“रहमान डकैत के बाद ल्यारी का बादशाह कौन बनेगा?” Dhurandhar 2 के ट्रेलर में सुनाई दिए इस सवाल का बेहद आसान-सा जवाब है- हम्ज़ा अली मज़ारी. मगर ये बादशाहत सिर्फ़ अखबारों की हेडलाइन में नहीं, बल्कि इस किरदार के रहन-सहन पर भी साफ़ दिखाई दे रही है. इतनी कि आलम की जूस शॉप में टेबल साफ़ करने वाला हम्ज़ा, अब रोलेक्स की महंगी घड़ियां पहनने लगा है. खबर है कि Ranveer Singh ने फिल्म में एक ऐसी घड़ी पहनी है, जिसकी कीमत 25 लाख रुपये है.
रणवीर सिंह की 'धुरंधर 2' वाली घड़ी की कीमत जानकर माथा भन्ना जाएगा!
यही नहीं, उनका चश्मा भी 38 हज़ार रुपये से कहीं ज्यादा का है.


'धुरंधर 2' के ट्रेलर में रणवीर के तीन बिल्कुल अलग-अलग गेटअप दिखाई देते हैं. पहले में वो जसकीरत सिंह रांगी के किरदार में हैं. ये उनकी असली पहचान है. इसमें वो काफ़ी दुबले-पतले नज़र आ रहे हैं. उन्होंने किसी सामान्य लड़के की तरह एक पूरी बाजू की टीशर्ट पहनी है. दूसरा लुक है जासूस हम्ज़ा अली मज़ारी का, जो ल्यारी में अपनी पैठ जमा रहा है. इस दौरान हमने उसे ज्यादातर पठानी कुर्ते और सलवार में देखा है. तीसरा लुक है उस हम्ज़ा के उस अवतार का, जो रहमान डकैत की मौत के बाद ल्यारी का बादशाह बन चुका है. अब उसकी पठानी कुर्ती के ऊपर महंगी जैकेट है. आंखों पर बैलनसिआगा का चश्मा, उंगलियों में महंगी अंगूठियां और हाथ में चढ़ी हुई रोलैक्स की वो घड़ी, जिसने इंटरनेट पर लोगों का ध्यान खींच लिया है.
रिपोर्ट के मुताबिक, रणवीर ने फिल्म में Rolex Cosmograph Daytona Two Tone Ref. 126503 घड़ी पहनी है. ये लग्ज़री घड़ियों की दुनिया की सबसे मशहूर मॉडल्स में से एक मानी जाती है. जैसा नाम से ज़ाहिर है, इसे स्विस कंपनी रोलैक्स ने बनाया है. ये घड़ी खास तौर पर कार रेसिंग के हिसाब से डिजाइन की गई है. इसका क्रोनोग्राफ़ फीचर स्टॉपवॉच जैसा फंक्शन होता है. इससे आप रेसिंग के अंतिम सेकेंड तक का सटीक मापन कर सकते हैं. घड़ी के किनारे बना टैकीमीटर बेज़ल, गाड़ी की स्पीड और दूरी के हिसाब से समय को कैलकुलेट करने में मदद करते हैं.
ये एक टू टोन घड़ी है. यानी इसके डिजाइन में ऑयस्टरस्टील और 18 कैरेट गोल्ड का कॉम्बिनेशन होता है. कुछ मॉडल्स की सूई हीरे की भी बनी हुई हैं. इससे ये घड़ी स्पोर्टी होने के साथ काफ़ी प्रीमियम भी दिखती है. चूंकि ये एक ऑटोमेटिक घड़ी है, इसलिए इसमें बैटरी की ज़रूरत नहीं होती है. ये हाथ के मूवमेंट से ही चलती है. रोलैक्स की घड़ियों को अपनी प्रीमियम क्वालिटी के अलावा मजबूती के लिए भी जाना जाता है. डेटोना सीरीज़ की भी यही खासियत है. इस वजह से इसकी रीसेल वैल्यू काफ़ी अच्छी रहती है. रणवीर वाली घड़ी की मार्केट वैल्यू फिलहाल 25 लाख रुपये है. मगर समय के साथ इसकी कीमत बढ़ भी सकती है. बता दें कि फिल्म में रणवीर ने जो चश्मा पहना है, उस पर भी खूब पैसे खर्च हुए हैं. बैलनसिआगा BB0298SA मॉडल का ये चश्मा बाज़ार में आज साढ़े 38 हज़ार रुपये से अधिक की कीमत पर बिक रहा है.
वीडियो: 'धुरंधर 2' ने पेड़ प्रिव्यू अडवांस बुकिंग में मचाया तहलका, किस फिल्म को पछाड़ा?













.webp?width=275)


.webp?width=120)

