Salman Khan तमाम व्यस्तताओं के बीच भी सोशल मीडिया पर खूब नजर रखते हैं. समय-समय पर वो उन पर अपने अनफिल्टर्ड पोस्ट्स भी शेयर करते हैं. आज भी उन्होंने कुछ ऐसा ही किया. उन्होंने सोशल मीडिया पर अपनी कुछ ब्लैक एंड वाइट फोटोज़ शेयर की हैं. मगर चर्चा उनकी तस्वीरों से ज्यादा उनके साथ लिखे गए कैप्शन की हो रही है.
लोग बोले तबीयत खराब है, सलमान ने सबकी खैरियत पूछ डाली
सलमान ने इंटरनेट पर अपनी कुछ फोटोज़ शेयर की हैं. मगर उनका कैप्शन अधिक चर्चा बटोर रहा.


सलमान इन दिनों वामसी पैडिपली की SVC63 की शूटिंग में व्यस्त हैं. इस बीच वो कई सोशल गैदरिंग और अपने साथी-संगियों से जुड़े इवेंट्स में भी जाते रहते हैं. पिछले दिनों वो ऐसे ही एक कार्यक्रम में गए थे. उससे जुड़ी कुछ तस्वीरें और वीडियो इंटरनेट पर वायरल भी हुए. लोगों ने नोटिस किया कि उनमें सलमान पहले की तुलना में काफी स्लिम नजर आ रहे. कहा जा रहा है कि उन्होंने SVC63 के लिए अपना वजन घटाया है. लेकिन कुछ लोगों ने अनुमान लगाया कि शायद उनकी तबीयत भी ठीक नहीं. धीरे-धीरे ये बात सोशल मीडिया पर चक्कर लगाने लगी. इस दौरान कुछ लोगों ने उन्हें इस बात के लिए ट्रोल करने का प्रयास भी किया, जो बगैर किसी दो राय के एक काफी घटिया हरकत है.
जैसा कि हमने शुरुआत में ही कहा, सलमान सोशल मीडिया पर अच्छी नजर रखते हैं. इस दौरान शायद उन्होंने वो पोस्ट्स भी नोटिस किए, जहां लोग उनकी हेल्थ को लेकर चिंता जता रहे थे. ऐसे में उन्होंने 20 जुलाई यानी आज आधी रात को एक पोस्ट शेयर किया. इसमें उन्होंने काओबॉय और आयरिश कैप में अपनी चार ब्लैक एंड वाइट फ़ोटोज़ शेयर की हैं. साथ ही एक कैप्शन लिखा- "आप लोगों की तबीयत कैसी है?" लोगों का मानना है कि उन्होंने ये बात अपनी हेल्थ से जुड़ी चर्चाओं को लेकर कही है. कमेंट्स में उनके फैंस इस बाबत काफी रिस्पॉन्स भी दे रहे. कई ने तो उन्हें प्रॉपर रेस्ट की सलाह भी दी है. हालांकि सलमान या उनकी टीम ने उनकी सेहत को लेकर कोई बयान नहीं दिया है.

जहां तक फिल्मों की बात है, सलमान और नयनतारा अगस्त से SVC63 के इंटरनेशनल शेड्यूल में जुटने वाले हैं. इस दौरान वो ऑस्ट्रिया समेत यूरोप भर में शूटिंग करेंगे. वहां 'धुरंधर' वाली टीम की देख-रेख में फिल्म का सबसे बड़ा एक्शन पीस फिल्माया जाएगा. रही रिलीज़ की बात, तो ये मूवी अगले साल ईद यानी मार्च 2027 में आएगी.
वीडियो: क्या है सोशल मीडिया पर सलमान खान की क्रिप्टिक पोस्ट का मतलब?








