Ramayana Trailer में Yash Ravan को किस तरह दिखान वाले हैं? Ajay Devgn की Dhamaal 4 के बाद Dhamaal 5 भी आएगी? Avengers Doomsday में Dr. Doom का Throne कैसा होगा? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
'रामायण' ट्रेलर: ऐसा खूंखार रावण...कि देखकर रूह कांप जाए!
धर्म-अधर्म की थीम पर बनाया गया है 3 मिनट 30 मिनट का ये ट्रेलर. भगवान राम की सौम्यता और रावण की आक्रामकता बराबरी से दिखाई जाएगी.


# 'रामायण' के ट्रेलर में दिखेगा यश का खूंखार अवतार!
'रामायण' के पिछले टीज़र में यश की झलक तो दिखी, मगर चेहरा नहीं दिखाया गया. इसमें पुष्पक विमान की तरफ़ जाते हुए रावण का बैकशॉट ही रखा गया था. फैन्स उनके लुक के इंतज़ार में हैं. और 18 जुलाई को ये इंतज़ार ख़त्म होने वाला है. X पर अलग-अलग सिनेमा कॉन्टेंट हैंडल्स से लिखा गया है कि 'रामायण' का ट्रेलर 3 मिनट 30 सेकेंड का है. और इसे धर्म-अधर्म की थीम पर बनाया गया है. ट्रेलर कुछ इस तरह काटा गया है कि इसमें भगवान राम के सौम्य चरित्र के साथ रावण का आक्रामक अवतार भी बराबरी से दिखाया जाएगा. सिनेमा की बातें नाम के X पेज के मुताबिक 'रामायण' का ये वीडियो एसेट रावण के कैरेक्टर को फोकस में रखते हुए तैयार किया गया है. इसमें रावण के व्यक्तित्व के अलग-अलग पहलू, उसकी मानसिकता और उसे भीषण युद्ध लड़ते हुए दिखाया जाएगा. मई में सिनेमा शो में हमने बताया था कि परम शिवभक्त रावण को फिल्म में तांडव करते भी दिखाया जाएगा. कहा जा रहा है कि ट्रेलर में भी रावण के तांडव का कुछ हिस्सा शामिल किया गया है. 'पद्मावत' के लिए कोरियोग्राफी कर चुकीं मशहूर क्लासिकल डांसर शम्पा गोपीकृष्ण ने यश के लिए तांडव की कथक बेस्ड कोरियोग्राफ़ी की है. हम स्पष्ट कर दें कि ये सोशल मीडिया पर चल रही चर्चाएं हैं. मेकर्स ने इस बारे में कोई स्टेटमेंट नहीं दिया है.
# 'एवेंजर्स: डूम्सडे' से डॉ. डूम के थ्रोन का लुक रिवील
चीन के शंघाई एक्स्पो में एक एग्ज़ीबिशन बूथ 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का भी है. यहां रॉबर्ट डाउनी जूनियर के कैरेक्टर डॉ. डूम का थ्रोन यानी सिंहासन डिस्प्ले किया गया है. इसकी तस्वीरें 'एवेंजर्स: डूम्सडे' के ऑफिशियल हैंडल से भी शेयर की गई हैं. ये ऑफ व्हाइट कलर का थ्रोन है. और ये पहली बार है जब पब्लिक को इसकी झलक देखने को मिली है. ये फिल्म 18 दिसंबर को रिलीज़ होगी.
# 'रामायण' का ट्रेलर तैयार, 18 जुलाई को होगा लॉन्च!
'रामायण' के नए वीडियो एसेट का इंतज़ार कर रह फैन्स के लिए अच्छी ख़बर है. रिपोर्ट्स हैं कि 'रामायण' का ट्रेलर बनकर तैयार है. वेराइटी इंडिया के मुताबिक, 18 जुलाई को नई दिल्ली के भारत मंडपम में ट्रेलर लॉन्च इवेंट होगा. फिल्म अक्टूबर एंड में दिवाली के आसपास आनी है. मगर ट्रेलर साढ़े तीन महीने पहले ही लाया जा रहा है. जबकि आजकल अमूमन फिल्मों के ट्रेलर रिलीज़ से हफ्ते-दो हफ्ते पहले लाए जाते हैं. मगर 'रामायण' वालों ने अपनी फिल्म के लिए ग्लोबल स्टाइल का प्रमोशनल कैम्पेन प्लान किया है. रिपोर्ट के मुताबिक 18 जुलाई को लॉन्च इवेंट में रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, रकुलप्रीत और कुणाल कपूर का आना तय है. यश और सनी देओल, इस इवेंट में शामिल होंगे या नहीं, ये अभी स्पष्ट नहीं है.
# रोहित-प्राजक्ता के 'मिसमैच्ड सीज़न 4' की शूटिंग शुरू
नेटफ्लिक्स शो 'मिसमैच्ड' का चौथा सीज़न भी आएगा. मेकर्स ने सोशल मीडिया पर अपडेट दिया है कि रोहित सराफ़ और प्राजक्ता कोली ने इसकी शूटिंग शुरू कर दी है. ये इस शो का आखिरी सीज़न है. डिम्पल और ऋषि की लव स्टोरी को इस सीज़न में क्लोज़र मिल जाएगा. ये संध्या मेनन के नॉवल 'वेन डिम्पल मेट ऋषि' पर बेस्ड शो है. 'जयेशभाई जोरदार' वाले दिव्यांग ठक्कर इसके डायरेक्टर हैं.
# राघव जुयाल की 'भाई तेरा स्टार है' का ट्रेलर आया
राघव जुयाल स्टारर फिल्म 'भाई तेरा स्टार है' का ट्रेलर आया है. फिल्म में राघव, अजय सिंह नाम के एस्पायरिंग एक्टर के किरदार में हैं. अजय दिन रात स्टार बनने के सपने देखता है. और रियल लाइफ में भी एक्टिंग करने लगता है. उसका यही डिल्यूज़न कई तरह के मज़ेदार कन्फ्यूज़ंस पैदा करता है. निहारिका NM फिल्म की फीमेल लीड हैं. संजय कपूर, निकी वालिया, विवान भटेना और बरखा सिंह ने भी इसमें ज़रूरी किरदार निभाए हैं. विवेक बी. अग्रवाल के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 30 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.
# 'धमाल 4' में छिपा है 'धमाल 5' का हिंट
अजय देवगन स्टारर 'धमाल 4' कल 10 जुलाई को रिलीज़ होगी. ख़बर है कि फ्रैंचाइज़ की चौथी फिल्म के बाद पांचवां पार्ट भी बनेगा. बॉलीवुड हंगामा के मुताबिक 'धमाल 4' के क्लाइमैक्स में एक सीन है, जिसमें हिंट दिया गया है कि कहानी अभी ख़त्म नहीं हुई है. इसके बाद 'धमाल 5' भी आएगी. 'धमाल 4' में संजय मिश्रा, अरशद वारसी, जावेद जाफ़री, रितेश देशमुख, संजीदा शेख, रवि किशन, उपेंद्र लिमये, ईशा गुप्ता और अंजलि आनंद भी ज़रूरी किरदारों में हैं. इसे इंद्र कुमार ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: 'रामायण' के टीज़र के कमज़ोर VFX के पीछे थी बड़ी प्लानिंग?










