Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana साल 2026 का सबसे बड़ा प्रोजेक्ट है. महीनों पहले इसके इंट्रोडक्शन टीज़र ने खूब सुर्खियां बटोरी थीं. इसलिए लोगों में इसके टीज़र को लेकर भी काफ़ी एक्साइटमेंट है. संभावना जताई जा रही है कि मेकर्स मूवी का पहला टीज़र 22 मार्च यानी राम नवमी के इर्द-गिर्द रिलीज़ कर सकते हैं. मगर इस बीच उस टीज़र से जुड़ी कई डिटेल्स सामने आ गई हैं. उसमें क्या कुछ है, बताते हैं.
रणबीर कपूर की 'रामायण' के टीज़र में कौन-कौन से सीन्स होंगे, पता चल गया
नितेश तिवारी ने फिल्म के तीन टीज़र कटवाए हैं. फ़िलहाल उनकी पॉलीशिंग का काम चल रहा है.
.webp?width=360)

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल है, जिसमें 'रामायण' के फर्स्ट टीज़र की डिटेल्स दी गई हैं. पोस्ट के मुताबिक, नितेश तिवारी ने फिल्म के कुल तीन टीज़र कटवाए हैं. फ़िलहाल उनकी एडिटिंग और पॉलीशिंग पर काम चल रहा है. पोस्ट में एक टीज़र से जुड़ी जानकारी लीक होने का दावा किया जा रहा है. संभव है कि यही फिल्म का पहला टीज़र भी हो.
रिपोर्ट के मुताबिक, टीज़र में पहला शॉट पानी का होगा. ये सरयू नदी या दशरथ महल के किसी तालाब का सीन हो सकता है. इसके बाद स्क्रीन पर बहुत से मोर दिखाई देंगे. इनके ज़रिए मेकर्स अयोध्या की खूबसूरती दिखाएंगे. वीडियो में आगे अयोध्या का एक वाइड शॉट दिखाया जाएगा. वैसे तो मेकर्स ने इस नगर का एक भरा-पूरा सेट तैयार किया था. पर संभावना है कि इस शॉट में ड्रोन से ज्यादा वीएफ़एक्स का इस्तेमाल किया गया हो. रिपोर्ट में सोने से बनी किसी चमकती चीज़ का भी ज़िक्र किया गया है. मगर वो क्या है, इसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है.
टीज़र में आगे राम-लक्ष्मण से जुड़े बचपन के सीन्स दिखाए जाएंगे. इस दौरान भरत और शत्रुघ्न भी साथ नज़र आ सकते हैं. आगे राजा दशरथ को दिखाया जाएगा. दशरथ का रोल अरुण गोविल निभा रहे हैं. वो रामानंद सागर वाली 'रामायण' में राम बने थे. शूटिंग के शुरुआती दिनों में सेट से उनकी कुछ तस्वीरें भी लीक हुई थीं. हो सकता है कि उनमें से ही कोई एक इस टीज़र का हिस्सा हो. दशरथ वाले शॉट के बाद बांसुरी की धुन पर एक भजन सुनाई देगा. ये भजन ऑस्कर विजेता हान्स ज़िमर और एआर रहमान जैसे नामी कम्पोजर्स ने तैयार किया है.
भजन के साथ ही राम के किरदार में रणबीर कपूर की पहली झलक दिखाई जाएगी. वो नदी में अपने हाथों को धोते हुए नज़र आएंगे. अगले सीन में साई पल्लवी, सीता के किरदार में स्क्रीन पर आएंगी. हालांकि इस दौरान केवल उनकी चहलकदमी और आंखों को दिखाया जाएगा. रिपोर्ट के मुताबिक, आगे लक्ष्मण के रोल में रवि दुबे नज़र आएंगे. उन्हें धनुष-बाण के साथ ट्रेनिंग लेते हुए दिखाया जाएगा. फिर आएगा यश का शॉट. रावण के किरदार में वो लंका के सिंहासन पर बैठे शंख बजाते नज़र आएंगे. टीज़र का समापन सीता हरण के उस सीक्वेंस से होगा, जहां रावण उन्हें ज़बरदस्ती खींचकर कुटिया से बाहर ले जा रहा है.
पहले टीज़र में हनुमान यानी सनी देओल का कोई शॉट हो, इसके आसार कम ही हैं. वैसे भी फर्स्ट पार्ट में उनका स्क्रीनटाइम तुलनात्मक रूप से कम ही है. हालांकि ये सारी खबरें फ़िलहाल इंटरनेट पर चल रही हैं. असली टीज़र में बिल्कुल ऐसा ही हो, ये ज़रूरी नहीं है. मेकर्स ने भी अपनी तरफ़ से इस बारे में कुछ नहीं बताया है. बता दें कि 'रामायण: पार्ट 1' को 2026 की दीपावली यानी 5-6 नवंबर के आसपास रिलीज़ किया जाएगा. खुद रणबीर ने भी अपने हालिया इंस्टाग्राम लाइव में इस बात को कन्फर्म कर दिया है.
वीडियो: रणबीर कपूर और यश की 'रामायण': 4000 करोड़ बजट में बिना समझौता, इंडियन सिनेमा को नई ऊंचाई देने की तैयारी
















.webp?width=120)



