Rajinikanth स्टारर Jailer 2 की रिलीज़ डेट अनाउंस हो गई है. 2 जुलाई की शाम Sun Pictures ने एक प्रोमो वीडियो के साथ इसकी रिलीज़ डेट की घोषणा की. ये फिल्म 15 अक्टूबर को सिनेमाघरों में लगेगी. 20 अक्टूबर को दशहरा है. और Nelson Dilipkumar की ये फिल्म नवरात्रि में आएगी. ज़ाहिर सी बात है कि मेकर्स ने फेस्टिव सीज़न और इस दौरान होने वाली फैमिली गैदरिंग्स व लॉन्ग वीकेंड को देखते हुए ये दिन चुना है. मगर दो बड़ी फिल्में इसकी राह का रोड़ा बन सकती हैं. और वो हैं Prabhas की Fauzi. और Dhanush व Mammootty की OM. हालांकि पीरियड वॉर ड्रामा ‘फ़ौजी’ की रिलीज़ डेट अभी अनाउंस नहीं हुई है. मगर रिपोर्ट्स के मुताबिक डायरेक्टर Hanu Raghavapudi भी अपनी फिल्म दशहरे पर रिलीज़ करने के बारे में विचार कर रहे हैं. मगर धनुष और ममूटी की ‘ओम’ के मेकर्स 16 अक्टूबर के रिलीज़ का अनांउसमेंट कर चुके हैं. चर्चा है की टीम ‘ओम’ अपनी फिल्म की रिलीज़ डेट बदल सकती है. मगर फिलहाल किसी की बदलाव के बारे में कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. ओम, Amaran वाले Rajkumar Periasamy के डायरेक्शन में बनी है.
रजनीकांत की 'जेलर 2' बार-बार टली, फिर भी मेकर्स ने ऐसा दिन चुना जहां क्लैश ही क्लैश है!
'जेलर 2', 'फौजी' और 'ओम' में होगी ज़ोरदार भिड़ंत. रजनीकांत, प्रभास और धनुष-ममूटी में से कौन जीतेगा दशहरा?


जनवरी में न्यूज़ पोर्टल तेलुगु फिल्म नगर ने रिपोर्ट किया था, कि टीम ‘फौजी’ अपनी फिल्म दशहरे पर लाना चाहती है. वहीं, 3 दिसंबर को भी इसके रिलीज़ के लिए कंसिडर किया जा रहा है. यदि ‘फौजी’ भी दशहरे के आसपास आती है, तो दोनों ही फिल्मों के दर्शक बंटेंगे. साउथ स्टेट्स में रजनीकांत के स्टारपावर का सिक्का चलता है. और ‘जेलर 2’ के साथ तगड़ी रीकॉल वैल्यू भी जुड़ी है. साल 2023 में आया इसका प्रीक्वल पब्लिक ने काफ़ी पसंद किया था. इसलिए वो ऑडियंस तो ये फिल्म देखने पहुंचेगी ही. मगर प्रभास भी क्राउड पुलर हैं. और उनका फैन बेस भी तगड़ा है. दूसरी तरफ़, मलयालम एक्टर ममूटी की भी अपनी अलग ऑडियंस है. ऐसे में यदि ये क्लैश होता है, तो किसका पलड़ा भारी रहेगा, ये अभी नहीं कहा जा सकता. मगर ये तो स्पष्ट है कि यदि ये तीनतरफ़ा टक्कर हुई, तो मुक़ाबला तगड़ा होगा.
अब ‘जेलर 2’ की बात करें, तो इसकी रिलीज़ डेट बार-बार बदली गई. 28 सितंबर 2025 को रजनीकांत ‘जेलर 2’ के एक शेड्यूल के बाद चेन्नई एयरपोर्ट पर स्पॉट हुए. वहां मौजूद मीडिया को उन्होंने बताया कि ‘जेलर 2’ 12 जून 2026 को रिलीज़ होगी. मगर कुछ दिन बाद मेकर्स ने ये डेट कैंसल कर दी. फिर इसके अगस्त में इंडिपेंडेंस डे के आसपास आने की ख़बरें आईं. लेकिन ये प्लान भी फेल हो गया. और इसकी वजह शाहरुख खान हो सकते हैं. दरअसल शाहरुख ‘जेलर 2’ में कैमियो करने वाले थे. सारी बातचीत हो चुकी थी. यहां तक कि लोकेशन भी तय हो गई थी. उनका एक्सटेंडेड कैमियो चंडीगढ़ की एक कार क्रशिंग फैक्ट्री में शूट होना था. मगर शूट से ऐन पहले शाहरुख ने कदम पीछे ले लिए. और वजह है उनकी अपकमिंग फिल्म ‘किंग’. चक्कर डेट्स का नहीं, बल्कि लुक का था. ‘किंग’ में शाहरुख पहली बार सॉल्ट एंड पैपर हेयरस्टाइल में नज़र आने वाले हैं.‘किंग’ से पहले वो इस लुक में कहीं भी नज़र नहीं आना चाहते. अब ‘किंग’ 24 दिसंबर को आएगी, और 'जेलर 2' और उससे पहले रिलीज़ होगी. और शाहरुख नहीं चाहते कि उनका लुक ‘किंग’ से पहले ही रिवील हो जाए.
अब बात करते हैं ‘जेलर 2’ के प्रोमो वीडियो की. इसमें फिल्म के छोटे-छोटे क्लिप्स हैं. कहीं विजय सेतुपति की आंखें नज़र आ रही हैं. तो कहीं कार से बाहर आते शिवा राजकुमार दिख रहे हैं. जतिन सरना, राम्या कृष्णन सहित दर्जनभर एक्टर्स कीदिखे. और चौड़ी सी एक सड़क की दूसरी तरफ़ खड़े नज़र आते हैं रजनीकांत. उनकी धुंधली सी झलक दिखाई गई है. लुक रिवील नहीं किया गया है. अनिरुद्ध रविचंदर का म्यूज़िक स्टोरीलाइन को और दिलचस्प बना रहा है. ‘जेलर 2’ में और भी कुछ नामी चेहरे दिखाई देंगे. जतिन सरना और मिथुन चक्रवर्ती नेगेटिव रोल में हैं. विद्या बालन रजनीकांत की बेटी के किरदार में हैं. मोहनलाल, जैकी श्रॉफ़, मिरना, विनायकन और योगी बाबू ने भी कैमियो किया है. खबर है कि ऋतिक रोशन ने भी हाल ही में इसके लिए कैमियो शूट किया है. ये वही पुलिस ऑफिसर वाला रोल है जो शाहरुख की ना के बाद पवन कल्याण को ऑफर हुआ. और फिर उनके इनकार के बाद ऋतिक को अप्रोच करने की ख़बरें आईं. ऋतिक के बारे में अभी कोई अनाउंसमेंट नहीं किया गया है. मुमकिन है कि मेकर्स उनके कैमियो को फिल्म का सरप्राइज़ एलिमेंट बनाना चाहते हैं.
वीडियो: रजनीकांत की जेलर 2 की डेट आई, सोशल मीडिया पर गजब का हल्ला मच गया

















