The Lallantop

ईरान के निशाने पर ट्रंप के बेटे बैरन? वीडियो अमेरिकी राष्ट्रपति की नींद उड़ा देगा

ईरान से जुड़े मीडिया के एक कथित वीडियो में डोनाल्ड ट्रंप के छोटे बेटे बैरन ट्रंप को निशाना बनाने की धमकी और उनकी हत्या पर इनाम का दावा किया गया है.

Advertisement
post-main-image
डॉनल्ड ट्रंप के छोटे बेटे को मिली धमकी. (फोटो- India Today)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • ईरान की रिवॉल्यूशनरी गार्ड से जुड़ी मीडिया ने डोनाल्ड ट्रंप के बेटे बैरन ट्रंप को मारने की धमकी देते हुए लगभग तीन मिनट का एक वीडियो जारी किया है जिसमें उनके ठिकानों का विवरण है।
  • यह धमकी अमेरिकी और इजरायली हमले में ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई के खोने के बाद ईरान की ओर से बदले की इच्छाशक्ति और विवाद की पृष्ठभूमि में आई है।
  • अमेरिकी सीक्रेट सर्विस ने बताया है कि वह बैरन ट्रंप से जुड़ी सुरक्षा खतरों की जांच कर रही है, लेकिन इस मामले में खुफिया जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है।

बदले की आग का बुझना सबसे मुश्किल होता है. अमेरिका और इजरायल के हमले में अपने सुप्रीम लीडर अयातुल्ला खामेनेई को खोने वाला ईरान अभी इसी आग में जल रहा है. ईरान को चलाने वाले अधिकारियों ने कई बार ‘रिवेंज’ की बात दोहराई भी है. जाहिर है, निशाने पर पहले शख्स अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप हैं. सिर्फ ट्रंप ही नहीं, चर्चा है उनका परिवार भी बदले की धमकियों के दायरे में है. मेलानिया ट्रंप के बाद अब दावा किया जा रहा है कि डॉनल्ड ट्रंप के 20 साल के बेटे बैरन ट्रंप को मारने की धमकी ईरान ने दी है. इसका कोई तीन मिनट का वीडियो भी सामने आया है, जिसकी स्वतंत्र तौर पर पुष्टि नहीं हो पाई है.

Advertisement

हालांकि, मेलानिया और बैरन, दोनों को ही धमकी देने का तरीका एक जैसा है. जैसे- मेलानिया के लिए सामने आए वीडियो की हेडिंग थी, ‘मेलानिया को कहां और कैसे मारें?’ ठीक वैसे ही बैरन ट्रंप के लिए भी जो वीडियो सामने आया है, उसमें भी पूछा गया है कि ‘बैरन को कहां और कैसे मारें?’ उनकी हत्या के लिए कथित तौर पर 10 लाख डॉलर के ईनाम की घोषणा भी की गई है.

क्या है वीडियो में?

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, ईरान के रिवॉल्युशनरी गार्ड से जुड़ी मीडिया की ओर से तकरीबन तीन मिनट का वीडियो जारी किया गया है. इस वीडियो में उन सारी जगहों की पहचान का दावा किया गया है जो बैरन ट्रंप से जुड़ी हैं. उनकी यूनिवर्सिटी, उनका एस्कॉर्ट व्हीकल और सीक्रेट सर्विस पोजिशन जैसे ठिकानों का पता होने की बात कही गई है. इन जगहों को वीडियो में दिखाया भी गया है. साथ ही ये भी कहा गया है कि उनके हर ऐक्शन पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है.

Advertisement

वीडियो की शुरुआत अंग्रेजी में एक ग्राफिक से होती है, जिस पर लिखा है, ‘बैरन ट्रंप की हत्या कहां करें?’ इसके बाद उन जगहों के ग्राफिक्स भी दिखाए गए हैं, जहां पर बैरन अक्सर समय बिताते हैं. न्यूयॉर्क का ट्रंप टावर भी इसमें शामिल है. वीडियो के आखिर में नैरेटर कहता है, ‘लोग हमारा 10 मिलियन डॉलर का इनाम पाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं.’ दावा किया गया है कि ये 10 लाख डॉलर बैरन ट्रंप को मारने पर दिए जाएंगे. 

ये भी पढ़ेंः मक्का डिफेन्स पैक्ट में ईरान भी होगा शामिल? ट्रंप के मित्र देशों ने बड़ा प्लान बनाया

यूरोन्यूज के हवाले से इंडियन एक्सप्रेस ने बताया कि वीडियो में कहा गया है कि एक लड़की बैरन ट्रंप की सीक्रेट सर्विस की सुरक्षा को चकमा देकर उनसे निजी तौर पर मिली थी. दावा ये भी किया गया कि बैरन अपनी सिक्योरिटी टीम से अलग हटकर ‘एक्सबॉक्स’ पर वॉइस और टेक्स्ट मैसेज पर बात करते हैं. हालांकि, यूरोन्यूज ने इनमें से किसी भी दावे की पुष्टि नहीं की है. 

Advertisement

ईरान ट्रंप के बेेटे को मारने का प्लान बना रहा है लेकिन क्या ये बात अमेरिकी सीक्रेट सर्विस को पता है?

सीक्रेट सर्विस के प्रवक्ता नेट हेरिंग की मानें तो हां. इस अमेरिकी एजेंसी को सब पता है. हेरिंग ने कहा कि जिन लोगों की वो सुरक्षा करते हैं, उनसे जुड़ी इस तरह की किसी भी चीज की वो अपने स्तर पर जांच करते हैं. लेकिन, सिक्योरिटी कंसर्न के तहत वो ऐसी खुफिया जानकारियों की चर्चा नहीं करते.

मेलानिया को भी मिली थी धमकी

बता दें कि बैरन से पहले ट्रंप की पत्नी मेलानिया को भी ऐसी ही धमकी मिलने की खबर आई थी. तब भी वीडियो के जरिए धमकी देने का दावा किया गया था. इस वीडियो का भी टाइटल था कि मेलानिया ट्रंप को कहां मारें? इसके बाद उन जगहों की तस्वीरें थीं, जहां मेलानिया अक्सर देखी जाती हैं. उनके काफिले, न्यूयॉर्क की कुछ जगहें और उन डिजाइनर दुकानों के नाम भी बताए गए, जहां वो शॉपिंग करती हैं. 

वीडियो: दुनियादारी: डॉनल्ड ट्रंप ने कनाडा पर टैरिफ क्यों लगाया?

Advertisement