Ranbir Kapoor स्टारर Ramayana में कई दमदार फाइटिंग सीक्वेंस होंगे. इनमें राम-रावण, लक्ष्मण-मेघनाद और रावण-जटायु वाले सीन्स शामिल हैं. खास बात ये है कि फिल्म की ओपनिंग भी एक दमदार वॉर सीक्वेंस से होगी. रिपोर्ट है कि इसे Yash के रावण और कुबेर के बीच फिल्माया जाएगा. सिनेमा में रावण और कुबेर की लड़ाई काफी कम एक्सप्लोर की गई है. इसलिए लोग अभी से इस सीन को हाइप करने लगे हैं.
रावण के सबसे अनदेखे मगर क्रूर युद्ध से शुरू होगी 'रामायण' की कहानी
इस सीन में रावण के लंका और पुष्पक विमान पर कब्जा करने की बैकस्टोरी दिखाई जाएगी.


मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कहानी का ये हिस्सा रावण के किरदार का बेस तैयार करेगा. इसके जरिए मेकर्स दिखाएंगे कि वो ताकत के लिए किस हद तक जा सकता था. 'रामायण' की मानें तो कुबेर और रावण सौतेले भाई थे. दोनों के पिता ऋषि विश्रवा थे. कुबेर उनकी पहली पत्नी इड़विड़ा से जन्मे थे. वहीं रावण, कुंभकर्ण और विभीषण उनकी दूसरी पत्नी कैकसी से. कुबेर को हिन्दू पुराणों में धन का स्वामी माना जाता है. कहते हैं कि रावण से पहले लंका उन्हीं की थी. उनके राज में ही वो सोने की लंका बन पाई थी. इतना ही नहीं, 'रामायण' में जिस पुष्पक विमान का ज़िक्र आता है, उसके ओरिजिनल मालिक भी कुबेर ही थे.
मगर फिर ऐसा क्या हुआ कि दोनों भाई आपस में भिड़ गए? दरअसल, रावण शुरू से ही दुनिया भर की शक्ति हासिल करना चाहता था. इस वजह से उसने धरती से लेकर स्वर्ग तक लड़ाई छेड़ दी. उसने देवताओं को भी खूब परेशान किया. कहते हैं कि जब कुबेर को इस बारे में पता चला तो उन्होंने रावण को समझाने के लिए अपना एक दूत भेजा. मगर रावण ने उनकी बात समझने की जगह उस दूत की जान ले ली. यहां से मामला बिगड़ा और दोनों भाई दुश्मन बन गए.
कुबेर यक्षों के राजा माने जाते हैं. कहते हैं कि उनकी राजधानी अलकापुरी, कैलाश पर्वत के पास अलकनंदा नदी के तट पर थी. इसलिए नफरत की आग में जल रहे रावण ने सीधे वहीं हमला कर दिया. राक्षसों और यक्षों में भयंकर युद्ध हुआ. लंबी लड़ाई के बाद रावण ने कुबेर को घायल कर दिया. ऐसा कर उसने सबसे पहले पुष्पक विमान पर कब्जा किया. बताया तो ये भी जाता है कि उसने मन की गति से चलने वाले इस पुष्पक विमान के कारण ही ये जंग छेड़ी थी. उसने अपनी मां से ये वादा भी किया था कि वो इस पर कब्जा करने के बाद ही लंका पर राज करेगा. हुआ भी कुछ ऐसा ही. कैलाश की इस लड़ाई के बाद रावण उसी पुष्पक विमान में बैठकर लंका आया था.
खैर, ये तो हुई बैकस्टोरी. रिपोर्ट्स में बताया जा रहा है कि इस पूरी घटना के साथ ही 'रामायण' शुरू होगी. इसके जरिए मेकर्स दिखाएंगे कि रावण आखिर इतना शक्तिशाली बना कैसे. यदि आपने रणबीर कपूर वाला फर्स्ट लुक टीज़र देखा हो, तो उसका अंतिम शॉट याद करिए. उसमें यश बतौर रावण पुष्पक विमान की तरफ वॉक करते हैं. साथ ही उनके आसपास की दीवारें टूटी हुई नज़र आती हैं. कहा जा रहा है कि ये कुबेर से उसकी लड़ाई के बाद का सीन है, जिसे अब फिल्म में काफी बड़े स्केल पर प्रेजेंट किया जाएगा. हालांकि मेकर्स ने अपनी तरफ से फिलहाल इस खबर की पुष्टि नहीं की है.
वीडियो: 'रामायण' की तुलना 'दी ऑडिसी' और 'ड्यून 3' से होने पर प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने क्या कहा?



















