क्या Prabhas Aditya Dhar की हिस्स्टॉरिकल फिल्म साइन कर चुके हैं? Diljit Dosanjh की Satluj जो पहले Punjab 95 थी, Zee5 से अचानक क्यों हटा दी गई? Allu Arjun ने टीम Raaka को क्या अल्टिमेटम दिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:
प्रभास के साथ अखंड भारत वाली फिल्म बनाएंगे आदित्य धर!
प्रभास के करीबी एक प्रोड्यूसर के मुताबिक ये लार्जर दैन लाइफ़ एक्शन फिल्म है. और प्रभास मौखिक सहमति भी दे चुके हैं.


# प्रभास-आदित्य धर की फिल्म कन्फर्म, अक्टूबर में होगा धमाका!
'धुरंधर' के बाद आदित्य धर क्या करने वाले हैं, इस पर सबकी निगाहें हैं. वो कौन सा एक्टर चुनेंगे. किस विषय पर फिल्म बनाएंगे, ये बड़ा सवाल है. फैन्स चाह रहे थे कि आदित्य धर को अगली फिल्म प्रभास को लेकर बनाएं. जून के शुरुआती हफ्तों में ये चर्चा हुई भी थी. और अब नई बात सामने आ रही है. फिल्म सर्कल्स में चर्चाएं हैं कि आदित्य धर और प्रभास हाल ही में हैदराबाद में प्रभास के घर पर मिले. और ये मीटिंग इसी फिल्म के लिए थी. डेक्कन क्रॉनिकल की रिपोर्ट के मुताबिक प्रभास ने आदित्य की फिल्म का नरेशन सुन लिया है. और वो इस फिल्म को करने की मौखिक सहमति भी दे चुके हैं. प्रभास के करीबी एक प्रोड्यूसर से चर्चा के आधार पर इस रिपोर्ट में लिखा गया कि ये लार्जर दैन लाइफ़ एक्शन फिल्म है. और प्रभास की पैन इंडिया स्टार इमेज इसके लिए बिल्कुल फिट है. मेकर्स अभी ये डील सीक्रेट रखना चाहते हैं. वो 23 अक्टूबर को प्रभास के जन्मदिन पर ये बम फोड़ेंगे. ये पैन इंडिया फिल्म होगी. मुमकिन है कि ये वही इंडियन हिस्ट्री बेस्ड फिल्म है, जिसके बारे में पिछले साल पीपिंग मून ने रिपोर्ट किया था. प्रभास इसमें प्राचीन भारत के एक राजा का किरदार निभा सकते हैं. इसमें तीन राजाओं के होने की बात कही जा रही है. और तीनों चेहरे अलग-अलग फिल्म इंडस्ट्री से होंगे. कुछ भी ऑफिशियल होते ही हम आपको अपडेट देंगे.
# 4 नवंबर को आएगी मोहम्मद अली पर बनी सीरीज़
बॉक्सिंग लेजेंड मोहम्मद अली की बायोपिक सीरीज़ 'दी ग्रेटेस्ट' बनी है. बीते वीकेंड 4 जुलाई को मेकर्स ने ट्रेलर के साथ शो की रिलीज़ डेट भी अनाउंस की. मोहम्मद अली का किरदार एक्टर जालन बेस्ट ने किया है. ये सीरीज 4 नवंबर को एमेज़ॉन प्राइम वीडियो पर प्रीमियर होगी.
# दिलजीत की 'सतलुज' 48 घंटों में ही OTT से हट गई
दिलजीत दोसांझ स्टारर 'सतलुज' जिसका नाम पहले 'पंजाब 95' था, वो 3 जुलाई को बिना किसी प्रमोशन के Zee5 पर प्रीमियर हुई. जो फिल्म तीन साल थिएट्रिकल रिलीज़ को तरसती रही, उसे OTT से भी 48 घंटों में ही हटा लिया गया. NDTV के मुताबिक फिल्म के कुछ हिस्सों को लेकर ये चिंता थी, कि भारत विरोधी ताकतें इनका दुरुपयोग कर सकती हैं. इसीलिए ये फिल्म OTT से हटवा दी गई. दिलजीत दोसांझ और डायरेक्टर हनी त्रेहान सहित कई हस्तियों और जनता ने भी इस पर निराशा व्यक्त की है. ये फिल्म पंजाब के ह्यूमन राइट्स एक्टिविस्ट जसवंत सिंह खालड़ा पर बनी है.
# अल्लू अर्जुन ने टीम 'राका' को दिया शूट निपटाने का फ़रमान!
अल्लू अर्जुन स्टारर 'राका' की शूटिंग डेढ़ साल से चल रही है. और शूट अब भी पूरा नहीं हो सका है. मनी कंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक अल्लू अर्जुन ने टीम 'राका' को अल्टीमेटम दिया है. और किसी भी तरह दिसंबर तक शूट पूरा करने को कहा है. इसके बाद अल्लू अर्जुन लोकेश कनगराज की फिल्म AA23 का काम शुरू करेंगे. चर्चाएं थीं कि अल्लू अर्जुन अगस्त में 'राका' का कोई न कोई वीडियो एसेट रिलीज़ किया जाएगा. मगर इस रिपोर्ट के मुताबिक इस साल कोई एसेट नहीं आएगा. हालांकि प्रोडक्शन पूरा होने के बाद रिलीज़ डेट ज़रूर अनाउंस हो सकती है.
# आर माधवन की GDN का ट्रेलर रिलीज़
आर माधवन स्टारर फिल्म GDN का ट्रेलर आया है. ये भारत के एडिसन कहे जाने वाले विज़नरी इन्वेंटर जीडी नायडू की बायोपिक है. ट्रेलर के मुताबिक अंग्रेज़ी हुकूमत के दौरान जीडी नायडू ने कई ज़रूरी चीज़ों का आविष्कार किया. उन्होंने भारत में पॉलिटेक्निक इंजीनियरिंग कॉलेज की शुरुआत की. और इससे उनकी खूब कमाई हुई. मगर आसपास के लोग उनकी तरक्की से जलने लगे. इसमें सत्यराज, प्रियामणि, जयराम और दुशारा विजयन ने भी काम किया है. कृष्णकुमार रामकुमार के डायरेक्शन में बनी ये फिल्म 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी.
# नागार्जुन की फिल्म 'किंग 100' की विलन हैं तबू
तेलुगु एक्टर नागार्जुन अक्कीनेनी की अगली फिल्म फैमिली एक्शन ड्रामा है. फिलहाल इसका टाइटल 'किंग 100' है. वैरायटी इंडिया के मुताबिक इस फिल्म में विलन का रोल तबू ने किया है. रा कार्तिक के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म की शूटिंग पूरी हो चुकी है. जल्द ही इसकी रिलीज़ डेट अनाउंस की जाएगी.
वीडियो: 'धुरंधर' के बाद प्रभास संग फिल्म बनाएंगे आदित्य धर?
















