Ranbir Kapoor ने पिछले Red Sea International Film Festival में पाकिस्तानी फिल्म में काम करने की इच्छा जताई थी. ये कहकर कि कला और कलाकार कोई सीमा नहीं देखते. अब उन्होंने अपने इस बयान पर सफाई पेश की है. रणबीर ने कहा है कि अपना देश उनके लिए आर्ट से ज़्यादा बड़ा है.
रणबीर कपूर ने पाकिस्तानी फिल्म करने वाले बयान पर सफाई देते हुए कहा-'मेरे लिए देश, आर्ट से बड़ा है'
रणबीर ने पिछले साल पाकिस्तानी फिल्म में काम करने की इच्छा जताई थी. अब कह रहे कि उनके बयान को गलत समझ लिया गया.


रणबीर कपूर इन दिनों अपनी फिल्म Tu Jhoothi Main Makkaar के प्रमोशन में लगे हुए हैं. एक प्रमोशनल इवेंट के दौरान उनसे इस बयान पर सवाल पूछा गया. कि क्या वाकई वो पाकिस्तानी फिल्म में काम करना चाहते हैं. इस पर रणबीर डिफेंसिव हो गए. इंडियन एक्सप्रेस के अनुसार इस सवाल पर रणबीर ने कहा-
''मुझे लगता है कि ये बयान को थोड़ा गलत समझ लिया गया था. मैं एक फिल्म फेस्टिवल में गया हुआ था. वहां बहुत सारे पाकिस्तानी फिल्ममेकर्स थे, जो मुझसे यही सवाल पूछ रहे थे. 'अगर आपको अच्छा सब्जेक्ट मिलेगा, तो आप फिल्म करेंगे?' मैं किसी भी तरीके से उस बयान को विवादित नहीं बनने देना चाहता था. मुझे लगता नहीं है कि इतनी भी बड़ी कॉन्ट्रोवर्सी हुई. मगर मेरे लिए फिल्में, फिल्म हैं. आर्ट, आर्ट है. मैंने फवाद के साथ 'ऐ दिल है मुश्किल' में काम किया हुआ है.''
धीरे-धीरे होते हुए वो देश और आर्ट के मसले पर पहुंचे. रणबीर अपनी बातचीत में आगे जोड़ते हैं-
''मैं कई पाकिस्तानी कलाकारों को जानता हूं. राहत और आतिफ असलम कमाल के सिंगर्स हैं, जो हिंदी सिनेमा में काम किया करते थे. इसलिए सिनेमा, सिनेमा है. मुझे नहीं लगता कि सिनेमा कोई सरहद देखता है. आपको आर्ट का सम्मान करना चाहिए. मगर आर्ट आपके देश से बड़ा नहीं है. अगर आपके देश के साथ किसी के संबंध ठीक नहीं हैं, तो आपकी पहली प्राथमिकता हमेशा आपका देश होगा.''
दिसंबर 2022 में सउदी अरब के जेद्दाह में रेड सी इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल चल रहा था. यहां रणबीर पहुंचे हुए थे. उन्होंने इस फेस्टिवल के GQ मीट एंड ग्रीट सेग्मेंट में हिस्सा लिया. यहां उनसे एक पाकिस्तानी फिल्ममेकर ने सवाल पूछा कि अगर उन्हें कोई विषय मिलेगा, तो वो पाकिस्तानी फिल्म में काम करेंगे. रणबीर ने कहा-
''बिल्कुल करना चाहूंगा सर. मुझे लगता है कि जब बात आर्ट की हो, तो आर्टिस्ट के लिए कोई सीमा नहीं होती. बिल्कुल, मुझे (पाकिस्तानी फिल्म में) काम करके खुशी होगी.''
इसके अलावा उन्होंने 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' की सफलता के लिए पाकिस्तानी फिल्म इंडस्ट्री को बधाई भी दी थी. जिसके ऊपर इंडिया में कुछ लोगों ने नाराज़गी ज़ाहिर की थी.
'तू झूठी मैं मक्कार' 8 मार्च को सिनेमाघरों में रिलीज़ होने जा रही है. फिल्म में रणबीर के साथ श्रद्धा कपूर, कॉमेडियन अनुभव सिंह बस्सी, डिंपल कपाड़िया और बोनी कपूर जैसे एक्टर्स भी काम कर रहे हैं. इस फिल्म को लव रंजन ने डायरेक्ट किया है. इसके अलावा रणबीर, 'कबीर सिंह' फेम संदीप रेड्डी वांगा की फिल्म 'एनिमल' में भी काम कर रहे हैं. जो 15 अगस्त के आसपास रिलीज़ होने की संभावना है.
वीडियो: रणबीर कपूर ने 'एनिमल' के बारे में कहा कि ये उनके करियर की सबसे शॉकिंग फिल्म है






















