The Lallantop

जैकी श्रॉफ की मर्ज़ी के बिना 'भिड़ू' बोला, तो पुलिस घर से उठा ले जाएगी

Jackie Shroff ने उन लोगों के खिलाफ मुकदमा दायर किया जो बिना उनकी परमिशन के उनकी फोटो और उनका पॉपुलर डायलॉग 'भिड़ू' का इस्तेमाल करते हैं.

Advertisement
post-main-image
इससे पहले अनिल कपूर भी दिल्ली हाई कोर्ट जा चुके हैं.

Jackie Shroff अपने पर्सनैलिटी और पब्लिसिटी राइट्स के बचाव के लिए दिल्ली हाई कोर्ट पहुंचे हैं. जैकी ने ऐसी पार्टियों के खिलाफ मुकदमा दायर किया जो अपने आर्थिक फायदे के लिए उनका नाम, फोटो और डायलॉग का इस्तेमाल करते हैं. जैकी के वकील प्रवीण आनंद ने कोर्ट को बताया कि लोग बिना परमिशन के जैकी की शख्सियत का इस्तेमाल कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि कोर्ट इससे पहले ऐसे मामलों में अनिल कपूर और अमिताभ बच्चन जैसे सेलेब्रिटीज़ के पर्सनैलिटी राइट्स की भी रक्षा कर चुका है. 

Advertisement

लाइव लॉ में छपी खबर के मुताबिक प्रवीण आनंद ने बताया कि एक शख्स ‘भिड़ू’ नाम का रेस्टोरेंट चलाता है. जबकि ये जैकी श्रॉफ का ट्रेडमार्क डायलॉग है. बचाव पक्ष के कुछ लोग कोर्ट में मौजूद थे. उन्होंने बताया कि वो लोग जैकी की आवाज़ और फोटो का इस्तेमाल रिंगटोन और वॉलपेपर में बंद कर चुके हैं. प्रवीण ने अपना पक्ष रखते हुए कहा,

पर्सनैलिटी राइट्स बहुत विकसित हो चुके हैं और उनका इस्तेमाल बिना मर्ज़ी के नहीं किया जा सकता. लोग इसका इस्तेमाल पोर्नोग्राफी की हद तक कर रहे हैं. इसी वजह से इस पर एक कानून भी बन रहा है. 

Advertisement

उन्होंने जैकी पर बनने वाले मीम्स पर भी आपत्ति जताई. कहा कि लोग भद्दे ढंग से जैकी श्रॉफ की आवाज़ और शक्ल का इस्तेमाल ऐसे मीम में कर रहे हैं. जैकी ने अपने मुकदमे में उन लोगों के खिलाफ भी शिकायत की जो उनकी फोटो टी-शर्ट और मग पर छापकर बेच रहे हैं. प्रवीण आनंद ने कहा कि अनिल कपूर का केस भी मिलता-जुलता है.        

बता दें कि बीते साल अनिल कपूर अपनी पर्सनैलिटी राइट्स के बचाव की सुरक्षा के लिए कोर्ट गए थे. अनिल का कहना था कि कुछ लोग उनके सेलेब्रिटी स्टेटस का इस्तेमाल अपने आर्थिक फायदे के लिए कर रहे हैं. उनकी तस्वीरें, आवाज़ और डायलॉग्स को गलत तरीके से इस्तेमाल किया जा रहा है. इसकी वजह से उनकी रेप्यूटेशन खराब हो रही है. इस मामले में उन्होंने 16 लोगों के नाम कोर्ट में सौंपे थे, जो इस तरह की चीज़ें कर रहे हैं. दिल्ली हाई कोर्ट ने इस मामले में अनिल कपूर के पक्ष में फैसला सुनाया. अब अनिल कपूर की परमिशन के बिना कोई उनकी फोटो, नाम या आवाज़ का इस्तेमाल नहीं कर सकेगा.

जैकी के वकील प्रवीण आनंद ने ही कोर्ट में अनिल कपूर का पक्ष रखा था. उन्होंने कोर्ट से ये भी रिक्वेस्ट की थी कि अनिल कपूर का एक चर्चित डायलॉग है- 'झक्कास'. इसे इस्तेमाल करने के एक्सक्लूसिव राइट्स भी सिर्फ अनिल कपूर के पास होने चाहिए.

Advertisement

उनसे पहले अमिताभ बच्चन भी अपनी पब्लिसिटी और पर्सनैलिटी राइट की सुरक्षा के लिए कोर्ट गए थे. अमिताभ बच्चन के काउंसेल हरिश साल्वे ने बताया था कि कोई KBC लकी ड्रॉ निकाल रहा है. कोई अमिताभ के नाम पर फर्जी वीडियो कॉल के ऑफर्स दे रहा है. इन सभी के प्रचार मटीरियल पर अमिताभ बच्चन की फोटो और KBC के लोगो लगे हुए हैं. कुछ लोगों ने अमिताभ बच्चन के नाम पर डोमेन नेम रजिस्टर करवा लिया है.
 

वीडियो: भिड़ू जैकी श्रॉफ की मजे़दार और पंकज त्रिपाठी की स्वीट बातों वाला इंटरव्यू

Advertisement