Karan Johar और Kareena Kapoor Khan ने कई फिल्मों पर साथ काम किया. मगर इनके करियर में एक दौर ऐसा भी था, जब इन्होंने कई महीनों तक बात नहीं की. इसकी वजह थी एक फिल्म के लिए करीना की फीस. करीना चाहती थीं कि करण उन्हें भी उतने ही पैसे दें, जितने फिल्म के हीरो Shahrukh Khan को दे रहे थे. इसकी वजह से बात बिगड़ गई. हालांकि अब उनके संबंध सुधर गए हैं. करीना के साथ इस खटपट के लिए करण खुद को ही ज़िम्मेदार मानते हैं.
करीना ने शाहरुख खान जितनी फीस मांगी, करण जौहर से संबंध बिगड़ गए
करण ने बताया कि इस घटना के बाद उन्होंने करीना से डेढ़ साल तक बात नहीं की. उनकी जगह फिल्म में प्रीति ज़िंटा को ले लिया.


'कॉफी विद करण' के हालिया एपिसोड में करण जौहर ने करीना कपूर से अपने संबंधों के बारे में बात की. उन्होंने कहा-
"एक घटना करीना के साथ हुई थी 2003 में. हमने डेढ़ साल तक एक-दूसरे से बात नहीं की. ये एक फिल्म के बारे में था. वो फिल्म थी 'कल हो न हो'. जब मेरे पिता को कैंसर डायग्नोज़ हुआ, तब करीना ने मुझे फोन किया. फोन पर वो भी चुप थीं और मैं भी. उन्होंने कहा कि मुझे समझ नहीं आ रहा कि मैं क्या बोलूं. मैंने कहा कि आपको कुछ भी बोलने की ज़रूरत नहीं है. मुझे पता है कि आप मेरे लिए खड़ी हैं."
करण आगे बताते हैं-
“जब वो (यश जौहर) गुज़र गए, तब करीना बैंकॉक में थीं. हमारे संबंध तब भी खराब ही चल रहे थे. मगर उस समय वो अपना शूट छोड़कर मेरे घर आईं. हम रात-भर बातें करते रहे. हम वापस वहीं चले गए, जहां से हमने शुरुआत की थी. जब हमारी लड़ाई हुई थी, तो मैंने सोचा था कि मैं उनसे (करीना) कभी बात नहीं करूंगा. ऐसा कुछ सालों बाद काजोल के साथ भी हुआ. वो भी बहुत इमोशनल बॉन्ड था. हमें लगा था कि अब हम कभी साथ नहीं आ पाएंगे. मगर सबकुछ पहले जैसा हो गया.”
करण जौहर ने अपनी ऑटोबायोग्रफी An Unsuitable Boy में भी करीना कपूर के साथ हुए झगड़े के बारे में लिखा था. उन्होंने लिखा कि 'कल हो न हो' की कास्टिंग के दौरान उन्होंने करीना कपूर को अप्रोच किया. इस फिल्म को करण के असिस्टेंट निखिल आडवाणी डायरेक्ट करने वाले थे. करण बताते हैं कि करीना के साथ सबसे पहली दिक्कत ये थी कि वो बहुत ज़्यादा पैसे मांग रही थीं. जिसकी वजह से उन दोनों के बीच तल्खियां आ गईं. बकौल करण, उन दिनों करीना की 'मुझसे दोस्ती करोगे' रिलीज़ हुई थी. इस फिल्म को आदित्य चोपड़ा के असिस्टेंट कुणाल कोहली ने डायरेक्ट किया था. करीना का ये कहना था कि अगर आदित्य चोपड़ा के असिस्टेंट की फिल्म फ्लॉप हो सकती है, तो करण जौहर के असिस्टेंट पर भी भरोसा नहीं किया जा सकता.
करण अपनी किताब में लिखते हैं-
"जिस वीकेंड 'मुझसे दोस्ती करोगे' रिलीज़ हुई थी, उसी समय में मैंने उन्हें 'कल हो न हो' ऑफर की. मगर उन्होंने इस फिल्म के लिए उतने ही पैसे मांगे, जितने शाहरुख खान ले रहे थे. मैंने उन्हें 'सॉरी' बोल दिया. मुझे बड़ी तकलीफ हुई. मैंने अपने पिता से इस बारे में बात की. फिर मैंने करीना को फोन किया. मगर उन्होंने मेरा फोन नहीं उठाया. तभी मैंने फैसला कर लिया कर लिया कि इस फिल्म में हम करीना को नहीं लेंगे. और उनकी जगह प्रीति ज़िंटा को साइन कर लिया."
'कल हो न हो' में शाहरुख खान और सैफ अली खान के अपोज़िट प्रीति ज़िंटा को कास्ट किया गया. उन्होंने फिल्म में नैना कैथरीन कपूर का किरदार निभाया था, जिससे दोनों लड़कों को प्रेम हो जाता है. करीना के कहे के उलट करण जौहर के असिस्टेंट की बनाई 'कल हो न हो' हिट हो गई. उसके बाद समय के साथ करीना और करण के संबंध भी सुधर गए. करण बताते हैं कि बाद में उन्हें अफसोस हुआ. क्योंकि वो उम्र में करीना से 10 साल बड़े थे. उन्हें इस मामले में समझदारी दिखानी चाहिए थी. उसके बाद से करीना ने करण जौहर के साथ 'गोरी तेरे प्यार में', 'एक मैं और एक तू', 'कुर्बान' और 'गुड न्यूज़' जैसी फिल्मों में काम किया.






















