Shah Rukh Khan की King का गाना रिलीज़ होते ही लोग उन्हें ट्रोल क्यों करने लगे? Kangana Ranaut किस हॉरर फिल्म में नज़र आने वाली हैं? क्या Himesh Reshammiya सिंगर और एक्टर के बाद अब डायरेक्टर बनने वाले हैं. सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही खबरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें.
'किंग' का 'तू मिल जाए' गाना रिलीज़ होते ही शाहरुख खान को लोग ट्रोल क्यों करने लगे?
'तू मिल जाए' देखने के बाद पब्लिक बोल रही कि रियल लोकेशन पर शूट हुआ गाना भी ग्रीन स्क्रीन जैसा लग रहा है.

# 'किंग' का गाना रिलीज़ होते ट्रोल होने लगे शाहरुख!
शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन पर 'किंग' का पहला गाना 'तू मिल जाए' रिलीज़ हो गया. लेकिन इस गाने के रिलीज़ होते ही सोशल मीडिया पर लोग उन्हें ट्रोल करने लगे. गाने में शाहरुख के साथ दीपिका पादुकोण भी दिख रही हैं. मगर फैन्स को ये गाना कुछ खास पसंद नहीं आया. कुछ लोगों ने इस गाने को शाहरुख की फिल्म 'पठान' के 'बेशरम रंग' की तरह बताया. कॉस्ट्यूम से लेकर सेटअप तक के मामले में. साथ ही ये भी कहा गया कि सिद्धार्थ आनंद की फिल्मों के गाने कमोबेश एक जैसे दिखते हैं. चाहे वो ‘पठान’ का 'बेशरम रंग' हो, ‘फाइटर’ का ‘इश्क जैसा कुछ’ हो या ‘किंग’ का ‘तू मिल जाए’ हो. फैन्स की ये भी शिकायत है कि 'किंग' के इस गाने को साउथ अफ्रीका में रियल लोकेशंस पर शूट किया गया है. मगर विजुअल्स को इतना पॉलिश कर दिया गया है कि गाना ग्रीन स्क्रीन पर शूट हुआ लग रहा है. ख़ैर, ‘तू मिल जाए’ को अरिजीत सिंह और मधुबंती बागची ने गाया है. एड शिरीन ने इसमें इंग्लिश रैप किया है. 'किंग' 24 दिसंबर, 2026 को रिलीज़ होगी.
# हॉरर फिल्म में नज़र आएंगी कंगना रनौत
कंगना रनौत एक हॉरर फिल्म में काम करने जा रही हैं. उनकी नई फिल्म का नाम है 'स्केरी पिक्चर'. 31 अक्टूबर को दिल्ली में हुए हॉरर-कॉन इंडिया 2026 के दौरान राणा दग्गुबाती ने इस फिल्म का ऐलान किया. वो खुद इस फिल्म को प्रोड्यूस करेंगे, जबकि डायरेक्शन की जिम्मेदारी तेलुगु फिल्ममेकर रवि बाबू को मिली है. फिलहाल इसकी बाकी कास्ट, कहानी और रिलीज़ डेट का खुलासा नहीं हुआ है.
# 'हॉन्टेड होटल' का नया सीज़न अनाउंस
नेटफ्लिक्स की एनिमेटेड सीरीज़ 'हॉन्टेड होटल' का तीसरा सीज़न आने वाला है. नेटफ्लिक्स ने हैलोवीन से ठीक पहले इसकी घोषणा कर दी है. इसकी कहानी कैथरीन नाम की एक सिंगल मदर की है. तीसरा सीज़न 2027 में रिलीज़ होगा.
# टीवी एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल में निधन
एक्टर अनुज ठाकुर का 33 साल की उम्र में निधन हो गया. 27 अक्टूबर की रात सोते वक्त उन्हें दिल का दौरा पड़ा, जिससे उनकी मौत हो गई. सुबह 4:30 बजे जब उनका अलार्म बजने के बावजूद वो नहीं उठे, तो उनकी मां कमरे में पहुंचीं. वहां उन्होंने अनुज को मृत पाया. अनुज के दोस्त और कास्टिंग डायरेक्टर रुपेश सोनार ने इस खबर की पुष्टि की है.
# डायरेक्टर बनने की तैयारी में हिमेश रेशमिया
हिमेश रेशमिया अब सिंगर और एक्टर के बाद डायरेक्टर बनने की तैयारी में हैं. कोमल नाहटा को दिए इंटरव्यू में उन्होंने बताया कि उनके डायरेक्टोरियल डेब्यू के लिए 2-3 आइडियाज़ और स्क्रिप्ट्स तैयार हैं. हिमेश के मुताबिक, उनकी फिल्म का स्केल बड़ा होगा, कहानी में इमोशनल कनेक्ट होगा और खूबसूरत गाने होंगे. उन्होंने यहां तक दावा किया कि उनकी फिल्म का म्यूज़िक रिलीज़ के पहले ही दिन 100 करोड़ रुपये की कमाई करा सकता है.
# हॉरर फिल्म में दिखेंगे आर माधवन
आर. माधवन और डायरेक्टर विशाल फुरिया एक अनटाइटल्ड हॉरर फिल्म के लिए साथ आए हैं. विशाल ने बताया कि माधवन इस फिल्म के लिए उनकी पहली और इकलौती पसंद थे. फिलहाल फिल्म के टाइटल और रिलीज़ डेट का ऐलान नहीं हुआ है.
वीडियो: करण जौहर शाहरुख-सलमान के साथ फिल्म क्यों बनाना चाहते हैं?










