Bomman और Bellie नाम के दो महावतों पर The Elephant Whisperers नाम की डॉक्यूमेंट्री बनी. बेस्ट डॉक्यूमेंट्री का Oscar जीता. इस डॉक्यूमेंट्री को Kartiki Gonsalves ने बनाया था. मगर अब कार्तिकी बोमन और बेली का फोन नहीं उठा रहीं. क्योंकि वो लोग आर्थिक सहायता मांग रहे हैं. बोमन और बेली का कहना है कि उनके ऊपर बनी डॉक्यूमेंट्री से जो कमाई हुई, उससे उन्हें 2 करोड़ रुपए मिलने चाहिए. जब बात नहीं बनीं, तो उन्होंने कार्तिकी गोंजाल्वेज़ को लीगल नोटिस भेज दिया है.
ऑस्कर विनिंग डॉक्यूमेंट्री 'द एलीफैंट व्हिस्पर्स' के बोमन-बेली ने डायरेक्टर से मांगे 2 करोड़ रुपए
बोमन और बेली ने कार्तिकी गोंजाल्वेज़ को लीगल नोटिस भेजकर आर्थिक सहायता की मांग की है. मगर कार्तिकी ने फिल्म की कमाई से उन्हें कोई भी पैसा देने से इन्कार कर दिया.
.webp?width=360)

बताया गया कि 'द एलीफैंट व्हिस्परर्स' के लिए कार्तिकी को पीएम मोदी और तमिल नाडु के मुख्यमंत्री की ओर से आर्थिक सहायता मिली. लीगल नोटिस में बोमन और बेली का कहना है कि इस डॉक्यूमेंट्री से होने वाली कमाई से उन्हें पक्का मकान, एक मल्टी-पर्पस गाड़ी और उनके समय के लिए उन्हें पेमेंट का वादा किया गया था. हालांकि इसमें ये नहीं बताया गया कि उन्हें कितने पैसे देने का वादा किया गया था. बोमन और बेली को दशकों पुराने परिचित होने का दावा करने वाले सोशल एक्टिविस्ट और वकील प्रवीण राज ने भी इस मसले पर बात की है. प्रवीण का कहना है कि कार्तिकी के व्यवहार से बोमन और बेली बेहद निराश हैं. क्योंकि फिल्म के बनने के दौरान उन्हें पैसे के अलावा उनकी नातिन की शिक्षा में मदद का वादा किया गया था. मगर अब कार्तिकी उन्हें फिल्म से हुए भार-भरकम प्रॉफिट से कोई भी पैसा देने से इन्कार कर रही हैं.
बकौल प्रवीण, बोमन और बेली कब से कार्तिकी के पीछे भाग रहे हैं. उन्हें लग रहा है कि फिल्म ने अच्छा किया, तो सब लोगों को इसका फायदा पहुंचेगा. मगर अब कार्तिकी उनका फोन तक नहीं उठा रही हैं. रिपोर्ट्स के मुताबिक इस केस को मोहम्मद मंसूर नाम के वकील हैंडल कर रहे हैं. उन्हें बोमन और बेली द्वारा भेजे गए लीगल नोटिस का जवाब मिला है. कार्तिकी को भेजे गए नोटिस का जवाब 'द एलीफैंट व्हिस्परर्स' की प्रोडक्शन कंपनी सिख्या एंटरटेनमेंट की तरफ से आया है. इसमें बोमन और बेली को पैसे देने से साफ इन्कार किया गया है. क्योंकि उन लोगों का कहना है कि उन्हें पैसे दिए जा चुके हैं. इसमें ये भी कहा गया कि बोमन और बेली जो दावे कर रहे हैं, वो बेबुनियाद और झूठे हैं.
'द एलीफैंट विस्परर्स' की कहानी एक आदिवासी जोड़े के बारे में है. जो मधुमलाई टाइगर रिज़र्व में रहने वाले हाथी के एक अनाथ बच्चे को गोद ले लेते हैं. वो उसका नाम रखते हैं रघु और पाल-पोसकर बड़ा करते हैं. वो हाथी कैसे उन दोनों की ज़िंदगी बदल देता है, 'द एलीफैंट विस्परर्स' इसी बारे में बात करती है. इस फिल्म को डायरेक्ट किया है कार्तिकी गोन्ज़ाल्वेस है. इसकी स्क्रिप्ट पर कार्तिकी के साथ गरिमा पुरा पटियालवी ने मिलकर काम किया है. इस डॉक्यूमेंट्री को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम किया जा सकता है.
वीडियो: कहानी ऑस्कर जीतने वाली गुनीत मोंगा की






















