The Lallantop

दुनियाभर से 3200 करोड़ कमाने वाली 'धुरंधर' जापान में धूल फांकने लगी!

जापान में 'धुरंधर' की ऐसी दुर्गति होगी, ये मेकर्स ने सपने में भी नहीं सोचा होगा.

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर' को पाकिस्तान समेत मिडल ईस्ट के देशों में बैन कर दिया गया था.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'धुरंधर' के मेकर्स ने इसे जापान में रिलीज करने का निर्णय लिया, जहां यह 10 जुलाई को 80 स्क्रीन्स पर रिलीज हुई।
  • जापान में फिल्म के रिलीज़ से पहले बड़े पैमाने पर डिजिटल प्रचार किया गया था, लेकिन ग्राउंड लेवल पर रिलीज़ स्ट्रैटजी की कमी थी।
  • फिल्म 'धुरंधर' ने जापान में कमजोर शुरुआत की, पहले दिन करीब 900 दर्शक आए, और इसे वहां टॉप 25 फिल्मों में स्थान नहीं मिला।

Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar फ्रैंचाइज़ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस को दहलाकर रख दिया था. केवल तीन महीनों के अंतराल में इसने दुनियाभर से तकरीबन 3200 करोड़ रुपए कमाकर सबको हैरान कर दिया था. ऐसे में मेकर्स ने अनाउंस किया कि वो इसे जापान में भी रिलीज़ करेंगे. ये देश भारतीय फिल्मों का नया इंटरनेशनल मार्केट बनकर उभर रहा है. इसलिए सोशल मीडिया पर फिल्म को वहां खूब प्रमोट किया गया. मगर 10 जुलाई को जब 'धुरंधर' जापान में रिलीज़ हुई, तो मुंह के बल गिर पड़ी. मेकर्स को भी उम्मीद नहीं होगी कि जापान में फिल्म की इतनी बुरी गत होगी.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जापान में 'धुरंधर' की रिलीज़ से महीनों पहले ही बड़े स्तर पर इसका डिजिटल प्रमोशन शुरू हो गया था. फिल्म के जापानी पोस्टर इंटरनेट पर खूब वायरल हुए. मगर जब मूवी रिलीज़ हुई, तो इसे एक हज़ार दर्शक भी नसीब नहीं हुए. वहां इस फिल्म ने काफी कमजोर ओपनिंग ली. वो भी इतनी कि उस दिन ये जापान में चल रही टॉप 25 फिल्मों में भी अपनी जगह नहीं बना पाई. हालांकि फिल्म का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अभी सामने नहीं आया है. मगर मिमोरिन की रिपोर्ट के मुताबिक, ‘धुरंधर’ ने पहले दिन काफी बुरी शुरुआत की है.

वैसे, इस मूवी को जापान में केवल 80 स्क्रीन्स पर ही रिलीज़ किया गया है. 10 जुलाई को दोपहर 2 बजे तक वहां टोटल 449 लोग ही फिल्म देखने पहुंचे थे. पहला दिन बीतने तक ये आंकड़ा 900 तक ही पहुंच पाया. ट्रेड एक्सपर्ट्स का कहना है कि फिल्म इससे कहीं बेहतर ओपनिंग ले सकती थी. मगर मेकर्स की लापरवाही की वजह से इसकी दुर्गति हो गई. उन्होंने फिल्म को सोशल मीडिया पर तो प्रमोट किया मगर ग्राउंड लेवल पर कोई रिलीज़ स्ट्रैटजी नज़र नहीं आई.

Advertisement

वैसे, अल्लू अर्जुन की 'पुष्पा 2' को भी जापान में पहले दिन केवल 900 दर्शक मिले थे. तब उसने दो हफ्ते में 105 मिलियन येन यानी 6.1 करोड़ रुपए कलेक्ट किए थे. बावजूद इसके, वो जापान में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्मों की सूची में 10वें नंबर पर है. देखना होगा कि 'धुरंधर' उससे आगे निकल पाती है या नहीं. जहां तक जापान में सबसे ज्यादा पैसे छापने वाली भारतीय फिल्मों की बात है, तो ये रिकॉर्ड SS राजामौली की RRR के नाम पर है. उस फिल्म ने वहां 139.7 करोड़ रुपए कमाए थे.

'धुरंधर' जापान में भले कुछ खास कमाई न कर पाई हो, मगर बाकी जगहों पर इसने खूब तहलका मचाया है. फिल्म के पहले पार्ट ने भारत में 1007.85 करोड़ और विदेशों में 299.50 करोड़ कमाए थे. इस तरह उसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन ग्रॉस 1307.35 करोड़ रुपए रहा. दूसरी तरफ, 'धुरंधर 2' ने अकेले भारत में 1375.39 करोड़ और ओवरसीज़ 438 करोड़ कमाए थे. उसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 1813.39 करोड़ का था. खास बात ये है कि 'धुरंधर 2', आमिर खान की 'दंगल' के बाद दुनियाभर में सबसे अधिक कमाई करने वाली भारतीय फिल्म बन चुकी है.

वीडियो: 'धुरंधर' में रणवीर सिंह को शाहरुख खान से ज्यादा फीस मिली, फिर भी अल्लू अर्जुन से पिछड़े

Advertisement

Advertisement