Ranveer Singh और Kartik Aaryan आज के समय में हिंदी सिनेमा के सबसे पॉपुलर स्टार्स हैं. एक तरफ़ रणवीर ने Dhurandhar जैसी ब्लॉकबस्टर फ्रैंचाइज़ दी. दूसरी तरफ़, कार्तिक को Chandu Champion के लिए नेशनल अवॉर्ड मिला. ऐसे में इस गर्म लोहे पर T-Series के मालिक Bhushan Kumar ने हथौड़ा मार दिया है. खबर है कि वो इन दोनों एक्टर्स को एक हिस्टॉरिकल एपिक फिल्म में साथ लाने की तैयारी में है. फिल्म का बजट लगभग 700 करोड़ रुपए बताया जा रहा है.
700 करोड़ी हिस्टॉरिकल एपिक में काम करेंगे रणवीर सिंह और कार्तिक आर्यन?
गोंडवाना के बैकड्रॉप पर बनने वाली इस फिल्म में रणवीर और कार्तिक दो भाइयों के किरदार में दिखेंगे, जो दुश्मन बन जाते हैं.

इंटरनेट पर चल रही खबरों के मुताबिक, भूषण कुमार ने रणवीर को एक बिग बजट फिल्म के लिए अप्रोच किया है. ये इतिहास से प्रेरित टू-हीरो फिक्शनल मूवी होगी. इसका बैकड्रॉप गोंडवाना या गोंड आदिवासी समुदाय पर बेस्ड होगा. ये देश की सबसे बड़ी ट्राइब में से एक है. जो मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़ और महाराष्ट्र जैसे इलाकों में रहती है.
रिपोर्ट के मुताबिक, मूवी में इस ट्राइब के दो ऐसे भाइयों की कहानी दिखाई जाएगी, जो बचपन से एक-दूसरे के बेहद करीब थे. मगर फिर कुछ ऐसा हुआ, जिसकी वजह से वो दुश्मन बन गए. दोनों कैरेक्टर्स की अलग-अलग खूबियां और खामियां हैं. साथ ही दोनों के पास अलग-अलग तरह की दैवीय शक्तियां भी हैं, जिसे सुपरपावर कहा जा सकता है. फिल्म में छोटे भाई के रोल के लिए कार्तिक आर्यन को अप्रोच किया गया है. वहीं बड़े भाई के किरदार में भूषण कुमार की पहली पसंद रणवीर सिंह हैं. दावा किया जा रहा है कि वो इस फिल्म को 700 करोड़ के भारी-भरकम बजट पर बनाने वाले हैं. हालांकि मेकर्स या एक्टर्स की तरफ़ से फिलहाल इस प्रोजेक्ट को लेकर कोई भी कमेंट नहीं किया गया है.
वैसे, रणवीर और कार्तिक अगर इस मूवी के लिए तैयार भी हो जाते हैं, तब भी इसे बनने में अच्छा-खासा समय लग जाएगा. वो इसलिए क्योंकि रणवीर अभी अपनी ज़ॉम्बी-अपॉकलिप्स मूवी 'प्रलय' की शूटिंग शुरू करेंगे. चूंकि वो इसके प्रोड्यूसर हैं, इसलिए फिल्म के पोस्ट प्रोडक्शन में भी मौजूद रहेंगे. इसमें ठीक-ठाक समय जाने वाला है.
दूसरी तरफ़, कार्तिक के पास अभी सांस लेने की फुर्सत भी नहीं है. अनुराग बसु के डायरेक्शन में बनी 'तू मेरी ज़िंदगी है' अब तक रिलीज़ नहीं हुई. वहीं इस वक्त वो कबीर खान के साथ किक-बॉक्सर ताजामुल इस्लाम की बायोपिक शूट कर रहे. आगे उनके लाइन-अप में 'नागज़िला' और 'कैप्टन इंडिया' जैसी फिल्में भी हैं. यही नहीं, वो 'शेरशाह' के डायरेक्टर विष्णुवर्धन की अनटाइटल्ड ज़ॉम्बी फिल्म में भी नज़र आ सकते हैं. अब देखना ये है कि वो इन सबसे फारिग होकर भूषण कुमार की मैग्नम ओपस पर जुटते हैं या किसी फिल्म को रोककर इस फिल्म पर काम शुरू करते हैं. जैसा भी होगा हम आपको अपडेट करते रहेंगे.
वीडियो: रणवीर सिंह का ‘डॉन 3’ फिल्म का विवाद सुलझा, लेकिन कैसे?












