The Lallantop

लॉकडाउन के बीच पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र और गुजरात में भीड़ ने पुलिस को क्यों खदेड़ दिया?

पुलिस अब उन लोगों की पहचान कर रही है, जो इसमें शामिल थे.

Advertisement
post-main-image
पश्चिम बंगाल की घटना के लिए पुलिस ने भीड़ को आरोपी बनाया है और अज्ञात लोगों के ख़िलाफ़ मुक़दमा दर्ज किया है (तस्वीरें ANI)

पश्चिम बंगाल के हावड़ा से पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झड़प और पत्थरबाजी का मामला सामने आया है. घटना तब हुई, जब बाज़ार में कोलकाता पुलिस लोगों से घरों में रहने की अपील कर रही थी. हावड़ा के तिकियापाड़ा में बाज़ार से अचानक पुलिस को खदेड़ने के लिए स्थानीय लोगों ने उन पर हमला कर दिया. पुलिस पर पत्थर फेंके गए. मामले में दो पुलिस जवान घायल बताए गए हैं. भीड़ पर क़ाबू पाने के लिए इलाके में रैपिड ऐक्शन फ़ोर्स बुलानी पड़ी.

Advertisement

पश्चिम बंगाल के ज़्यादातर COVID-19 केस कोलकाता, हावड़ा और 24 परगना से रिपोर्ट हुए हैं. इसलिए सरकार ने सोमवार को ही इन तीनों ज़िलों को 'रेड ज़ोन' घोषित किया था.

# हुआ क्या था ?

Advertisement

तिकियापाड़ा में पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच झगड़ा बाज़ार से शुरू हुआ बताया जा रहा है. पुलिस के अनुसार, बाज़ार में सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान नहीं रखा जा रहा था और भीड़ इकट्ठा हो गई थी. भीड़ को जब पुलिस ने वापस अपने-अपने घरों में जाने को कहा, तो पुलिस और स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो बाद में भीड़ की पत्थरबाजी में बदल गई. मामले में कई वीडियो सामने आए हैं, जिसमें पुलिस और स्थानीय लोग एक-दूसरे को खदेड़ते दिखाई दे रहे हैं.

भीड़ को बाज़ार से हटाने के लिए बुलाई गई RAF और स्थानीय लोगों के बीच पत्थरबाजी और लाठीचार्ज के वीडियो भी सामने आए हैं.

# क्या कहना है पुलिस का ?

Advertisement

इस मामले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने कहा-

'तिकियापाड़ा में हुई इस घटना में शामिल सभी लोगों के ख़िलाफ़ कठोर कार्रवाई की जाएगी. हिंसा करने वालों की पहचान होगी और क़ानूनी कार्रवाई की जाएगी. क़ानून से किसी तरह का खिलवाड़, कहीं भी बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.'

पश्चिम बंगाल पुलिस के इस ट्वीट को मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने री-ट्वीट किया.

# महाराष्ट्र में पुलिस पर पथराव

महाराष्ट्र के औरंगाबाद में भी पुलिस पर पथराव की घटना हुई. औरंगाबाद ग्रामीण में सोमवार रात 8 बजे हुई इस घटना में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. मामले में पुलिस ने अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार किया है. मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, संभाजी मार्ग पर 100 की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए थे. पुलिस ने पहले उन्हें रोका और लॉकडाउन का हवाला देकर अपने-अपने घर लौट जाने की अपील की. इस दौरान कुछ लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया. इस हमले में तीन पुलिसकर्मी घायल हो गए हैं.

पथराव की खबर पाकर मौके पर मौके पर भारी संख्या में फोर्स पहुंच गई और लोगों को हटाया. साथ ही घायल पुलिसकर्मियों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस मामले में पुलिस अब तक 27 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है. साथ ही कई लोगों की तलाश की जा रही है.

# सूरत में मजदूरों का पथराव

गुजरात के सूरत में बड़ी संख्या में मजदूरों ने हंगामा किया है. मंगलवार को यहां मजदूरों ने आरोप लगाया कि लॉकडाउन के बावजूद उनसे काम करवाया जा रहा है और घर नहीं जाने दिया जा रहा है.

सूरत में डायमंड बुश दफ्तर के बाहर मजदूरों ने मंगलवार को प्रदर्शन किया और पत्थरबाजी भी की. इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को संभाला. मजदूरों की मांग है कि उन्हें तुरंत उनके गांव भेजा जाए.

इससे पहले सूरत में ही मजदूर बड़ी संख्या में सड़कों पर उतर आए थे और पुलिस से उनकी झड़प हुई थी.


ये वीडियो भी देखें:

पड़ताल: ब्लैक एंड वाइट तस्वीरों में दिख रही महिला सोनिया गांधी हैं?

Advertisement