Ranveer Singh की Dhuradhar ने अब D-Company यानी Dawood Ibrahim गैंग को भी नाराज़ कर दिया है. Aditya Dhar ने फिल्म में दाऊद को अधमरी हालत में पेश किया था. इसी बात ने D-कंपनी को नाखुश कर दिया. खबर है कि उन्होंने मुंबई में अपने ग्राउंड नेटवर्क को एक्टिव कर दिया है. साथ ही वो भारत पर एक आतंकी हमले की प्लानिंग कर रहे थे.
रणवीर सिंह की 'धुरंधर' से भड़की दाऊद कंपनी, कर रही थी बड़े आतंकी हमले की साजिश?
दावा है कि मुंबई में आतंकियों की भर्ती का काम छोटा शकील गैंग को दिया गया था.


D-कंपनी पाकिस्तान से ऑपरेट करती है. 'धुरंधर 2' में दिखाया गया कि दाऊद वहां के एक पॉश इलाके में रहता है. कहानी में राकेश बेदी के किरदार जमील जमाली ने उसे ज़हर दे दिया. इसलिए वो लंबे समय से बिस्तर पर पड़ा अपनी मौत का इंतज़ार कर रहा था. NDTV ने सूत्रों के हवाले से बताया कि दाऊद की कंपनी इस रिप्रेजेंटेशन से चिढ़ गई है. इसलिए उसमें दुनिया को ये बताने की बेताबी है कि दाऊद अब भी ज़िंदा है.
सूत्र के मुताबिक, D-कंपनी के सामने सबसे बड़ी समस्या ये थी कि वो भारत में नए लोगों को अपने साथ कैसे जोड़े. इसलिए भर्ती का काम छोटा शकील गैंग को सौंपा गया. दावा है कि इस प्रोसेस में चुने गए लोगों को असली आतंकी साजिश के बारे में नहीं बताया गया था. उन्हें मुंबई की सड़कों और बस्तियों से सिलेक्ट किया गया. फिर बांद्रा के गरीब नगर इलाके में एक अवैध मस्जिद पर हुई बुलडोजर कार्रवाई को लेकर खूब भड़काया गया.
सूत्रों का कहना है कि इस मुद्दे का इस्तेमाल कर उन लोगों में नाराजगी पैदा की जा रही थी. इसके जरिए उन्हें आतंकी साजिश में जोड़ा जा रहा था. दूसरी तरफ, पाकिस्तान की सुरक्षा एजेंसी ISI पर उन्हें ट्रेनिंग और हथियार देने का आरोप है. टेरर अटैक को अंजाम देने की जिम्मेदारी कथित तौर पर शूटर मुन्ना झिंगाड़ा को दी गई थी.
NDTV की मानें तो ये पूरा मामला तब सामने आया जब हाल ही में दिल्ली पुलिस ने एक आतंकी साजिश का पर्दाफाश किया था. जांच के दौरान सुरक्षा एजेंसियों को ऐसे इनपुट मिले, जिनसे मुंबई अंडरवर्ल्ड और पाकिस्तान की ISI के बीच कनेक्शन की बात सामने आई. एजेंसियों का मानना है कि D-कंपनी इन दिनों अपने अस्तित्व की लड़ाई लड़ रही है. कभी अंडरवर्ल्ड की दुनिया में उसका बड़ा दबदबा हुआ करता था. लेकिन अब उसका असर पहले जैसा नहीं रहा. बची-खुची कसर 'धुरंधर' ने पूरी कर दी. ऐसे में एजेंसियों को शक है कि उसकी बढ़ी हुई हलचल खुद को फिर से ताकतवर साबित करने की कोशिश हो सकती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, दाऊद गैंग ISI की मदद से भारत में किसी बड़े हमले को अंजाम देने की साजिश कर रहा था. इतना ही नहीं, वो एक हाई-प्रोफाइल शख्स को निशाना बनाने की जुगत में था. माना जा रहा है कि ऐसा करके वह अपने नाम का पुराना खौफ वापस लाना चाहता है. हालांकि, जांच एजेंसियों का दावा है कि उन्होंने अपने इनपुट्स के कारण इस साजिश को हकीकत बनने से पहले ही रोक दिया.
वीडियो: Dhurandhar 2 ने पाकिस्तान में मचाया बवाल, नेटफ्लिक्स पर सर्वर हुआ क्रैश


















