन्हें हरी झंडी मिल गई.

भरत ने बताया कि 'काला हिरण' के लिए भी वो अब सुप्रीम कोर्ट जाएंगे. हालांकि उन्होंने ये सफाई जरूर दी कि ये फिल्म पूरी तरह काल्पनिक है. और इसका सलमान या किसी अन्य शख्स से कोई संबंध नहीं. दूसरी तरफ़, अमित जानी ने भी कोर्ट के आदेश के बाद साफ़ शब्दों में कहा कि वो सितंबर 2026 में इस फिल्म को रिलीज़ करेंगे. हालांकि ऐसा हो पाता है या नहीं, देखना रोचक होगा.
वीडियो: अमित जानी ने सलमान खान पर कसा तंज, ‘काला हिरण’ को लेकर क्या कहा?













