Mahesh Babu की अगली फिल्म SS Rajamouli के साथ है. ये महेश बाबू की 29वीं फिल्म है. ऐसे में फिलहाल इसे SSMB29 बुलाया जा रहा है. ये पहला मौका होगा, जब महेश बाबू और एसएस राजामौली किसी फिल्म पर साथ काम करेंगे. इसे पैन-वर्ल्ड फिल्म बताया जा रहा है. इस बीच इंडिया टुडे के साथ बातचीत में महेश बाबू ने फिल्म पर बात की. इसके साथ ही महेश ने उन तीन फिल्मों का भी ज़िक्र किया, जिनका उनके करियर पर बड़ा असर हुआ.
"राजामौली सर के साथ काम करने के लिए एक्साइटेड हूं" - महेश बाबू
SS Rajamouli और Mahesh Babu SSMB29 नाम की पैन-वर्ल्ड फिल्म बना रहे हैं. हाल ही में महेश बाबू ने उस फिल्म पर बात की है.

SSMB29 पर महेश बाबू ने कहा-
राजामौली सर की फिल्म अभी प्री-प्रोडक्शन स्टेज पर है और काम जारी है. मैं जल्द ही इसे शुरू करने के लिए एक्साइडेट हूं.
महेश बाबू की पिछली रिलीज़ हुई फिल्म 'गुंटूर कारम' थी. ये पहले थिएटर्स में उतरी थी. उसके बाद अब नेटफ्लिक्स पर भी आ चुकी है. इस फिल्म के बारे में महेश ने कहा-
ये देखकर काफी अच्छा लगता है कि इतनी चुनौतियों के बाद भी फिल्म को दर्शकों ने पसंद किया. ये मेरे फैन्स के सपोर्ट को दिखाता है.
इंटरव्यू में महेश बाबू से पूछा गया कि क्या वक्त के साथ सक्सेस का मतलब उनके लिए बदला है? इस पर महेश ने कहा- "बीते कुछ सालों में, फिल्म इंडस्ट्री में सक्सेस को लेकर मेरा नज़रिया ज़रूर बदला है. फिल्म के लिए बॉक्स ऑफिस ज़रूरी है. लेकिन अब मैं ये भी ध्यान रखता हूं कि मेरी फिल्म का दर्शकों पर क्या असर पड़ता है. और साथ ही क्रिएटिविटी बनी रहे."
महेश ने ये भी बताया कि कैरेक्टर को चुनते वक्त ये ध्यान रखते हैं कि उनका किरदार कितना आदर्श है. यानी मॉरली सही है या गलत. महेश ने कहा- "रोल्स को चुनते वक्त मैं कैरेक्टर के मॉरल आसपेक्ट्स पर भी ध्यान देता हूं. हर किरदार में ग्रे शेड्स होते हैं. लेकिन मैं ध्यान रखता हूं कि फिल्म का जो मैसेज जाए वो मेरे मॉरल वैल्यू से जुड़ा रहे."
महेश बाबू ने आगे इंटरव्यू में अपनी तीन फिल्मों पर बात की. ये वो फिल्में थीं जिनका महेश बाबू के करियर पर सबसे ज्यादा असर पड़ा. महेश कहते हैं- "तीन फिल्में जिन्होंने मेरे करियर को शेप करने का काम किया, वो हैं 'मुरारी', 'पोक्किरी' और 'श्रीमांथुडु'. इन तीनों ही फिल्मों ने मुझे बतौर एक्टर एक्सप्लोर करने का मौका दिया. जिससे मैं ऑडियंस से कनेक्ट हो पाया."
बाकी उनकी आने वाली फिल्म SSMB29 की बात करें तो ये एक जंगल एडवेंचर फिल्म बताई जा रही है.ये भी बताया जा रहा है कि इस फिल्म में महेश बाबू का किरदार हनुमान से प्रेरित होगा. SSMB29 का बजट एक हजार करोड़ रुपए बताया जा रहा है. इस फिल्म को भी राजामौली के पिता विजयेन्द्र प्रसाद ने ही लिखा है. फिल्म में महेश बाबू के साथ और कौन एक्टर्स होंगे, इस बारे में अभी ज़्यादा जानकारी बाहर नहीं आई है. लेकिन कुछ वक्त पहले सुनने को मिला था कि फिल्म में इंडोनेशियन एक्ट्रेस चेल्सी इसलान नज़र आ सकती हैं. वहीं ऐसा भी कहा जा रहा है कि मेकर्स फिल्म के लिए दुनियाभर से एक्टर्स को कास्ट कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि जल्द ही फिल्म को लेकर पुख्ता डिटेल ड्रॉप किया जाएगा.
वीडियो: महेश बाबू और SS राजामौली SSMB 29 पर साथ काम करने जा रहे? महेश की फीस पर इतनी चर्चा क्यों?









