Ranveer Singh स्टारर Dhurandhar 2 का इंटरवल ब्लॉक इसकी सबसे बड़ी हाइलाइट्स में से एक था. ये हम्ज़ा अली मज़ारी के घर का वही बाथरूम वाला सीन था, जहां उसके बचपन के दोस्त पिंडा से उसकी लड़ाई हो जाती है. रिलीज़ के वक्त Udaybir Sandhu के 'घर की याद नहीं आई जस्सी' वाले डायलॉग पर खूब मीम्स बने थे. थिएटर्स में फिल्म बड़ी हिट साबित हुई. मगर जब ये OTT पर आई तो लोगों ने इसमें कुछ बदलाव नोटिस किए. दावा किया गया कि Aditya Dhar ने हम्ज़ा और पिंडा की बातचीत से 1984 के सिख दंगों का रेफरेंस हटा दिया है.
'धुरंधर 2' के OTT वर्जन से आदित्य धर ने हटवाया सिख दंगों वाला रेफरेंस, पिंडा वाले सीन भी बदल दिया?
'धुरंधर 2' का ओटीटी वर्जन में ओरिजिनल कट से काफी अलग है. इसलिए पब्लिक को ये पसंद नहीं आ रहा.


फिल्म में रणवीर का किरदार भारतीय जासूस बनकर पाकिस्तान में घुस जाता है. सालों तक उसकी पहचान सबसे छिपी रहती है. मगर उसके बचपन का दोस्त पिंडा उसे पहचान जाता है. हालांकि जब हम्ज़ा को पता चलता है कि वो भारत से धोखा करके वहां ड्रग्स बेच रहा है, तो वो इस बात के लिए उसे कन्फ्रंट करता है. थिएट्रिकल वर्जन में पिंडा, हम्ज़ा की बात सुनकर कहता है- "केड़ा देश? वो देश, जिन्ने चौरासी विच अपने भाइयों नूं मारिया था." यानी, "कौन सा देश? वो देश, जिसने चौरासी में अपने भाइयों को मारा था?"
यहां पिंडा 1984 के दंगों की बात कर रहा था. खैर, थिएट्रिकल वर्जन में तो उस दंगे का ज़िक्र था. मगर OTT वर्जन में ऐसा नहीं है. 04-05 जून को मेकर्स ने नेटफ्लिक्स और जियो-हॉटस्टार पर इस फिल्म को रिलीज़ किया. वहां पिंडा का किरदार हम्ज़ा से कहता है- "केड़ा देश? वो देश जिन्ने हमें अपना मानेया ही नहीं." यानी "कौनसा देश? वो देश जिसने हमें अपना माना ही नहीं." मतलब, मेकर्स ने वाकई सिख दंगों का रेफरेंस हटा दिया है. OTT पर फिल्म देखते हुए भी आपको पता चल जाएगा कि ये डायलॉग अलग से डब किया गया है.
वैसे तो मेकर्स ने ऐसा करने के पीछे कोई ठोस वजह नहीं बताई है. मगर लोगों का अनुमान है कि वो सिख समुदाय को लेकर किसी विवाद में नहीं पड़ना चाहते. खासकर इसलिए क्योंकि फिल्म में पिंडा का किरदार काफी हद तक खालिस्तान समर्थक दिखाया जाता है. रिपोर्ट्स हैं कि ये कैरेक्टर रियल लाइफ गैंगस्टर और आतंकी हरविंदर सिंह संधू उर्फ़ रिंदा पर आधारित है. उसका कनेक्शन टेरर ऑर्गनाइजेशन बब्बर खालसा इंटरनेशनल से रहा था. कुछ साल पहले तक वो भारत-पाकिस्तान बॉर्डर पर ड्रग्स और हथियारों की स्मगलिंग करता था. बताया जाता है कि रिंदा की मौत 2022 में पाकिस्तान के एक हॉस्पिटल में ड्रग ओवरडोज़ की वजह से हुई थी. हालांकि आदित्य ने उसकी कहानी में थोड़ा फेर-बदल कर 'धुरंधर 2' में अपने हिसाब से इस्तेमाल किया है.
वीडियो: आदित्य धर की 'धुरंधर 2' देखकर विराट कोहली ने क्या कहा?



















