Salman Khan और Sanjay Dutt, Saajan, Raja Shivaji और 7 Dogs जैसी फिल्मों में साथ काम कर चुके हैं. दोनों के बीच बचपन से ही काफी अच्छी बॉन्डिंग है. ऐसी कि वो पब्लिकली एक-दूसरे को को-स्टार्स से ज्यादा भाई कहते आए हैं. एक्टर Vindu Dara Singh की मानें तो संजय ऐसे एकमात्र एक्टर हैं, जिनके सामने सलमान भी कुछ बोल नहीं पाते. इस बात को उन्होंने एक ऐसे किस्से से समझाया, जहां सलमान और संजय में एक बिल पेमेंट को लेकर फ़्रेंडली बैंटर हो गया था.
"संजय दत्त के सामने सलमान की भी चूं नहीं निकलती"
सलमान और संजय दत्त इस बात पर भिड़ गए थे कि बिल का पेमेंट कौन करेगा.


विंदु इन दिनों 'वेलकम टू द जंगल' का प्रमोशन कर रहे हैं. इस दौरान उन्होंने न्यूज़ 18 को भी इंटरव्यू दिया. सलमान का जिक्र होने पर उन्होंने एक किस्सा सुनाया, जहां वो लोग किसी बार में पार्टी कर रहे थे. विंदु कहते हैं कि उनके साथ आए लोगों को पता था कि बिल का भुगतान सलमान करेंगे. इसलिए सब खूब खा-पी रहे थे. इस बीच संजय दत्त भी वहां पहुंच गए और बाकियों को जॉइन कर लिया.
विंदु बताते हैं कि पार्टी खत्म होने पर वेटर्स बिल लेकर आ गए. उन्हें देख संजय ने आवाज़ लगाई और कहा कि वो बिल उन्हें दे जाएं. वो पूरे पैसे खुद भरना चाहते थे. लेकिन बाजू में बैठे सलमान वेटर्स को इशारा करने लगे कि वो संजय को बिल न दें. खासकर इसलिए क्योंकि सब लोग बहुत पहले से खा-पी रहे थे. इस वजह से काफी लंबा-चौड़ा भट्टा बैठ गया था. मगर सलमान खुलकर कुछ बोल ही नहीं पा रहे थे. विंदु के मुताबिक,
"संजय दत्त के सामने सलमान की भी चूं नहीं निकलती. संजय बिग ब्रदर है. इसलिए सलमान कुछ बोल नहीं सकता."
खैर, वहां ऐसा माहौल बना कि एक तरफ सहमे हुए सलमान, वेटर्स को इशारा कर रहे थे. दूसरी तरफ, संजय खुद पेमेंट करने पर अड़े हुए थे. ये देखकर वेटर घबरा गया. उसके लिए आगे कुआं और पीछे खाई वाला मामला बन गया था. सलमान ने संजय से कहा भी कि वो लोग बहुत देर से ड्रिंक कर रहे हैं, इसलिए पेमेंट उन्हें ही करने दिया जाए. इतना सुनते ही संजय ने उन्हें झड़प लगाते हुए चुप करवा दिया और पूरा पैसा खुद ही भरा.
इंटरव्यू के दौरान विंदु ने सलमान से जुड़ा एक और किस्सा सुनाया. किस्सा उस दौर का, जब बीइंग ह्यूमन जैसे NGO की शुरुआत नहीं हुई थी. विंदु कहते हैं कि उस समय सलमान को अपने पिता सलीम खान से रोजाना 50 हजार रुपए की पॉकेट मनी मिलती थी. तब कार्ड और डिजिटल पेमेंट का जमाना नहीं था. इसलिए वो पूरे पैसे जेब में लिए घूमते थे. हालांकि वो उन्हें इधर-उधर खर्च करने की जगह रोज जरूरतमंदों को दे देते थे. विंदु कहते हैं कि सलमान ने अपनी इस दरियादिली का ज़िक्र कभी किसी से नहीं किया. मगर सलीम खान को इस बारे में पता था और उन्होंने कभी उन्हें रोकने की कोशिश नहीं की.
वीडियो: सलमान खान और राज एंड डीके की फिल्म कन्फर्म, पहली बार करियर में बनेंगे सुपरहीरो

















