96th Oscars Awards की घोषणा हो चुकी है. ये अवॉर्ड शो लॉस एंजेलिस के डॉल्बी थिएटर में ऑर्गनाइज़ किया गया था. इस साल Academy Awards में Christopher Nolan की Oppenheimer ने बाज़ी मारी. फिल्म ने 7 अलग-अलग कैटेगरीज़ में अवॉर्ड अपने नाम किए. इसमें बेस्ट पिक्चर, बेस्ट डायरेक्टर और बेस्ट एक्टर के लिए Cillian Murphy को मिला अवॉर्ड शामिल है. दूसरे नंबर पर सबसे ज्यादा अवॉर्ड पाने वाली फिल्म Emma Stone स्टारर Poor Things रही. जिसने चार ऑस्कर्स अपने नाम किए. 'पूअर थिंग्स' के लिए एमा स्टोन को बेस्ट एक्ट्रेस का अवॉर्ड दिया गया. इस बार ऑस्कर्स में इंडिया की ओर से कुछ नहीं गया था. बावजूद इसके ऑस्कर्स 2024 में इंडिया की मौजूदगी एक से ज़्यादा मौकों पर रही. कैसे?
Oscars 2024 में इन 4 जगहों पर आया इंडिया का ज़िक्र
Oscars 2024 में इंडिया की ओर से कुछ भी नहीं गया था. बावजूद इसके RRR से लेकर Nitin Desai और Raj Kapoor ने देश का मान बढ़ाया.

इस बार के ऑस्कर में भारत की ओर कोई फिल्म अवॉर्ड की रेस में शामिल नहीं हो पाई. बावजूद इसके कुछ ऐसे इंडियन नाम रहे, जो ऑस्कर्स में सुने गए. इसमें सेट डिज़ाइनर नितिन देसाई और अवॉर्ड शो के प्रोड्यूसर राज कपूर का नाम शामिल है. इसके अलावा पिछले साल बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का अवॉर्ड जीतने वाली RRR भी दो जगहों पर स्पॉट की गई.
1) ऑस्कर में ‘इन मेमोरियम’ नाम का एक सेग्मेंट होता है. इसमें सिनेमा से जुड़े दुनियाभर के उन कलाकारों को श्रद्धांजलि दी जाती है, जिनका उस साल निधन हुआ. इस सेक्शन में इंडियन आर्ट डायरेक्टर और सेट डिज़ाइनर नितिन देसाई को श्रद्धांजलि दी गई. नितिन अपने 20 साल लंबे करियर में ‘लगान’, ‘देवदास’, ‘हम दिल दे चुके सनम’ और ‘जोधा अकबर’ समेत पचासों फिल्मों में काम कर चुके थे. इसके लिए उन्हें चार बार नेशनल अवॉर्ड से सम्मानित किया गया था. कला के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए अकैडमी ने उन्हें ‘इन मेमोरियम’ सेक्शन में ट्रिब्यूट दिया. अगस्त 2023 में नितिन का निधन हो गया था. वो 57 साल के थे.
2) एस.एस. राजामौली की शाहकार RRR ने पिछले साल ‘नाटु नाटु’ गाने के लिए बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग का ऑस्कर जीता था. जूनियर NTR और राम चरण स्टारर इस फिल्म के एक सीन को अकैडमी ने स्टंट ट्रिब्यूट वीडियो में जगह दी. इसके अलावा फिल्म के गाने 'नाटू -नाटू' के एक सीन को भी अवॉर्ड सेरमनी में दिखाया गया. गाने का ये विज़ुअल बेस्ट ओरिजिनल सॉन्ग कैटेगरी में अवॉर्ड प्रेजेंट करने से पहले दिखाया गया.
3) ऑस्कर 2024 में भारत के तीसरे प्रतिनिधि रहे राज कपूर. राज भारतीय मूल के इवेंट प्रोड्यूसर/ऑर्गनाइज़र हैं. वो 2024 के ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी के शो रनर हैं. राज पिछले आठ सालों से टेलीविज़न इवेंट प्रोड्यूसर के तौर पर काम कर रहे हैं. पिछले साल ऑस्कर में भी राज ने बतौर प्रोड्यूसर काम किया था. इस साल वो पहली बार ऑस्कर अवॉर्ड सेरेमनी के प्रोड्यूसर और शो रनर रहे. CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, राज कपूर का जन्म दिल्ली में हुआ था. उन्होंने अल्बर्टा यूनिवर्सिटी से इंग्लिश और ड्रामा की पढ़ाई की है. ऑस्कर अवॉर्ड के अलावा उन्होंने ग्रैमी अवॉर्ड, लैटिन ग्रैमी जैसे अवॉर्ड शोज़ भी प्रोड्यूस किए हैं. बताया जाता है कि राज अपने करियर में माइकल जैक्सन,एमिनेम, केटी पेरी, निकी मिनाज जैसे चर्चित हॉलीवुड सेलिब्रिटीज़ के साथ काम कर चुके हैं.
4) जैसा कि हमने पहले बताया, इस साल इंडिया की ओर से ऑस्कर में कुछ भी नहीं गया था. बेस्ट डॉक्यूमेंट्री फीचर कैटेगरी में 'टू किल अ टाइगर' नाम की डॉक्यूेमेंट्री को नॉमिनेट किया गया था. इस डॉक्यूमेंट्री को निशा पाहुजा ने डायरेक्ट किया है. प्रियंका चोपड़ा जोनस, देव पटेल और मिंडी कैलिंग, इसकी एग्ज़ीक्यूटिव प्रोड्यूसर हैं. ये सभी भारतीय मूल के लोग हैं. इस डॉक्यूमेंट्री की कहानी झारखंड में सेट है. एक पिता की कहानी, जो अपनी नाबालिक बेटी से हुए रेप के बाद न्याय के लिए लड़ रहा है.
ऐसे में पब्लिक ने ‘टू किल अ टाइगर’ को इंडियन डॉक्यूमेंट्री बुलाना शुरू कर दिया था. मगर ऐसा नहीं है. क्योंकि इस डॉक्यूमेंट्री को इंडिया की तरफ से ऑस्कर में नहीं भेजा गया. इसलिए इसका इंडिया से कोई लेना-देना नहीं है. ख़ैर, ‘टू किल अ टाइगर’ को हराकर बेस्ट डॉक्यूेमेंट्री का ऑस्कर यूक्रेनियन डॉक्यूमेंट्री 20 Days in Mariupol को मिला.
वीडियो: ऑस्कर 2024 में नॉमिनेट हुई फिल्मों को इंडिया में कहां देख सकते हैं?









