The Lallantop

'काला हिरण' पर बोले गोविंद नामदेव, "मुझे धोखे में रखा, सलमान के खिलाफ नहीं जा सकता"

'काला हिरण' के प्रोड्यूसर अमित जानी बोले, गोविंद नामदेव के गले में कानून पट्टा डालकर कोर्ट ले जाएंगे

Advertisement
post-main-image
'काला हिरण' में सलमान खान का किरदार कासिफ़ इकबाल खान ने निभाया है.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • फिल्म 'काला हिरण' के टीजर में गोविंद नामदेव ने सलमान खान के वकील का किरदार निभाया है, लेकिन बाद में उन्होंने खुद को फिल्म से अलग कर लिया क्योंकि उन्हें कहानी की असलियत से अवगत नहीं कराया गया था।
  • गोविंद नामदेव का कहना है कि उन्हें पहले कहा गया था कि फिल्म का नाम 'संभल' है और कहानी में कोई नया मोड़ नहीं होगा, जबकि बाद में पता चला कि यह फिल्म ब्लैकबक शिकार मामले पर आधारित है।
  • फिल्म निर्माता अमित जानी ने गोविंद के विरुद्ध अदालत जाने की धमकी दी है और दावा किया है कि गोविंद ने पूरी स्क्रिप्ट पढ़ी थी तथा शूटिंग के दौरान सब कुछ स्वीकार किया था।

Salman Khan के Blackbuck Poaching Case पर बनी Kaala Hiran के टीजर पर हंगामा मच गया है. फिल्म में वेटरन एक्टर Govind Namdev एक वकील के रोल में नजर आए हैं. मगर टीजर देखते ही उन्होंने खुद को फिल्म से अलग कर लिया. उनका कहना है कि मेकर्स ने उन्हें धोखे में रखकर काम करवाया है. उन्हें ये तक नहीं बताया गया था कि ये मूवी ब्लैक बक केस पर बन रही है वरना वो सलमान के खिलाफ़ कभी नहीं जाते. उनका बयान सुनकर फिल्म प्रोड्यूसर Amit Jani ने उन्हें अदालत ले जाने की धमकी दी है.

Advertisement

गोविंद नामदेव ने सलमान के साथ 'वॉन्टेड' और 'गर्व' जैसी फिल्मों में काम किया है. इसलिए जब लोगों ने उन्हें 'काला हिरण' में देखा, तो खफा हो गए. सलमान फैंस का मानना है कि गोविंद को उनके खिलाफ़ बन रही फिल्म से दूर रहना चाहिए था. ऐसे में उन्हें मजबूरन सफाई देनी पड़ी है. अमर उजाला से हुई बातचीत में गोविंद बताते हैं,

"जैसे ही मैंने टीजर देखा, मैं अंदर तक हिल गया. मुझे तुरंत समझ आ गया कि ये फिल्म वैसी बिल्कुल नहीं, जैसी मुझे बताई गई थी और जिसके लिए मैंने शूटिंग की थी. हमें कभी नहीं बताया गया था कि फिल्म में सलमान खान जैसे दिखने वाले एक किरदार को इस तरह दिखाया जाएगा. ट्रेलर देखने के बाद मुझे लगा कि मुझसे सच छिपाकर मेरा इस्तेमाल किया गया है. मुझे जो कहानी और किरदार बताया गया था, उसमें और इस फिल्म में जमीन-आसमान का फर्क है."

Advertisement

गोविंद ने आगे कहा,

"सलमान और मेरे बीच काफी अच्छे रिश्ते हैं. हम दोनों एक-दूसरे को दोस्त मानते हैं. इसलिए मैं जानते-बूझते उनके खिलाफ नहीं जा सकता. यदि मुझे पहले पता होता कि इस मूवी को किस तरह प्रेजेंट किया जाएगा तो मैं इसे तुरंत मना कर देता. मुझे ये बताया गया था कि हम संभल नाम की मूवी बना रहे हैं. तब मुझे इस बात की जरा भी भनक नहीं थी कि कहानी बाद में अलग दिशा ले लेगी. मुझे बस ये बताया गया कि इसमें एक लंबा कोर्टरूम सीन है और मुझे बस उसमें ही काम करना है. हमें बताया गया कि कहानी में कुछ भी नया नहीं जोड़ा जाएगा और सब वैसा ही चलेगा, जैसा असल में हुआ था. इसलिए मैंने फिल्म करने पर हामी भरी थी."

उन्होंने साफ किया कि वो गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की विचारधारा को कभी सपोर्ट नहीं कर सकते. साथ ही ये भी बताया कि फिल्म का एक बड़ा हिस्सा अभी शूट होना बाकी है. लेकिन वो खुद को फिल्म से अलग कर रहे क्योंकि मेकर्स ने उनसे धोखा किया है. गोविंद नामदेव के इस दावे पर प्रोड्यूसर अमित जानी ने रिएक्ट किया है. सोशल मीडिया पर वीडियो अपलोड करते हुए उन्होंने गोविंद पर खूब तंज कसे. उन्होंने कहा कि इतने बड़े एक्टर में रीढ़ की हड्डी भी नहीं. इसलिए वो सलमान के पैरों की धूल चाट रहे हैं.

Advertisement

अमित का दावा है कि गोविंद को लगातार चार दिनों तक सीन के साथ पूरी स्क्रिप्ट पढ़ाई गई थी. वो लगातार शूट कर रहे थे. साथ ही फिल्म में सलमान के वकील की हर दलील पर क्रॉस भी करते रहे. अमित के मुताबिक, गोविंद अपनी इच्छा से शूटिंग कर रहे थे. उन्होंने न केवल 'काला हिरण' बल्कि इसके सीक्वल में काम करने की हामी भी भरी है. अपने एग्रीमेंट में उन्होंने ये भी साइन किया है कि वो इस मूवी को कभी डिफ़ेम नहीं करेंगे. लेकिन सलमान की खुशामद करने के लिए उन्होंने इस नियम का उल्लंघन कर दिया है. इसलिए मेकर्स उनके खिलाफ़ नोएडा कोर्ट में केस करेंगे.

वीडियो: काले हिरण शिकार मामले में Salman Khan के लिए अनूप जलोटा की सलाह, कहा- 'उन्हें माफी...'

Advertisement