The Lallantop

Oscars 2025 के मंच से ट्रंप-पुतिन पर क्या जोक किया गया?

Oscars 2025 इज़रायली-फिलिस्तीनी फिल्ममेकर्स ने मिलकर फिल्म बनाई, जो ऑस्कर जीत गई. डायरेक्टर बोले- "उम्मीद करता हूं कि मेरी बेटी को उस माहौल में नहीं जीना पड़ेगा, जिसमें जीने को मैं मजबूर हूं."

Advertisement
post-main-image
इस बार ऑस्कर्स को कोनन-ओ ब्रायन ने होस्ट किया.

Oscars 2025 संपन्न हो चुका है. लॉस एंजेल्स के डॉल्बी थिएटर में हुए ऑस्कर अवॉर्ड समारोह में सबको पछाड़ते हुए डायरेक्टर Sean Baker की Anora ने Best Picture का पुरस्कार अपने नाम किया. स्टेज पर हुई परफॉरमेंसेज़ और होस्ट Conan O'brian के विट के साथ कलाकारों की इमोशनल स्पीच और भावुक टिप्पणियों ने भी सुर्खियां बटोरीं. ये टिप्पणियां मानीखेज़ हैं. क्योंकि ये सिनेमा से परे माइग्रेशन, युद्ध की त्रासदी और डिवाइडेड वर्ल्ड के बारे में हैं. कुछ गले रूंधे. कुछ आंखें छलक गईं. कुछ कलाकार थरथराती आवाज़ में गहरी बात कह गए. अमेरिकन प्रेसीडेंट Donald Trump पर भी कमेंट हुए. शो के होस्ट कोनन ने कहा - 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

“अनोरा अवॉर्ड जीत रही है. दो जीत चुकी है. मुझे लगता है, अमेरिकी देखकर खुश हैं कि चलो कोई तो है जो एक पावरफुल रशियन के खिलाफ खड़ा हो रहा है.” 

कोनन के यह कहते ही दर्शक जोरदार तालियों से सहमति जताते हैं. इशारा ट्रम्प की ओर होता है. हम आपको विस्तार से बता रहे हैं कि Oscar 2025 के मंच से दिए गए वो कौन से स्पीच हैं, जिनके बैकग्राउंड में ग्लोबल-पॉलिटिकल इश्यूज हैं.

Advertisement

'एमिलिया पेरेज' के लिए बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का अवॉर्ड जीतने वाली ज़ोई सेल्डानिया की स्पीच सबसे इमोशनल रही. अपनी ट्रॉफी को दोनों हाथों से थामे ज़ोई सेल्डानिया मां और दादी को धन्यवाद देते हुए रो पड़ीं. बोलीं- 

“मेरी दादी 1961 में इस देश (अमेरिका) आईं और मैं अपने अप्रवासी माता-पिता की गौरवशाली बेटी हूं. सपने, गरिमा और मेहनती हाथों के साथ यह अवॉर्ड थामने वाली मैं पहली डोमिनिकन मूल की अमेरिकन हूं. और मैं जानती हूं कि इस फेहरिस्त में मैं अंतिम नहीं रहूंगी.”

एक तरफ जब अमेरिकन प्रेसीडेंट डॉनल्ड ट्रम्प की ओर से इमिग्रेशन पर क्रैकडाउन विवादों में है, वहां ज़ोई ने आर्ट एंड कल्चर को बढाने में इमिग्रेंट़स की भूमिका अहम बताई.

Advertisement

इजराएली-फिलिस्तीनी कोलैबरेशन में बनी डॉक्यूमेंट्री 'नो अदर लैंड' अपनी कैटैगरी में बेस्ट चुनी गई. अवॉर्ड लेने फिल्म के चारों डायरेक्टर्स बेसल एड्रा, युवल अब्राहम, रेचल जॉर, और हमदान बल्लाल मंच पर आए. बेसल की बात हर पिता की संवेदनाओं को स्पंदित करने वाली है. उन्होंने कहा- 

"दो महीने पहले मैं पिता बना हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि मेरी बेटी को उस माहौल में नहीं जीना पड़ेगा, जिसमें जीने को मैं मजबूर हूं. माहौल जो निरंतर डरावना है. जहां बात-बात पर हिंसा हो जाती है. जहां पल भर में हमारे आशियाने उजाड़ दिए जाते हैं.  'नो अदर लैंड' हमारी कम्युनिटी पर दशकों से होते आ रहे इन्हीं जुल्मों का दस्तावेज है. और प्रमाण है कि इस सब के बीच भी हमारा वजूद बरकरार है.”

'नो अदर लैंड' के को-डायरेक्टर युवल अब्राहम ने कहा, 

“हम फिलिस्तीनी और इजरायलियों ने मिलकर यह फिल्म बनाई है. क्योंक‍ि एक साथ हमारी आवाज़ मज़बूत हो जाती है. गाज़ा और वहां के बाशिंदों पर हो रहे ज़ुल्म और नरसंहार अब बंद होने चाहिए. 7 अक्टूबर को क्रूरतापूर्वक बंधक बनाए गए इजरायली लोगों को रिहा किया जाना चाहिए."

अब्राहम ने मंच से अपील की कि इस जंग को खत्म करने का हमें कोई और रास्ता तलाशना चाहिए. कोई राजनीतिक हल खोजना चाहिए. कोई ऐसी राह निकालनी चाहिए, जिससे दोनों तरफ के लोगों के राष्ट्रीय अधिकार सुरक्षित रहें.

‘किल बिल वॉल्यूम 2’ में विलन का रोल करने वाली एक्टर डेरिल हैना बेस्ट एडिटिंग का अवॉर्ड प्रेज़ेंट करने आई थीं. स्टेज पर चढ़ते ही उन्होंने कहा, 'स्लावा यूक्रेन'... विक्ट्री का साइन बनाते हुए उन्होंने अपने कहे इन शब्दों से स्पष्ट किया कि ट्रम्प-ज़ेलेंस्की शोडाउन में वो यूक्रेन के साथ हैं. 'स्लावा यूक्रेन' दरअसल यूक्रेनियन फ्रेज़ है, जिसका अर्थ है ग्लोरी टू यूक्रेन. 

इरानियन फिल्ममेकर्स शीरीन सोहानी और होसेन मोलायेमी की ‘इन द शैडो ऑफ द सायप्रेस’ ने बेस्ट एनिमेटेड शॉर्ट फिल्म का अवॉर्ड जीता. अवॉर्ड लेते हुए दोनों ने बताया कि समारोह से ऐन पहले तक उन्हें वीजा नहीं मिला था. होसेन ने कहा, 

“हमने यह फिल्म मुश्किल हालात में बनाई है. यह फिल्म और हमारा देश जादुई है. हम मानते हैं कि इरादे मजबूत हों तो जादू होते रहते हैं. ये फिल्म और अवॉर्ड हम उन्हें डेडिकेट करेंगे जो युद्ध लड़ रहे हैं. खासकर हमारे साथी ईरानी लोग जो भुगत रहे हैं.”

इस साल ऑस्कर्स में सबसे ज़्यादा अवॉर्ड ‘अनोरा’ ने जीते. शॉन बेकर की इस फिल्म को 6 कैटेगरी में नॉमिनेशंस मिले थे. जिसमें से फिल्म ने बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर, बेस्ट एक्ट्रेस, बेस्ट एडिटिंग समेत 5 अवॉर्ड्स अपने नाम किए. 1954 के बाद ये पहला मौका है, जब किसी फिल्ममेकर ने एक ही साल में 4 ऑस्कर अवॉर्ड्स जीते हों. शॉन बेकर से पहले ये वॉल्ट डिज़्नी ने 1954 में किया था. वहीं ‘द ब्रूटलिस्ट’ के लिए एड्रियन ब्रोडी को बेस्ट एक्टर का ऑस्कर मिला. 

वीडियो: ट्रंप-ज़ेलेंस्की में हुई बहस से दुनिया पर क्या असर पड़ेगा, एक्सपर्ट ने सब बता दिया

Advertisement