The Lallantop

नाइंटीज़ वाले हिंदी गानों के बादशाह कुमार सानू बोले, 'इज़्जत मिलती है, काम नहीं'

सिंगर Kumar Sanu का कहना है कि लोग उनके मुंह पर उनकी बहुत तारीफ करते हैं, बहुत सम्मान करते हैं लेकिन...

Advertisement
post-main-image
कुमार सानू ने हाल ही में अपना अमेरिका और कनाडा टूर खत्म किया है.

नाइंटीज़ वाले हिंदी गानों के बादशाह, कुमार सानू. जिनके गाने गा कर लोगों ने अपनी प्रेमिकाओं से प्यार का इज़हार कर डाला. किसी ने 'चुरा के दिल मेरा...' गाकर सामने वाले को इम्प्रेस किया तो किसी ने 'कितनी हसरत है मुझे...' गाकर प्यार को और गहराई तक पहुंचा दिया. बिछड़ती हुई प्रेमिकाओं के लिए भी लोगों ने सानू के गाने का इस्तेमाल किया. 'परदेसी-परसेदी' और 'दो दिल मिल रहे हैं...' जैसे गानें लोगों की ज़ुबान पर चढ़ गए. इन गानों को ना सिर्फ उस दशक में पसंद किया गया. बल्कि आज भी इनकी अलग ही फैन फॉलोइंग हैं. कुमार सानू ने ऐसे दर्जनों गाने गाए हैं जिन्हें हम प्यार का एंथम भी कह सकते हैं. मगर उन्हीं कुमार सानू को लगता है कि लोग शायद अब उनकी रिस्पेक्ट नहीं करते. हाल ही के एक इंटरव्यू में कुमार ने कहा कि उन्हें इज़्जत तो बहुत मिल रही है. बस काम नहीं मिल रहा. 

Advertisement

कुमार सानू ने हिंदुस्तान टाइम्स से बात की. उनसे पूछा गया कि आज कल आपकी आवाज़ किसी फिल्म में सुनने को क्यों नहीं मिलती? इसके जवाब में कुमार ने कहा, 

"मेरी जर्नी अभी तक बहुत अच्छी रही है. इंडस्ट्री में सभी लोग बहुत रिस्पेक्ट करते हैं, पर सबसे बड़ी बात ये है कि लोग रिस्पेक्ट तो देते हैं, प्यार देते हैं, मेरा गाना भी सुनते हैं. लेकिन  मुझे नहीं पता कि वो लोग मेरी आवाज़ को हिंदी फिल्म्स के ज़्यादा गानों में यूज़ क्यों नहीं करते."

Advertisement

सानू ने आगे कहा, 

"मेरे मन में ये सवाल हमेशा होता है कि जब मैं उनके सामने होता हूं, तो वो सब मुझे बहुत प्यार देते हैं. लेकिन मुझे ये नहीं पता कि उनका ये प्यार असली है या नकली. कुछ भी हो, लेकिन वो रिस्पेक्ट देते ज़रूर हैं."

कुमार सानू ने हाल ही में युनाइटेड स्टेट ऑफ अमेरिका लाइव शो में परफॉर्म किया था. इस शो की सभी टिकटें धड़ा-धड़ बिक गई थीं. बातचीत में उन्होंने बताया कि अभी की जेनरेशन भी उनकी आवाज़ सुनना चाहती है. कुमार ने कहा, 

Advertisement

"अगर हम गा सकते हैं, तो हमसे क्यों नहीं गवाते?  मेकर्स के मन में क्यों नहीं आता ऐसा कुछ? मैं शोज़ करता हूं, मेरी फैन फॉलोइंग है. मैं जहां भी जाता हूं हर जगह सोल्ड आउट शो होते हैं. पब्लिक डिमांड है. मैं इस साल अक्टूबर-नवंबर में एक नए लाइव शो का सेट लेकर आ रहा हूं. अगर इंडस्ट्री वाले समझ जाएं तो अच्छी बात है. नहीं तो उनका दुर्भाग्य है."

इस साल जून में सानू ने अमेरिका और कनाडा का टूर पूरा किया था. मानव कौल की लेटेस्ट सीरीज़ ‘त्रिभुवन मिश्रा CA Topper’ में भी सानू का एक गाना है. उन्होंने इस सीरीज़ का ‘स्वीकार कर लेना’ गाना गाया है. इसके अलावा उन्होंने 2023 में आई सीरीज़ ‘गन्स एंड गुलाब्स’ में राजकुमार राव के किरदार के लिए भी आवाज़ दी थी.

वीडियो: कुमार सानू के बेटे पर इतने मीम बने की सामने आकर सफाई देनी पड़ी

Advertisement