The Lallantop

लड़की ने कहा फिल्म बनाना चाहती हूं, एक्टर्स और संगीतकारों ने कमेंट बॉक्स में लाइन लगा दी

Vritika ने इंस्टाग्राम पर कहा कि उन्हें अपनी फिल्म बनानी है. उनकी मदद के लिए पूरी इंडस्ट्री कमेंट बॉक्स में उतर आई. पब्लिक बोली, 'इंस्टाग्राम के पॉज़िटिव साइड आ गए'. '

Advertisement
post-main-image
लोग लिख रहे हैं कि इंस्टाग्राम के पॉज़िटिव साइड पर पहुंच गया हूं.

देशभर से बहुत लड़के-लड़कियां रोज़ाना मुंबई आते हैं. जब ये बॉम्बे था, तब ट्रेन से आते थे. आजकल हवाई-जहाज़ से आते हैं. खैर इन्हीं लोगों की भीड़ में थीं वृतिका. उनका नाम सुनकर आपके दिमाग में शायद कोई घंटी ना बजी हो. उनका सरनेम खोजकर किसी एक्टर या सेलेब्रिटी से जोड़ने की कोशिश करना भी बेकार है. वो ऐसे घर से नहीं आतीं जहां पेरेंट्स कहें कि डिनर टेबल पर कोई फिल्मों-विल्मो की बात नहीं करेगा. वो ऐसी दुनिया से आती है जहां फिल्म को सिर्फ देखा नहीं जाता. उसे आंखों में भरकर किसी सपने की तरह जिया जाता है. वृतिका ने भी ये सपना जिया. उन्हें अब अपनी फिल्में बनानी थीं. किसी ने सलाह दी होगी कि अनुभव नहीं है तो बाहर निकलकर कमाओ. उसी का पालन करते हुए यारों-दोस्तों की फिल्मों पर असिस्ट किया. लेकिन उससे मन भले ही भर जाए, पर आत्मा को तो चैन नहीं मिल रहा था. उसे चैन आता जब फिल्म के क्रेडिट्स में Directed By Vritika के नाम की पट्टी देखतीं. 

Advertisement

वृतिका ने फोन उठाया. लेकिन किसी दोस्त को कॉल घुमाने के लिए नहीं. फोन का फ्रंट कैमरा ऑन कर के दिल उडेल दिया. उन्होंने सभी से कहा:

हाय, मैं एक फिल्म बनाने वाली हूं. मेरे पास कोई स्क्रिप्ट नहीं है. मेरे पास कोई टीम नहीं है. लेकिन मैं दूसरे लोगों के सपनों पर असिस्ट कर के थक चुकी हूं. मैं मैनिफेस्ट कर रही हूं कि मैं इस साल एक फिल्म बनाने वाली हूं. 

Advertisement

बीती 10 मार्च को वृतिका ने ये रील बनाकर अपने इंस्टाग्राम पर डाली. उसके बाद जो हुआ, उस पर अपने आप में एक फिल्म बन सकती है. कुछ ऐसा हुआ जिसे पढ़कर लोग बोलेंगे, ‘कुछ नहीं ब्रो बस इंस्टाग्राम के पॉज़िटिव साइड पर आ गया हूं’. लोगों ने वृतिका की रील का कमेंट सेक्शन भर दिया. किसी ने लिखा कि मैं फिल्ममेकिंग स्टूडेंट हूं. मैं तुम्हारी मदद करूंगा. किसी ने फिल्म को एडिट करने का ऑफर दिया तो कोई म्यूज़िक बनाना चाहता था. हालांकि ये रील सिर्फ आम पब्लिक के बीच ही नहीं घूमी. असली ब्लू-टिक धारियों को भी दिल से ये कंटेंट भा गया. यशराज मुखाटे ने ऑफर दिया:

बताओ, जब भी स्क्रिप्ट रेडी हो जाए. म्यूज़िक मैं करूंगा. 

yashraj mukhate

म्यूज़िक की बात थी तो अर्जुन कानुंगो तक भी पहुंची. ‘आया ना तू’, ‘बाकी बातें पीने बाद’ और ‘फुरसत’ अर्जुन के सबसे पॉपुलर गानों में से हैं. अर्जुन ने लिखा:

Advertisement

मुझे फिल्मों के बारे में नहीं पता लेकिन हम म्यूज़िक वीडियो डायरेक्टर्स ढूंढ रहे हैं. 

arjun kanungo

किसी ने कमेंट कर के अर्जुन से पूछा कि वो हर किसी को तो ऐसा मौका नहीं देते. इस पर अर्जुन ने इंस्टाग्राम स्टोरी पोस्ट कर के लिखा कि उन्होंने वृतिका को काम ऑफर नहीं किया है. उन्होंने बस उन्हें पिच करने का एक मौका दिया है. खैर म्यूज़िक वाला डिपार्टमेंट सॉर्ट आउट हो जाने के बाद एक्टिंग की बारी आई. ‘मस्का’ और ‘हाफ CA’ जैसे प्रोजेक्ट्स में काम कर चुके प्रीत कमानी ने लिखा:

जब भी आपकी स्क्रिप्ट तैयार हो जाए और अगर मैं कास्टिंग में कहीं फिट बैठता हूं तो मैं उसे ज़रूर पढ़ना चाहूंगा.    

prit kamani

वृतिका का कमेंट सेक्शन ऐसे पॉज़िटिव मैसेजेस से भरा है. अगर कोई काम ऑफर नहीं कर पा रहा तो वो हौसला अफज़ाई करने का काम करता दिखा. बेसिकली लोग समझ रहे थे कि कठिन है डगर पनघट की, साथी हाथ बढ़ाकर ही पार उतर सकते हैं. वायरल होने से वृतिका को भी फायदा हुआ है. उन्होंने कुछ और पोस्ट्स में बताया कि पहले उनका शॉर्ट फिल्म बनाने का प्लान था. लेकिन अब वो फीचर फिल्म बनाएंगी. इससे जुड़े अपडेट्स वो अपने यूट्यूब चैनल पर भी शेयर करती रहेंगी. वृतिका की फिल्म के लिए आगे का सफर कैसा रहता है, इसका जवाब समय के गर्भ में ही है.                       
 

वीडियो: 'आदिपुरुष' का VFX ठीक करने वाले लड़के कुंवर से लोग पूरी फिल्म का VFX ठीक करने की अपील कर रहे हैं

Advertisement