Salman Khan के Blackbuck Poaching Case पर बनी Kaala Hiran फिल्म इन दिनों खूब चर्चा में है. एक तरफ वो इस पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट जा पहुंचे. वहीं दूसरी तरफ़ मेकर्स ने फिल्म का पहला टीज़र रिलीज़ कर दिया है. ये एक कोर्ट ड्रामा फिल्म नजर आ रही, जिसका फर्स्ट टू लास्ट सीन सलमान के इर्द-गिर्द घूमता है. गौर करने वाली बात ये है कि मेकर्स ने इस दौरान गैंगस्टर Lawrence Bishnoi को भी खूब ग्लोरीफाई किया है.
'काला हिरण' का टीज़र रिलीज़, सलमान पर निशाना साधते हुए मेकर्स लॉरेंस बिश्नोई को महिमामंडित करने लगे
फिल्म में गोविंद नामदेव और मुकेश तिवारी जैसे सीनियर एक्टर्स ने काफी अहम किरदार निभाया है.


द लल्लनटॉप ने कुछ दिन पहले अपनी रिपोर्ट में बताया था कि वेटरन एक्टर गोविंद नामदेव 'काला हिरण' में वकील के रोल में हैं. टीज़र आने पर ये बात कन्फर्म हो जाती है. वीडियो की शुरुआत उनके वॉइसओवर से ही होती है, जहां वो ब्लैक बक केस की बैकस्टोरी बताते हैं. लेकिन इस दौरान उनके डायलॉग्स इतने अस्पष्ट हैं कि आधी बात आप समझ नहीं पाएंगे. आगे सलमान के ब्रेसलेट पर फोकस करते हुए उन्हें काले हिरण का शिकार करते हुए दिखाया गया. इस दौरान जीप में उनके साथ कुछ अन्य लोग भी नजर आते हैं. मेकर्स ने वहां सैफ अली खान, तबु, सोनाली बेंद्रे और नीलम कोठारी जैसे एक्टर्स का रेफरेंस दिया है. 1998 में ये सब लोग 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग कर रहे थे, जब ये पूरा मामला पहली बार सामने आया था.
मेकर्स ने फिल्म में सभी किरदारों के नाम बदल दिए हैं. सलमान, अयान खान हो गए और लॉरेंस बिश्नोई को लॉयन बिश्नोई बताया गया है. एक सीन में सलमान के 'दबंग' वाले कैरेक्टर चुलबुल पांडे को बुलबुल चौबे में तब्दील कर दिया गया. दूसरी तरफ, टीज़र में लॉरेंस (लॉयन) बिश्नोई को ग्लोरीफ़ाई किया गया है. उसके किरदार का परिचय ही इस डायलॉग से होता है- "मुंबई अंडरवर्ल्ड का एक बाप था- दाऊद. मगर आज दाऊद का भी कोई बाप है. नाम है- लॉयन बिश्नोई." एक अन्य सीन में सलमान का किरदार जेल के अंदर से पुलिस वालों को कॉल करता है. इस दौरान वो उनसे कहता है- "अगर तुमलोगों में दम नहीं है तो मुझे अभी क्लियर बता दो. मैं ये देश छोड़कर चला जाऊंगा हमेशा के लिए. मगर बिश्नोई गैंग के हाथ सड़क पर कुत्ते की मौत नहीं मरूंगा." ढाई मिनट के टीज़र में इस तरह की बातें तीन-चार बार हुई हैं.
फिल्म का तकनीकी पक्ष कमजोर है. देखने में ये काफी हद तक क्राइम पेट्रोल जैसा नजर आता है. मगर इसका बैकग्राउंड म्यूजिक आपका ध्यान खींच सकता है. फिल्म में सलमान का किरदार कासिफ़ इकबाल खान नाम के एक्टर ने निभाया है. ये नहीं कहा जा सकता कि वो सलमान की हमशक्ल हैं. लेकिन उनकी बॉडी लैंग्वेज और गेटअप को देख कोई भी बता देगा कि वो सलमान की नकल कर रहे. इससे अमित जानी का वो दावा भी झूठा साबित होता है, जहां वो ये कह रहे थे कि ये फिल्म सलमान पर नहीं बनी.
खैर, मूवी में कासिफ़ के अलावा बॉलीवुड के कुछ सीनियर एक्टर्स भी हैं. गोविंद नामदेव तो कहानी के सूत्रधार ही बन गए. वहीं 'गोलमाल' के वसूली भाई इसमें लीडिंग पुलिस ऑफिसर हैं. उनके अलावा कमलेश सावंत ने भी इस मूवी में अहम किरदार निभाया है. उन्हें आप 'दृश्यम' में इंस्पेक्टर गायतोंडे के रोल में देख चुके हैं. यहां भी वो पुलिस में हैं. 'काला हिरण' को अमित जानी ने ही लिखा और प्रोड्यूस किया है. वहीं 'उदयपुर फाइल्स' वाले भरत एस श्रीनेत इसके डायरेक्टर हैं. मेकर्स ने फिलहाल फिल्म की रिलीज़ डेट अनाउंस नहीं की है.
वीडियो: सलमान की फिल्म ने 4 दिन में कमाए 1332 करोड़ रुपये, बॉक्स ऑफिस पर मचाया तूफान


















