अगर आप भी उन लोगों में से एक हैं जो Spiderman: Brand New Day का FDFS देखना चाहते हैं. मगर मार्वल की पिछली पांच दर्जन फिल्में और सीरीज़ देखने की फुर्सत नहीं निकाल सके, तो आप सही जगह पहुंचे हैं. हम आपको बताएंगे कि Avengers की दुनिया में Tom Holland का स्पाइडर मैन कब और कैसे आया था. साथ ही ये भी कि बतौर सुपरहीरो उसकी अब तक की कहानी क्या रही है. इससे आपको उनका पूरा लेखा-जोखा समझ आ जाएगा.
'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' देखने से पहले उसकी पूरी बैकस्टोरी जान लीजिए
'स्पाइडर मैन' का परिवार खत्म हो गया. उसकी गर्लफ्रैंड और बेस्ट फ्रैंड उसे भूल गए. मगर ऐसा कैसे और क्यों हुआ?

अगर आपने स्पाइडर मैन की फिल्मों को कभी फॉलो नहीं किया, तो हम बिल्कुल क-ख-ग से शुरुआत करते हैं. देखिए, लाइव एक्शन फिल्मों में तीन एक्टर्स स्पाइडर मैन के रोल में सबसे ज़्यादा पॉपुलर हुए. टोबी मैग्वायर, एंड्रयू गारफील्ड और टॉम हॉलैंड. वैसे तो इस कहानी में पहले वाले दोनों स्पाइडर मैन का भी योगदान है. मगर फिलहाल हम केवल टॉम हॉलैंड की बात करेंगे. चूंकि मार्वल में सभी फिल्में और सीरीज़ एक-दूसरे से कनेक्टेड हैं, इसलिए यहां एक से ज्यादा मूवीज़ का रेफरेंस आएगा. आपने घबराना नहीं है!
# जब ‘स्पाइडर मैन’ को बनना पड़ा ‘आयरन मैन’
प्रथम अध्याय शुरू कर रेला हूं
न्यू यॉर्क में पीटर पार्कर नाम का एक लड़का रहता है. बचपन में ही उसके माता-पिता की मौत हो गई थी. अब वो अपनी आंट मे (Aunt May) मे के साथ रहता है. आमतौर पर लोगों के बीच ये धारणा रहती है कि पीटर पार्कर पहली बार 2016 में रिलीज़ हुई 'कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर' में नजर आया था. मगर ऐसा नहीं है. दरअसल, इस कैरेक्टर का यंगर वर्जन सबसे पहले 2010 में रिलीज़ हुई 'आयरन मैन 2' में दिखा था. वहां टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन से ईर्ष्या करने वाले एक सरफिरे ने अपनी रोबोट सेना से लोगों पर हमला कर दिया था. इत्तेफ़ाक से पांच-छह साल का पीटर भी आयरन मैन का मास्क लगाए वहां मौजूद था. यही नहीं, अपने भोलेपन में वो एक रोबोट से लड़ने की तैयारी भी करने लगता है. मगर ऐन मौके पर आयरन मैन खुद वहां पहुंचकर उस रोबोट का कचूमर निकाल देता है. मार्वल सिनेमैटिक यूनिवर्स (MCU) में पीटर पार्कर की पहली झलक यही थी. इसके बाद जनता ने उन्हें सीधे 'कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर' में देखा.

# ‘कैप्टन अमेरिका’ को चटाई धूल
'सिविल वॉर' में आने से पहले पीटर पार्कर यानी स्पाइडर मैन को अपनी शक्तियां मिल गई थीं. एक खास मकड़ी के काटने से उन्हें जाल, सुपर स्ट्रेन्थ और स्पाइडर सेंस प्राप्त हो गया. हालांकि मार्वल ने उनकी ओरिजिन स्टोरी दिखाने पर अपना समय खर्च नहीं किया. क्योंकि लोग एंड्रयू गारफील्ड और टोबी मैग्वायर की फिल्मों में वो सब देख चुके थे. 'सिविल वॉर' के वक्त आयरन मैन और कैप्टन अमेरिका जैसे सुपर हीरोज़ के बीच आपसी लड़ाई हो जाती है. उसकी वजह से 'एवेंजर्स' की टीम दो धड़े में बंटकर एक-दूसरे से मार-पीट शुरू कर देती है.

उस लड़ाई से ठीक पहले आयरन मैन ने इंटरनेट पर टॉम हॉलैंड वाले स्पाइडर मैन के कुछ वीडियो देखे थे. उनमें पीटर अपनी शक्तियों और घर पर बने स्पाइडर सूट की मदद से अपराधियों से लड़ता है. पीटर तब स्कूल में था और सेफ्टी के लिए मास्क से अपनी पहचान छिपाकर रखता था. मगर आयरन मैन ने अपनी तकनीक से उसे ढूंढ लिया. यही नहीं, उसने पीटर को एक हाइटेक स्पाइडर सूट गिफ्ट करते हुए सिविल वॉर में अपनी तरफ से लड़ने को तैयार कर लिया. उसी फिल्म में जर्मनी के एक एयरपोर्ट पर आयरन मैन और कैप्टन अमेरिका की टीमों में भिड़ंत होती है. ऐन मौके पर स्पाइडर मैन भी वहां पहुंच जाता है. उसकी एंट्री कैप्टन अमेरिका की शील्ड छीनते हुए होती है. फिर वो कैप्टन अमेरिका को जबरदस्त टक्कर देता है. विंटर सोल्जर और फैल्कन जैसे सुपरहीरोज़ के छक्के छुड़ा देता है. साथ ही दुनिया को ये बता देता है कि गेम में एक नए सुपरहीरो की एंट्री हो चुकी है. उस लड़ाई में आयरन मैन, पीटर से इतना इंप्रेस हुआ कि उसे वो स्पाइडर सूट हमेशा के लिए दे दिया. साथ ही ये वादा भी लिया कि जब कभी उसे स्पाइडर मैन की ज़रूरत पड़ेगी, तो पीटर को आना होगा.

# “अगर तुम सूट के बिना कुछ नहीं, तो तुम सूट के काबिल नहीं”
'कैप्टन अमेरिका: सिविल वॉर' के बाद 2017 में रिलीज़ होती है 'स्पाइडर मैन: होमकमिंग'. चूंकि पीटर को अब सुपर हीरो बनने का चस्का लग गया था. इसलिए उसने टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन से रिक्वेस्ट की कि वो उसे भी एवेंजर्स टीम में शामिल कर ले. लेकिन टोनी स्टार्क इसके लिए तैयार नहीं होता. मजबूरन पीटर को अपनी उसी पुरानी घिसी-पिटी जिंदगी में वापस लौटना पड़ता है. ठीक उसी वक्त न्यू यॉर्क में एड्रियन टूम्स नाम के शख्स के हाथ एक अडवांस एलियन टेक्नोलॉजी लग जाती है. फिल्म में वो वल्चर नाम का एक विलन बना है. इत्तेफ़ाक से वो पीटर की तत्कालीन गर्लफ्रैंड लिज़ का पिता भी है. मगर पीटर से बात-चीत के दौरान उसे एहसास हो जाता है कि वो ही स्पाइडर मैन है. खतरे को भांपते हुए वो उसे अपने रास्ते से हट जाने को कहता है.

दरअसल, वल्चर उस एलियन टेक को ब्लैक मार्केट में क्रिमिनल्स को बेच रहा था. इसलिए पीटर उसे अकेले ही रोकने की कोशिश करता है. मगर जल्दबाजी में वो कई गलतियां कर बैठता है. इस बात से नाराज़ होकर टोनी स्टार्क उससे अपना हाइटेक स्पाइडर सूट वापस ले लेता है. पीटर ने उससे मिन्नतें कीं. गिड़गिड़ाया कि वो इस सूट के बिना कुछ भी नहीं. मगर टोनी साफ शब्दों में उससे कहता है- “If you're nothing without the suit, then you shouldn't have it.” मोटिवेट होकर पीटर बग़ैर उस सूट के ही वल्चर को हरा देता है. वल्चर उसकी जान लेना चाहता था. मगर फिर उसे एहसास होता है कि पीटर ने उसकी बेटी को एक धमाके से बचाया था. इसलिए वो पुलिस की गिरफ्त में जाने के बाद भी स्पाइडर मैन की पहचान किसी को नहीं बताता.

# खाक, स्पाइडर मैन!
2018 में रिलीज़ हुई 'एवेंजर्स: इन्फिनिटी वॉर' में थैनॉस नाम का सुपर विलन अपनी सेना के साथ धरती पर हमला कर देता है. उसका मक़सद छह इन्फिनिटी स्टोन्स इकट्ठा करके पूरे ब्रह्मांड की आधी आबादी को खत्म करना है. पीटर अपने स्कूल ट्रिप के दौरान उसका हमला देखता है और बिना एक पल गंवाए आयरन मैन की मदद के लिए निकल पड़ता है. वहां थैनॉस की सेना को खदेड़ते-खदेड़ते वो आयरन मैन के साथ स्पेस में पहुंच जाता है. अंतरीक्ष में वो, आयरन मैन, डॉक्टर स्ट्रेंज और गार्जियंस ऑफ द गैलेक्सी वाले सुपर हीरोज़ साथ मिलकर थैनॉस को रोकने की कोशिश करता है. मगर वो इतना शक्तिशाली था कि सब मिलकर भी उसे हरा नहीं पाते.

फिल्म के अंत में थैनॉस को सारे स्टोन्स मिल जाते हैं. बस, फिर वो एक चुटकी बजाता है और ब्रह्मांड की आधी आबादी खाक हो जाती है. इसमें पीटर भी शामिल है. जो स्पेस में आयरन मैन के सामने गायब हो जाता है. जाने से पहले वो टोनी से लिपटकर कहता है- "Mr. Stark…I don't feel so good." ये मार्वल के सबसे इमोशनल सीन्स में से एक है.

# मौत को छू कर टक्क से वापस आ गया!
2019 में रिलीज़ होती है 'एवेंजर्स: एंडगेम'. उसमें थैनॉस की चुटकी बजाने के पांच साल बाद की कहानी दिखाई गई है. फिल्म में टोनी स्टार्क अपने परिवार के साथ लोगों से दूर चला गया है. दरअसल, उसे ये बात अंदर-ही-अंदर खाए जा रही थी कि पीटर उसके लिए लड़ने आया और हमेशा के लिए चला गया. मगर फिर कैप्टन अमेरिका समेत 'एवेंजर्स' की बची-खुची टीम उसके पास आती है. सब मिलकर ऐसी तकनीक डेवलप करते हैं, जहां टाइम ट्रैवल करके इन्फिनिटी स्टोन्स को वापस लाया जाता है. उसकी मदद से हल्क चुटकी बजाकर सभी लोगों को वापस ले आता है, जिनमें स्पाइडर मैन भी था.

फिर क्या, दुनियाभर के सुपरहीरो साथ आकर थैनॉस की सेना से लड़ते हैं. अंत में आयरन मैन इन्फिनिटी स्टोन्स गॉन्टलेट पहनकर चुटकी बजाता है और थैनॉस की सेना को हमेशा के लिए खत्म कर देता है. मगर ऐसा करते हुए खुद उसकी भी जान चली जाती है. पीटर के लिए टोनी केवल एक मेंटॉर नहीं, बल्कि पिता समान था. इसलिए उसकी मौत के बाद वो पूरी तरह टूट जाता है.

# गंगाधर ही शक्तिमान है!
'एंड गेम' के बाद टॉम हॉलैंड का पीटर पार्कर 2019 में रिलीज़ हुई 'स्पाइडर मैन: फार फ्रॉम होम' में दिखता है. आयरन मैन की मौत के बाद दुनिया को नए सुपरहीरो की तलाश है. लोगों को लगता है कि अब स्पाइडर मैन ही आयरन मैन की जगह लेगा. लेकिन पीटर इसके लिए तैयार नहीं होता. क्योंकि वो अब भी खुद को बच्चा मानता है. इसी बीच एक स्कूल ट्रिप पर वो यूरोप जाता है. वहां उसकी मुलाकात मिस्टिरियो से होती है. शुरुआत में वो खुद को दुनिया बचाने वाला हीरो बताता है. लेकिन बाद में पता चलता है कि वो एक नंबर का ठग है.

मिस्टिरियो, टोनी स्टार्क यानी आयरन मैन से खुन्नस खाए बैठा था. इसी बात का बदला वो पीटर से लेता है. वो एडवांस होलोग्राम टेक्नोलॉजी की मदद से पीटर को भ्रम में डालने लगता है. पीटर की उतनी बुरी हालत थैनॉस से लड़ते हुए भी नहीं हुई थी. कम-से-कम जीते जी तो नहीं. फिर भी, वो किसी तरह मिस्टिरियो को हरा देता है. बस, यहीं से पीटर की जिंदगी की सबसे बड़ी मुसीबत शुरू होती है. दरअसल, मरने से पहले मिस्टिरियो दुनिया के सामने एक वीडियो रिलीज़ कर देता है. उसमें वो सबको को ये बता देता है कि पीटर पार्कर ही स्पाइडर मैन है. इससे आम लोगों के साथ-साथ कई दुश्मनों को भी पीटर की असली पहचान मिल जाती है.

# एक के साथ दो स्पाइडर मैन फ्री फ्री फ्री!
'स्पाइडर मैन' की पहचान ज़ाहिर होने जाने के बाद की कहानी 2021 में रिलीज़ हुई 'स्पाइडर मैन: नो वे होम' में दिखाई गई है. पीटर की चाची यानी आंट मे, उसकी गर्लफ्रैंड MJ और बेस्ट फ्रेंड नेड हर तरफ से मुसीबत में घिर जाते हैं. उनकी पढ़ाई, करियर और नॉर्मल जिंदगी खत्म होने लगती है. मजबूर होकर पीटर, डॉक्टर स्ट्रेंज से मदद मांगने पहुंचता है. पीटर उनसे रिक्वेस्ट करता है कि वो कोई ऐसा जादू करें, जिससे दुनिया ये भूल जाए कि स्पाइडर मैन कौन है. बहुत जिद्द करने पर स्ट्रेंज ऐसा करने को तैयार हो जाते हैं. लेकिन उनके जादू करते समय पीटर बार-बार अपनी शर्तें बदल देता है. इससे जादू बिगड़ जाता है और मल्टीवर्स यानी दूसरी दुनिया के दरवाजे खुल जाते हैं.

नतीजतन, दूसरे यूनिवर्स के वो सभी विलन, जो ये जानते थे कि पीटर पार्कर ही स्पाइडर मैन है, इस दुनिया में आ जाते हैं. मल्टीवर्स के ज़रिए मेकर्स स्पाइडर मैन वाली पुरानी मूवीज़ के सभी विलन्स को साथ ले आते हैं. अब गुंडे आए हैं, तो हीरो भी आएंगे ही. बस, जादू-मंतर की वजह से पुराने स्पाइडर मैन यानी टोबी मैग्वायर और एंड्रयू गारफील्ड भी टॉम हॉलैंड की दुनिया में पहुंच जाते हैं. ये ऐसा पहला मौका था जब लाइव एक्शन के तीनों स्पाइडर मैन एक साथ स्क्रीन पर नज़र आए. इसे MCU के सबसे आइकॉनिक मोमेंट्स में एक माना जाता है.

# कौन पीटर पार्कर?
जो भी हो, तीनों स्पाइडर मैन साथ मिलकर उन सभी विलन्स से लड़ते हैं. लेकिन उसी दौरान ग्रीन गॉब्लिन नाम का विलन आंट मे की हत्या कर देता है. पीटर का बचा-खुचा परिवार भी खत्म हो जाता है. इस बात पर टॉम हॉलैंड वाला स्पाइडर मैन ऐसा भड़कता है कि ग्रीन गॉब्लिन को जान से मारने की कसम खा लेता है. लेकिन ऐन मौके पर टोबी उसे ऐसा करने से रोक देता है.

अब टॉम वाला स्पाइडर मैन सभी विलन्स को उनकी दुनिया में वापस भेजना चाहता है. ताकि वो अपनी दुनिया को बचा सके. ऐसा करने के लिए उसे बहुत बड़ा त्याग करना पड़ता है. शर्त ये है कि सभी विलन्स अपनी दुनिया में वापस तो लौट जाएंगे. मगर ये तभी हो सकता है कि जब इस दुनिया से पीटर पार्कर की मेमरी हमेशा के लिए खत्म हो जाए. यानी सब लोग भूल जाएंगे कि पीटर पार्कर नाम का कोई व्यक्ति कभी एग्जिस्ट भी करता था. पीटर अपनी बलि देने के लिए तैयार हो जाता है. जादू सफल हो जाता है. अब किसी को भी पीटर याद नहीं. न एवेंजर्स को, न उसकी गर्लफ्रैंड MJ और न ही उसके बेस्ट फ्रेंड नेड को. अब वो पूरी तरह अकेला पड़ गया है.

# ‘स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे’ में क्या होगा?
30 जुलाई, 2026 को रिलीज़ होने वाली 'स्पाइडर मैन: ब्रांड न्यू डे' में इसके आगे की कहानी दिखाई गई है. फिल्म में स्पाइडर मैन को स्ट्रीट लेवल अवतार में दिखाया जाएगा. यानी इस बार उसकी लड़ाई एलियन्स या मल्टीवर्स नहीं, बल्कि ग्राउंड लेवल के दुश्मनों से होगी. इनमें स्कॉर्पियन, रैमरॉड, टैरेनटुला, द हैंड समेत कई अन्य विलन शामिल हैं. साथ ही फिल्म में हल्क और पनिशर जैसे सुपर हीरोज़ भी नजर आएंगे. संभावना तो डेयरडेविल के आने की भी जताई गई है. लेकिन इसकी पुष्टि के लिए आपको सिनेमाघर जाना पड़ेगा.
मगर इस बार की लड़ाई अलग है. पीटर अब पूरी तरह अकेला है. उसके पास न तो आयरन मैन की टेक्नोलॉजी है, न एवेंजर्स का साथ. उसके किसी भी दोस्त को वो याद नहीं. घर पर आंट मे भी नहीं हैं. इसलिए वो सब कुछ छोड़कर एक छोटे से किराए के कमरे में शिफ्ट हो गया है. मगर इस अकेलेपन में भी वो With Great Power Comes Great Responsibility वाली सीख नहीं भूलता. वो अपने हाथों से नया स्पाइडर मैन सूट बनाता है और एक बार फिर न्यूयॉर्क की गलियों में लोगों की मदद करने निकल पड़ता है.
!!इति श्री!!
वीडियो: 'स्पाइडरमैन: नो वे होम' का पहले ही दिन बॉक्स ऑफिस पर धमाल, तगड़ी कमाई के बड़े-बड़े रिकॉर्ड तोड़े!













