OTT के बाद Mirzapur अब सिनेमाघरों में भी भौकाल मचा रही है. फिल्म को न केवल साल की सबसे बड़ी ओपनिंग में से एक मिली, बल्कि इसने वीकेंड पर ही 100 करोड़ रुपए से ज्यादा छाप दिए हैं. इस दौरान Mirzapur: The Movie ने हिन्दी बेल्ट में Yash की Toxic का बोरिया-बिस्तर भी समेट दिया.
OTT के बाद 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' ने बॉक्स ऑफिस पर भी भौकाल मचा दिया!
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' को साल की तीसरी सबसे बड़ी हिन्दी फिल्म ओपनिंग मिली है.

'मिर्ज़ापुर: द मूवी' 04 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई है. ट्रेड वेबसाइट सैकनिल्क के आंकड़ों के मुताबिक, ओपनिंग डे पर फिल्म ने भारत में 30.90 करोड़ का ग्रॉस कलेक्शन किया. दूसरे दिन यानी शनिवार को फिल्म ने 38.40 करोड़ रुपए कमा लिए. रविवार को 'मिर्ज़ापुर' को और दर्शक मिले. उस दिन मूवी ने करीब 43.05 करोड़ रुपए कलेक्ट किए. फिल्म का अब तक का बॉक्स ऑफिस कलेक्शन कुछ ऐसा है,
पहला दिन (शुक्रवार) - 30.90 करोड़ रुपए
दूसरा दिन (शनिवार) - 38.40 करोड़ रुपए
तीसरा दिन (रविवार) - 43.05 करोड़ रुपए
टोटल: 112.35 करोड़ रुपए (ग्रॉस डोमेस्टिक कलेक्शन)
'मिर्ज़ापुर' फिल्म ने अपने ओपनिंग वीकेंड पर भारत में 112.35 करोड़ रुपए कमा लिए हैं. इस दौरान मूवी ने ओवरसीज़ मार्केट से भी 20 करोड़ रुपए कलेक्ट किए. इससे फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 132.35 करोड़ तक पहुंच गया. 'मिर्ज़ापुर' का कल्ट फैनबेस है. इसलिए फिल्म की ऐसी ओपनिंग लेने पर ज्यादा आश्चर्य नहीं होता. इसने अडवांस बुकिंग में भी 3.29 लाख टिकटें बेचकर 12.55 करोड़ रुपए कमाए थे. इससे फिल्म को 'धुरंधर 2' और 'बॉर्डर 2' के बाद साल की तीसरी सबसे बड़ी हिन्दी फिल्म ओपनिंग मिल गई. यही नहीं, खबर लिखे जाने तक ये 2026 की टॉप 10 हाइएस्ट ग्रॉसिंग हिन्दी फिल्मों की लिस्ट में भी अपनी जगह बना चुकी है.
'मिर्ज़ापुर: द मूवी' में सीरीज़ की ज्यादातर कास्ट को बरकरार रखा गया है. इनमें पंकज त्रिपाठी, अली फ़ज़ल, दिव्येंदु शर्मा, रसिका दुग्गल, अभिषेक बनर्जी, श्वेता त्रिपाठी, श्रिया पिलगांवकर और राजेश तैलंग जैसे एक्टर्स शामिल हैं. लिस्ट में नया नाम रवि किशन, सुशांत सिंह, जीतेंद्र, मनु ऋषि और सोनल चौहान का जुड़ा है. सीरीज़ की तरह इस फिल्म को भी गुरमीत सिंह ने ही डायरेक्ट किया है. वहीं फरहान अख्तर इसके प्रोड्यूसर हैं.
वीडियो: 'मिर्ज़ापुर: द मूवी' का टीज़र देख लोग बोले- "ये है असली भौका"









