The Lallantop

Varisu vs Thunivu- रिलीज़ से पहले कमाई के मामले में सुपरस्टार अजीत से काफी आगे थलपति विजय

थलपति विजय और सुपरस्टार अजीत का आपसी इक्वेशन तो नहीं पता, मगर उनके फैंस ने अलग ही बवाल काट रखा है.

Advertisement
post-main-image
'वारिसु' और 'थुनिवु' के सीन्स में विजय और अजीत.

Thalapathy Vijay और Supertar Ajith Kumar के बीच कड़ी टक्कर होने जा रही है. इन दोनों की फिल्में Varisu और Thunivu एक ही दिन रिलीज़ हो रही हैं. रिलीज़ डेट दोनों में से किसी फिल्म की क्लियर नहीं बताई गई है. मगर बुक माय शो के मुताबिक दोनों फिल्में 11 जनवरी को सिनेमाघरों में लग रही हैं. विजय और अजीत का आपसी इक्वेशन तो नहीं पता, मगर उनके फैंस ने अलग ही बवाल काट रखा है. सोशल मीडिया पर भयानक फैन वॉर चल रही है. दोनों सुपरस्टार्स के फैन्स अपने फेवरेट स्टार की फिल्म को बड़ा बताकर प्रमोट करने में लगे हैं. हालांकि प्री-रिलीज़ आंकड़ों में थलपति विजय की 'वारिसु' बड़े मार्जिन से आगे चल रही है. अब ये देखना होगा कि बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के मामले में कौन बाज़ी मारता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

प्री-रिलीज़ बिज़नेस का मतलब होता है फिल्म के थिएट्रिकल राइट्स, म्यूज़िक राइट्स, सैटेलाइट और डिजिटल राइट्स से होने वाली कमाई.

# थिएट्रिकल राइट्स- फिल्म पर पैसा लगाने वाला प्रोड्यूसर अपनी फिल्म डिस्ट्रिब्यूटर्स को बेच देता है. फिल्मों को अलग-अलग इलाके में अलग-अलग डिस्ट्रिब्यूटर रिलीज़ करते हैं. यानी डिस्ट्रिब्यूटर लोग प्रोड्यूसर से फिल्म के थिएट्रिकल राइट्स खरीदते हैं.

Advertisement

# म्यूज़िक राइट्स- हर फिल्ममेकर अपनी फिल्म का म्यूज़िक किसी कंपनी को बेचता है, जो उसे अपने प्लैटफॉर्म पर रिलीज़ करती है. जैसे 'वारिसु' के म्यूज़िक राइट्स टी-सीरीज़ ने खरीदे हैं. जबकि 'थुनिवु' के म्यूज़िक राइट्स ज़ी स्टूडियोज़ के पास हैं.

# सैटेलाइट राइट्स- किसी फिल्म को रिलीज़ के बाद कौन सा टीवी चैनल दिखाएगा, उसे सैटेलाइट राइट्स कहते हैं. 'वारिसु' के सैटेलाइट राइट्स प्रोडक्शन कंपनी सन टीवी ने अपने पास रखे हैं. जबकि 'थुनिवु' के सैटेलाइट राइट्स कलैंगर टीवी (Kalaingar TV) ने खरीदे हैं.

# डिजिटल राइट्स- इसे स्ट्रीमिंग या ओटीटी राइट्स भी कहते हैं. यानी फिल्म की रिलीज़ के बाद इसे किस डिजिटल प्लैटफॉर्म पर रिलीज़ किया जाएगा. 'वारिसु' के डिजिटल राइट्स एमेज़ॉन प्राइम वीडियो ने खरीदे हैं. जबकि 'थुनिवु' रिलीज़ के बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी.

Advertisement

अमूमन ये सभी राइट्स अलग-अलग कंपनियां खरीदती हैं. सबके लिए अलग-अलग पेमेंट होती है. कई बार प्रोडक्शन कंपनियां इनमें से कुछ राइट्स खुद अपने पास रख लेती हैं. नफा-नुकसान देखते हुए इसका फैसला लिया जाता है.

अब पैसे की बात. थलपति विजय स्टारर 'वारिसु' का प्री-रिलीज़ कलेक्शन है 142 करोड़ रुपए. जबकि सुपरस्टार अजीत की 'थुनिवु' का प्री-रिलीज़ बिज़नेस रहा है 86.25 करोड़ रुपए. सनद रहे ये सिर्फ थिएट्रिकल राइट्स से आई कमाई का लेखा-जोखा है. इसमें सैटेलाइट, डिजिटल या म्यूज़िक राइट्स से आई कमाई शामिल नहीं है.

ट्रैकटॉलीवुड डॉट कॉम नाम की वेबसाइट के मुताबिक 'वारिसु' के तमिल नाडु के रिलीज़ राइट्स 72 करोड़ रुपए में बिके हैं. आंध्र प्रदेश और तेलंगाना के डिस्ट्रिब्यूटरों ने इसके लिए 18 करोड़ रुपए चुकाए हैं. बाकी देशभर के डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स से फिल्म ने 17 करोड़ रुपए बनाए हैं. और फिल्म को विदेशों में यानी इंडिया से बाहर रिलीज़ करने के लिए राइट्स 35 करोड़ में बिके हैं. टोटल हो गया- 142 करोड़ रुपए.

इसी वेबसाइट की एक रिपोर्ट के मुताबिक 'थुनिवु' की तमिलनाडु के डिस्ट्रिब्यूशन राइट्स की कीमत रही 60 करोड़ रुपए. तेलुगु भाषी क्षेत्रों के रिलीज़ राइट्स से फिल्म ने 3.2 करोड़ रुपए कमाए हैं. इंडिया के अन्य हिस्सों के राइट्स बिके हैं 8.05 करोड़ रुपए में. जबकि फिल्म के ओवरसीज़ यानी इंडिया से बाहर रिलीज़ करने वाली कंपनी ने 15 करोड़ रुपए चुकाए हैं. कुल जमा- 86.50 करोड़ रुपए.

इसमें एक पेच ये है कि थलपति विजय की 'वारिसु' बाइलिंगुअल फिल्म है. यानी इसे दो भाषाओं में बनाया गया है. तमिल और तेलुगु. तेलुगु भाषा में इस फिल्म को 'वारासुडु' (Varasudu) नाम से रिलीज़ किया जाना है. जबकि 'थुनिवु' प्राइमैरिली तमिल में ही रिलीज़ हो रही है. इसे अन्य भाषाओं में डब करके रिलीज़ किया जा सकता है. इसलिए दोनों फिल्म के प्री-रिलीज़ कलेक्शन में बड़ा फर्क देखने को मिल रहा है.

'वारिसु' और 'थुनिवु' दोनों ही फिल्में 11 जनवरी को दुनियाभर में रिलीज़ होने वाली हैं. 

 

वीडियो: थलपति विजय की 'वारिसु' ट्रेलर में वो सारे गुण हैं, जो एक जबरदस्त मसाला एंटरटेनर में होने चाहिए

Advertisement