The Lallantop

ED ने 200 करोड़ रुपए के मनी लॉन्डरिंग केस में जैकलीन को आरोपी बनाया

अब तक जैकलीन से इस केस में गवाह के तौर पर पूछताछ की जा रही थी. अब ED ने लेटेस्ट चार्जशीट में उनका नाम भी डाला है.

Advertisement
post-main-image
एक फोटोशूट के दौरान जैकलीन. दूसरी तरफ सुकेश चंद्रशेखर के साथ वायरल हुईं जैकलीन की फोटोज़.

सुकेश चंद्रशेखर पर 200 करोड़ रुपए की मनी लॉन्डरिंग का केस चल रहा है. इस मामले में ED (Enforcement Directorate) ने जो नई चार्जशीट फाइल की है, उसमें बॉलीवुड एक्टर जैकलीन फर्नांडिस का नाम भी शामिल है. सुकेश ने जैकलीन को करोड़ों रुपए के तोहफे दिए थे. अब तक इस मामले में जैकलीन से सुकेश के खिलाफ गवाह के तौर पर पूछताछ की जा रही थी. मगर ED ने अपनी नई चार्जशीट में जैकलीन को आरोपी माना है. हालांकि, अभी जैकलीन को गिरफ्तार नहीं किया जाएगा. क्योंकि कोर्ट ने चार्जशीट पर संज्ञान नहीं लिया है. मगर जैकलीन देश छोड़कर बाहर नहीं जा सकतीं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
सुकेश चंद्रशेखर के बारे में पूछे जाने पर क्या बोलीं Jacqueline Fernandez?

ED ने शुरुआती छानबीन में पाया था कि जैकलीन और सुकेश के बीच पैसों का लेनदेन हुआ है. NDTV की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि सुकेश ने जैकलीन को 52 लाख रुपए का घोड़ा और 9 लाख रुपए की पर्शियन बिल्ली समेत 10 करोड़ रुपए से ऊपर के तोहफे दिए. सुकेश मामले में नाम आने के बाद जैकलीन से ED ने सात घंटे तक पूछताछ की थी. दोबारा उन्हें बुलाकर इस मामले में पांच घंटे तक इंटरोगेट किया गया. कई खबरों में ये भी दावा किया गया कि सुकेश के जेल जाने के बाद भी जैकलीन उससे बात करती थीं. ED के साथ पूछताछ में जैकलीन ने कहा था-

''मैं सुकेश से फरवरी 2017 से बात कर रही थी. अगस्त 2021 में उसे अरेस्ट कर लिया गया. इसके बाद मैं उससे कभी नहीं मिली. उसने मुझसे कहा था कि वो सन टीवी (Sun TV) का मालिक है. साथ ही उसने ये भी बताया था कि वो जयललिता की पॉलिटिकल फैमिली का हिस्सा है.''

Advertisement
 200 Crore Extortion Case, Sukesh Chandrashekhar, Jacqueline Fernandez
सुकेश के साथ जैकलीन की ये फोटो सोशल मीडिया पर खूब वायरल है.

जैकलीन ने ये भी बताया कि उनकी बहन ने सुकेश से 1,50,000 डॉलर यानी लगभग 1 करोड़ 20 लाख रुपए उधार लिए थे. उन्होंने ये भी स्वीकार किया कि सुकेश चंद्रशेखर ने उनके भाई के खाते में 15 लाख रुपए ट्रांसफर किए. जो ऑस्ट्रेलिया में रहता है. जैकलीन अब तक ये कह रही थीं कि वो इस मामले की गवाह हैं. नई चार्जशीट में उन्हें आरोपी माना गया है.  

दिल्ली पुलिस की इकोनॉमिक ऑफेंसेज़ विंग ने सुकेश चंद्रशेखर के खिलाफ षड़यंत्र, धोखाधड़ी और 200 करोड़ रुपए की वसूली मामले में FIR दर्ज की थी. इस केस में 24 अगस्त, 2021 को प्रवर्तन निदेशालय की एक टीम ने चेन्नई में छापा मारा. वहां से उन्होंने एक सी-फेसिंग बंगला, 8.25 लाख रुपए कैश और दर्जनों लग्ज़री कारें बरामद कीं. ED ने बयान जारी कर ये भी बताया था कि सुकेश के खिलाफ पहले से कई FIR दर्ज हैं. 

जैकलीन फर्नांडिस पिछले दिनों कन्नड़ा भाषा की फिल्म 'विक्रांत रोणा' में नज़र आई थीं. आने वाले दिनों में वो अक्षय कुमार की फिल्म 'रामसेतु' और रोहित शेट्टी डायरेक्टेड फिल्म 'सर्कस' में दिखाई देने वाली हैं. 

वीडियो देखें:

Advertisement

Advertisement