The Lallantop

'मिर्ज़ापुर- द मूवी' का भौकाली ट्रेलर आया, जो थिएटर्स में कोहराम मचा देगा!

'मिर्ज़ापुर- द मूवी' में मुन्ना भैया की वापसी हो गई है. मगर रवि किशन फिल्म का सबसे बड़ा सरप्राइज़!

Advertisement
post-main-image
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' में मुन्ना भैया यानी दिव्येंदु शर्मा का भी कमबैक हो गया है.

करीब 8 साल पहले Mirzapur सीरीज़ की गोलियों और गालियों ने OTT को दहला दिया था. तबसे अब तक इसके तीन सीजन रिलीज़ हो चुके हैं. अब चौथे की तैयारी भी शुरू हो चुकी है. लेकिन इन सबके बीच प्रोड्यूसर Farhan Akhtar ने एक बोल्ड स्टेप लिया है. वो इस सीरीज़ को फिल्म में ढालकर बड़े पर्दे पर ला रहे हैं. आज ही Mirzapur: The Movie का ट्रेलर रिलीज़ हुआ है. इसमें क्या कुछ खास है, उस पर बात  करेंगे. साथ ही ये भी बताएंगे कि फिल्म ओरिजिनल शो से कितनी अलग और कितनी फ्रेश है.

Advertisement

'मिर्ज़ापुर' अपने-आप में एक देसी 'गेम ऑफ थ्रोन्स' है. यहां सारी लड़ाई मिर्ज़ापुर की गद्दी के लिए है. चूंकी “ये गद्दी न विरासत से मिलती है, न सियासत से. मिलती है तो केवल और केवल बाहुबल से”. 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' ऐसे ही कई बाहुबलियों के टकराव की कहानी है. यहां कालीन भैया, रतिशंकर शुक्ला और गुड्डू पंडित जैसे स्थापित सरगना तो हैं ही, साथ ही इस फिल्म में कुछ नए किरदारों को भी इंट्रोड्यूस किया गया है. अब देखना ये है कि ये सीरीज़ वाले पुराने किरदार ही हैं या फिल्म के लिए कुछ नए किरदार गढ़े गए हैं.   

‘मिर्ज़ापुर’ सीरीज़ की कहानी जहां मिर्ज़ापुर शहर में घूम रही थी, इस फिल्म में मेकर्स राजस्थान पहुंच गए हैं. मगर लोकेशन के अलावा कमोबेश सभी चीज़ें सीरीज़ वाली ही हैं. किरदार पुराने. कहानी पुरानी. और यहां तक कि डायलॉग्स भी पुराने. मगर ये इम्पॉर्टेंट नहीं है. इम्पॉर्टेंट ये है कि इसे मेकर्स सेंसर बोर्ड के चंगुल से कैसे निकालेंगे. सीरीज़ तो ओटीटी पर आने की वजह से बिना जस की तस रिलीज़ हो गई. मगर थिएटर में फिल्में रिलीज़ करने के लिए काट-छांट के लिए कुख्यात सेंसर बोर्ड के दर से गुज़रना पड़ता है. वहां इसकी राह कतई आसान नहीं होने वाली. क्योंकि फिल्म में गालियों के साथ हिंसक और सेंक्शुअल सीन्स की भरमार है.  

Advertisement

ख़ैर, दूसरी चीज़ ये कि ‘मिर्ज़ापुर’ फिल्म के ट्रेलर में मेकर्स ने सीरीज़ के सारे हिट डायलॉग्स भर दिए हैं. इनमें से कुछ को आप जल्द ही मीम टेम्प्लेट बनते हुए भी देखेंगे. एक सीन में कोई शख्स कालीन भैया यानी पंकज त्रिपाठी से मिन्नतें करते हुए कहता है- "मत मारिए कालीन भैया." इस पर वो कुर्सी पर बैठे-बैठे जवाब देते हैं- "बाहुबली मारते नहीं, मारने का ऑर्डर देते हैं." जो कि ‘गेम ऑफ थ्रोन्स’ के पॉपुलर डायलॉग का एंटीडोट है. GoT में नेड स्टार्क के पात्र का एक उसूल है-  The man who passes the sentence should swing the sword. 

‘मिर्ज़ापुर’ के डायलॉग्स फटाक से पॉप-कल्चर का हिस्सा बन जाते हैं. क्योंकि ये एक किस्म की सनक और एस्पिरेशन के भाव के साथ बोले और रिपीट किए जाते हैं. जो कि सुनने में बेहद आकर्षक लगता है. मगर हमारे यहां की जतना रील और रियल में फर्क नहीं कर पाती. जो इन संवादों को खतरनाक बनाता है. एक अन्य सीन में रवि किशन का किरदार यानी यादव जी गाड़ी में किसी शख्स को अगवा करके उसे चाकू मारता है. मगर जब उसका ज्यादा खून नहीं निकलता तो कहता है- “अरे ये क्या, तेरा हीमोग्लोबिन कम है का रे? कितना कम खून निकल रहा है.” यहां खून की कीमत एक पंचलाइन जितनी है. मगर इस शो की USP ही ये है. इसी वजह से इसे देखा जाता है.

मेकर्स ने इस फिल्म में कैरेक्टर बिल्डिंग में ज़्यादा वक्त नहीं लिया. क्योंकि ऑलमोस्ट सभी एक्टर और किरदार पुराने हैं. मगर बबलू पंडित के रोल में विक्रांत मैसी की जगह जीतेंद्र कुमार को कास्ट किया गया है. इसलिए ट्रेलर में आप उन्हें पूरी तरह एक्सेप्ट नहीं कर पाते. इसलिए उन पर अतिरिक्त दबाव होगा. रवि किशन और मोहित मलिक भी एडिशनल कास्ट हैं. रवि को देखकर तो नहीं लग रहा कि ये उनके लिए कुछ खास चैलेंजिंग रहा होगा. ट्रेलर में भी वो नमक की तरह आंटे में घुल गए हैं. मोहित मलिक के किरदार के बारे में ज़्यादा कुछ रिवील नहीं किया गया है.  

Advertisement

'मिर्ज़ापुर: द मूवी' ट्रेलर की एडिटिंग बढ़िया हुई है. तीन मिनट के ट्रेलर को गोलियों की आवाज़ पर काटा गया है. डायलॉग्स के बीच कहां म्यूजिक कम करना है, कहां रोकना है और कहां बढ़ाना है- सब पर बारीकी से ध्यान दिया गया है. इसका श्रेय ट्रेलर एडिट करने वाले मनन अश्विन मेहता को जाता है. हालांकि उनकी ये मेहनत फिल्म का कितना बज़ बना पाती है, ये तो समय ही बताएगा.

कुल मिलाकर, एक ऐसी सीरीज़ जो पहले से ही इतनी पॉपुलर रही हो, उसे फिल्म की तरह रिस्की फैसला है. ऊंट किस करवट बैठेगा, ये फिल्म की रिलीज़ के बाद ही मालूम पड़ेगा. ‘मिर्ज़ापुर- द मूवी’ 04 सितंबर को थिएटर्स में उतर रही है. इस फिल्म को गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है.  

वीडियो: श्वेता त्रिपाठी ने बताया, Mirzapur मूवी की कहानी क्या होगी? मुन्ना भैया को लेकर क्या अपडेट दिया?

Advertisement