चीन में Ramayana के मेकर्स के सामने रिलीज से पहले ही क्या मुश्किल खड़ी हो गई है? Ram Gopal Varma की फिल्म Police Company कितने पार्ट्स में बनने वाली है? Awarapan 2 के हिट होते ही Emraan Hashmi की एक और कौन सी फिल्म अनाउंस हो गई है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
अगर चीन में रिलीज़ करनी है, तो 'रामायण' का 33 मिनट लंबा फुटेज काटना होगा?
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' चीन में 6 नवंबर 2026 को रिलीज के लिए शेड्यूल है.

# 15 अक्टूबर को रिलीज होगा 'द डिप्लोमैट 4' का सीजन
पॉलिटिकल थ्रिलर सीरीज 'द डिप्लोमैट' का चौथा सीजन 15 अक्टूबर को रिलीज होगा. रविवार को नेटफ्लिक्स ने इसका टीजर भी जारी कर दिया. सीरीज की कहानी केट वायलर नाम की एक अमेरिकी डिप्लोमैट की है, जिसे अमेरिका की प्रतिनिधि बनाकर UK भेजा जाता है. चौथे सीजन में ग्रेस पैन नाम की नई राष्ट्रपति की एंट्री हुई है, जो रूस का न्यूक्लियर हथियार हासिल करने की फिराक में हैं. और इस पूरे खेल के बीच हमारी नायिका केट वायलर बुरी तरह फंस जाती है.
# क्रिस प्रैट की 'द टर्मिनल लिस्ट 2' का पहला लुक जारी
क्रिस प्रैट स्टारर 'द टर्मिनल लिस्ट' सीजन-2 का पहला लुक सामने आ गया है. सीरीज का पहला सीजन करीब पांच साल पहले रिलीज हुआ था. अब इसका दूसरा सीजन 21 अक्टूबर 2026 को प्राइम वीडियो पर प्रीमियर होगा. सीजन-2 में कुल आठ एपिसोड होंगे. इसकी कहानी राइटर जैक कार के इसी नाम के नॉवेल पर बेस्ड है. कहानी के हीरो जेम्स रीस एक बार फिर एक्शन में लौटेंगे. इस बार वो इराक के पूर्व कमांडो से लड़कर अपने देश के हितों की रक्षा करते दिखेंगे.
# चीन में 'रामायण' पर चलेगी सेंसर बोर्ड की कैंची?
रणबीर कपूर स्टारर 'रामायण' चीन में 'रामायण: द लीजेंड ऑफ द प्रिंस' के नाम से रिलीज होने वाली है. लेकिन अब फिल्म को लेकर एक बड़ी खबर सामने आई है. रिपोर्ट्स की मानें तो चीन में रिलीज से पहले फिल्म का करीब 33 मिनट का फुटेज काटा जा सकता है. अगर ऐसा होता है, तो फिल्म की लंबाई घटकर 166 मिनट यानी 2 घंटे 46 मिनट रह जाएगी. मिड डे की रिपोर्ट के मुताबिक, चीन में धार्मिक कॉन्टेंट को लेकर काफी सख्त नियम हैं. वहां धार्मिक नीतियों, धार्मिक विश्वासों और अंधविश्वास से जुड़े कॉन्टेंट की बारीकी से जांच की जाती है. साथ ही, ऐसी फिल्मों को रिलीज से पहले चीनी सेंसरशिप अथॉरिटीज की मंजूरी भी लेनी पड़ती है. हालांकि मेकर्स ने इसे लेकर ऑफिशियली अब तक कुछ नहीं कहा है.
# 'आवारापन 2' के हिट होते ही 'जन्नत 3' अनाउंस
इमरान हाशमी की 'आवारापन 2' के हिट होते ही 'जन्नत 3' पर काम शुरू हो गया है. प्रोड्यूसर विशेष भट्ट ने खुद इसकी पुष्टि की है. Zoom TV से बातचीत में उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी पर काम चल रहा है. 'जन्नत' 2008 में रिलीज हुई थी, जिसे कुणाल देशमुख ने डायरेक्ट किया था. वहीं इसका सीक्वल 'जन्नत 2', 2012 में आई थी. दोनों ही फिल्में बॉक्स ऑफिस पर हिट रही थीं.
# दो पार्ट्स में बनेगी रामू-हर्षवर्धन की 'पुलिस कंपनी'
राम गोपाल वरमा ने अपनी अगली फिल्म 'पुलिस कंपनी' की शूटिंग शुरू कर दी है. फिल्म को दो पार्ट्स में बनाया जाएगा. इसकी कहानी मुंबई पुलिस के चर्चित एनकाउंटर स्पेशलिस्ट दया नायक की जिंदगी पर आधारित होगी. फिल्म में हर्षवर्धन राणे लीड रोल में नजर आएंगे. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, टी-सीरीज के बैनर तले बन रही इस फिल्म में फरदीन खान, परेश रावल और मकरंद देशपांडे भी अहम किरदारों में दिखेंगे.
# 'मुसाफिर कैफे' के डायरेक्टर के साथ सीरीज बनाएंगे करण जौहर
नेटफ्लिक्स की सीरीज 'मुसाफिर कैफे' के डायरेक्टर रुचिर अरुण अब करण जौहर के साथ काम करने जा रहे हैं. बॉलीवुड हंगामा की रिपोर्ट के मुताबिक, करण जौहर के धर्मैटिक एंटरटेनमेंट ने रुचिर के साथ एक नई सीरीज के लिए हाथ मिलाया है. सीरीज का नाम होगा 'नजदीकियां'. सीरीज में परेश पाहुजा, आकांक्षा सिंह और निकिता दत्ता अहम किरदारों में नजर आएंगी.
वीडियो: 'रामायण' के डायरेक्टर नितेश तिवारी ने चीन में 'दंगल' जैसा ही खेल कर दिया?











