बॉलीवुड एक्ट्रेस रवीना टंडन (Raveena Tandon) के भाई राजीव टंडन के घर से 25 लाख के गहने चोरी हुए. शिकायत के मुताबिक, ये गहने रवीना की मां वीणा टंडन के हैं. दो महंगी घड़ी भी चोरी हुई हैं. मुंबई की जुहू पुलिस ने अब इसपर कार्रवाई करते हुए 21 मई को एक 47 साल की महिला को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि महिला के रवीना टंडन की मां से अच्छे संबंध थे. इसी भरोसे का फायदा उठाते हुए उसने चोरी को अंजाम दिया.
रवीना टंडन की मां का ध्यान रखती थी, चुराए 25 लाख के गहने, अब झूठे ड्रग्स केस में फंसाने की दी धमकी
Raveena Tandon के भाई के घर पर लाखों के गहने चोरी हुए. उनके भाई Rajiv Tandon ने आरोप लगाया कि राशि छाबरिया नाम की महिला ने तिजोरी तोड़ी और सोने और हीरे के जेवर लेकर फरार हो गई.


इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, आरोपी महिला का नाम राशि छाबरिया है, जो मुंबई के खार में रहती है. चोरी पिछले साल अगस्त 2025 में हुई थी. चोरी की शिकायत खुद राजीव टंडन ने लिखवाई है. FIR के मुताबिक, उन्होंने बताया कि अगस्त में उनके जुहू वाले घर पर रेनोवेशन का काम चल रहा था. इसी दौरान घर के बहुत से कीमती घरेलू सामान उनकी बहन के घर भेज दिए गए थे. कुछ गहने उसी घर की दूसरी मंज़िल पर स्थित एक कमरे की तिजोरी में रखे थे.
राजीव ने क्या आरोप लगाया?शिकायत के मुताबिक, तिजोरी में रवीना की मां (वीणा टंडन) के सोने और डायमंड के गहने रखे थे. 2 अक्टूबर, 2025 को दशहरा था. इस दिन जब राजीव का परिवार तिजोरी से गहने निकालने गया तो वो टूटी हुई मिली. तिजोरी में से कई सोने और हीरे के गहने और दो महंगी घड़ियां गायब थीं. तब राजीव टंडन ने राशि छाबरिया पर आरोप लगाया.
उन्होंने बताया कि 2020 में राशि उनके परिवार से मिली थी. तब से उनकी मां के साथ उसके अच्छे संबंध थे. वो घर पर आती और 86 साल की वीणा टंडन का ख्याल रखा करती. रिपोर्ट के मुताबिक, केवल परिवारवालों और राशि को ही दूसरी मंज़िल पर जाने की इजाज़त थी. राजीव टंडन का आरोप है कि जब उन्होंने उससे पूछा तो शुरू में उसने इनकार किया. फिर बाद में उसने अपनी गलती मान ली.
ये भी पढ़ें: नवाज क्यों बोले, “बॉलीवुड इंडस्ट्री चोर है, कभी यहां से चोरी करते हैं, कभी वहां से”
पुलिस ने क्या बताया?पुलिस के मुताबिक, राशि ने कथित तौर पर ये माना कि उसने लॉक तोड़ा और गहने और घड़ियां चुराकर वहां से फरार हो गई. राशि ने कथित तौर पर चोरी की हुई दो घड़ियां लौटा दी हैं और गहने की बात पर बताया कि वो आगे लौटा देगी. उसने कथित तर पर कहा कि गहने किसी और को दे दिए हैं. लेकिन कई बार मांगने पर भी उसने वो गहने नहीं लौटाए.
एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि राजीव का आरोप है कि राशि छाबरिया के एक सहयोगी ने उन्हें धमकी भी दी. उनसे कहा कि अगर गहने लौटाने के लिए दबाव बनाया तो राजीव को झूठे नारकोटिक्स केस में फंसा दिया जाएगा. बताया गया कि ये शख्स पुलिस का खबरी हो सकता है.
चोरी हुए गहनों में सोने की चूड़ियां, ब्रेसलेट, गले का हार, लॉकेट, अंगूठी और कान की बालियां हैं. इसके अलावा हीरे से जड़ा मंगलसूत्र भी शामिल है. राजीव का कहना है कि ये गहने उनकी मां के लिए इसलिए ख़ास हैं क्योंकि उनके पति ने उन्हें दिए थे. जब परिवार को यकीन हो गया कि गहने वापस नहीं मिलने वाले हैं तब उन्होंने 19 मई को शिकायत दर्ज कराई. जिसके बाद राशि को गिरफ्तार कर लिया गया. राशि की कोर्ट में पेशी हो चुकी है. पुलिस गहने ढूंढने में जुटी हुई है.
वीडियो: अजय देवगन के भांजे आमान देवगन और रवीना टंडन की बेटी राशा ठंडानी की पहली फिल्म कैसी है?



















