Shah Rukh Khan की फिल्म Pathaan ने उनका कमबैक करवाया. बड़े परदे पर हिंदी फिल्मों की वापसी हुई. हाल ही में Rani Mukerji ने बताया कि उस फिल्म ने Yash Raj Films (YRF) के लिए भी पूरा सीन बदल कर रख दिया था. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक ‘पठान’ ने इंडिया में 543.05 करोड़ रुपए छापे. वहीं दुनियाभर में फिल्म ने 1000 करोड़ से ज़्यादा का कलेक्शन किया था. फिल्म से जुड़े सभी लोगों की चांदी हुई. रानी ने बताया कि कोरोना पैंडेमिक के बाद YRF की कई बड़ी फिल्में सिनेमाघरों में उतरीं. लेकिन ये सभी फ्लॉप हुईं. आदित्य चोपड़ा को भरोसा था कि ये फिल्में सिनेमाघरों के लिए ही बनी हैं, इसी वजह से उन्हें ओटीटी पर रिलीज़ नहीं किया गया था.
'YRF की हालत खराब थी, फिर 'पठान' ने सब कुछ बदल कर धर दिया' - रानी मुखर्जी
Rani Mukerji ने बताया कि कोविड के दौरान Aditya Chopra ने कई सारी फिल्में ओटीटी पर रिलीज़ नहीं की. जब उन्हें सिनेमाघरों में रिलीज़ किया तो सभी फ्लॉप हो गईं. उसके बाद Pathaan ने गेम बदला.

रानी FICCI Frames 2024 में शरीक हुई थीं. वहां उन्होंने इस बारे में कहा,
आदी (आदित्य चोपड़ा) के पास कुछ बड़ी फिल्में थीं लेकिन पैंडेमिक की वजह से उन्हें रिलीज़ नहीं किया जा सका. फिल्मों को अपनी लागत वसूलनी थी और दूसरी तरफ फिल्ममेकर्स पर उन्हें ओटीटी पर रिलीज़ करने का भी प्रेशर था. मैंने अपने पति को बिल्कुल शांत देखा. उन्होंने कहा कि ये फिल्में थिएटर के लिए बनी हैं और मैं उन्हें वहीं रिलीज़ करूंगा. उन्हें ओटीटी रिलीज़ के लिए बहुत पैसा ऑफर हुआ लेकिन हिम्मत दिखाते हुए उन्होंने इंतज़ार करना सही समझा. जब ये फिल्में रिलीज़ हुईं, तो सभी फ्लॉप हो गईं. ऑडियंस जिस तरह से कंटेंट देखती थी, वो पैंडेमिक के बाद पूरी तरह बदल चुका था. उनकी (आदित्य) सभी फिल्में फ्लॉप हुईं. सभी डिप्रेशन में थे क्योंकि ये बड़ा आर्थिक झटका था.
आदी के भरोसे को देखते हुए हमें लग रहा था कि अब कोई चमत्कार ही होने वाला है. और उन्हें अपने भरोसे का इनाम मिलेगा. लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ. ‘पठान’ के आने तक हमारे लिए लिए कुछ भी काम नहीं कर रहा था. उस फिल्म ने यशराज फिल्म्स के लिए सब कुछ बदल कर रख दिया. भगवान जब देता है तब छप्पर फाड़ के देता है. वो बस आपकी हिम्मत की परीक्षा लेते हैं. आदी के पास वो हिम्मत थी और उसके लिए मैं उन्हें सलाम करती हूं.
बता दें कि कोरोना पैंडेमिक के बाद रिलीज़ होने वाली सबसे पहली YRF फिल्म ‘बंटी और बबली 2’ थी. सैफ अली खान, रानी मुखर्जी, सिद्धांत चतुर्वेदी और शरवरी वाघ को लेकर बनाई फिल्म सिनेमाघरों में नहीं चली. उसके बाद रणवीर सिंह की ‘जयेशभाई जोरदार’ रिलीज़ हुई. ये फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सिर्फ 15.59 करोड़ रुपए ही कमा सकी. अगला नंबर अक्षय कुमार की ‘सम्राट पृथ्वीराज’ का था. ये भी बॉक्स ऑफिस पर कुछ खास कमाई नहीं कर सकी. इसके एक महीने बाद रणबीर कपूर की ‘शमशेरा’ रिलीज़ हुई. फिल्म बुरी तरह पिटी. रणबीर ने आगे इंटरव्यूज़ में इसे कमज़ोर फिल्म बताया.
इन सभी के बाद 25 जनवरी 2023 को ‘पठान’ रिलीज़ हुई. शाहरुख, दीपिका पादुकोण और जॉन अब्राहम की ये फिल्म साल 2023 की पहली सबसे बड़ी हिंदी फिल्म बनी.
वीडियो: शाहरुख खान की पठान 2 के पोस्टर की सच्चाई क्या है?











