NTR Jr का बहुत तगड़ा फैनबेस है. बावजूद इसके उनकी पिछली दो फिल्में War 2 और Devara नहीं चलीं. इसलिए NTR कुछ ऐसा करना चाहते थे, जो टिकट खिड़की पर उनका दबदबा दोबारा से कायम कर सके. इसलिए उन्होंने KGF और Salar वाले Prashanth Neel के साथ कोलैब किया. इसका नाम रखा गया Dragon. मेकर्स ने 20 मई (19 मई की रात) को फिल्म का अनाउंसमेंट टीजर रिलीज़ किया. इसमें ‘ड्रैगन’ की उस दुनिया के बारे में बताया गया है, जिसमें ये फिल्म घटती है.
'ड्रैगन' टीज़र: 'वॉर 2' के पिटने के बाद NTR Jr का बीस्ट मोड ऑन, प्रशांत नील कराएंगे कमबैक?
KGF और 'सलार' के बाद प्रशांत नील, NTR Jr के साथ ला रहे अपनी अगली पैन-इंडिया फिल्म. कैसा है 'ड्रैगन' का टीज़र?


# क्या है ‘ड्रैगन’ का बेसिक प्लॉट?
टीज़र की शुरुआत प्री-इंडिपेंडेट इंडिया से जुड़ी एक बैकस्टोरी से होती है. बताया जाता है कि अंग्रेज भारत में 250 सालों तक सिर्फ अफ़ीम के कारण रुके थे. चूंकि अफ़ीम से हेरोइन बनता है, इसलिए उन्हें ड्रग्स के इस धंधे से काफी मुनाफ़ा हो रहा था. लेकिन देश की आजादी के बाद ये धंधा मंदा पड़ गया. कहानी के मुताबिक, साल 1967 में अफ़ीम का ये कारोबार दो खतरनाक गुटों में बंट गया. एक अफ़गान ट्रेडिंग कंपनी (ATC) और दूसरी गोल्डन ट्रेडिंग कंपनी (GTC). ATC अफगानिस्तान में सक्रिय थी. वही GTC थाइलैंड, म्यांमार और लाओस के गोल्डन ट्राएंगल से ऑपरेट करती थी. फिर उनके बीच शुरू होती है वर्चस्व की लड़ाई और यही 'ड्रैगन' की बुनियादी कहानी है.
# Jr NTR: हीरो या विलन?
फिल्म का ये फर्स्ट लुक विलन सेंट्रिक है. इसमें एक डायलॉग है- "ये पौधा अफ़ीम ज़्यादा उगाता है या विलन? इस कहानी में तो सब विलन हैं." होता भी ऐसा ही है. प्रशांत नील धीरे-धीरे फिल्म के सबसे खूंखार विलन्स को इन्ट्रोड्यूस करते हैं. अगर आपको ये लग रहा कि Jr NTR इस मूवी के हीरो हैं, तो शायद आप गलत हैं. कहानी के नायक अनिल कपूर हैं. टीज़र में उन्हें जिस स्टाइल से पेश किया गया, वो देखने लायक है. दूसरी तरफ, Jr NTR को मेकर्स ने विलन ही बताया है. अपनी तरफ़ से आप उन्हें एंटी-हीरो भी मान सकते हैं. वो अफ़गान ट्रेडिंग कंपनी के सबसे खूंखार किलर ल्यूगर (Luger) के रोल में हैं. ये बताने के लिए वो कितने बड़े असैसिन हैं, टीज़र में उनका इन्ट्रो ही लाशों की ढेर पर हुआ है. वो कहते भी हैं,
"सोते वक्त सपने में उनकी शक्ल नहीं आती जिनको मारा है. सिर्फ उनकी आती है, जो अभी तक बचे हुए हैं. भटकते हुए भी मेरे सपनों में मत आ जाना."
'ड्रैगन' का फर्स्ट लुक एक मिक्स्ड फीलिंग देता है. फैंस में Jr NTR को उनके सबसे रौद्र रूप में देखने की एक्साइटमेंट तो होती है. मगर वो थोड़े आउट ऑफ प्लेस भी महसूस होते हैं. इसमें उनके फिजिकल ट्रांसफॉर्मेशन का बहुत बड़ा रोल है. मगर हम इस संभावना से इन्कार नहीं कर सकते कि समय के साथ लोगों की आंखें भी उनके इस नए लुक के साथ एडजस्ट हो जाएंगी. टीज़र में उन्हें लाशों की ढेर पर दिखाया गया था. देखकर लग रहा है कि ये एक लंबा-चौड़ा फाइट सीक्वेंस होगा, जो रिलीज़ के बाद फिल्म की बड़ी हाइलाइट बनेगा.
# ‘ड्रैगन’ की खूबियां
टीज़र की एक और खास बात है कैरेक्टर्स का इन्ट्रोडक्शन. प्रशांत नील ने एक इंटरव्यू में कहा था कि वो कहानी से ज्यादा इस बात पर फोकस करते हैं कि उसे पेश कैसे करना है. ये बात ‘ड्रैगन’ के केस में साफ़ नज़र आ रही. शैतान का जन्म कैसे हुआ, ये कहानी बताते हुए वो जिस तरह फिल्म के किरदारों को सामने लाते हैं, वो दमदार लगता है. उससे इस फिल्म को लार्जर दैन लाइफ फील भी मिलती है. खास बात ये है कि स्क्रीन पर कोई भी किरदार ऐसा नज़र नहीं आता, जिसे आप हल्के में लेने की गलती करेंगे. ये बात फिल्म को लेकर आपमें एक्साइटमेंट पैदा करती है.
# ‘ड्रैगन’ की खामियां
बावजूद इसके, ‘ड्रैगन’ के टीज़र में बहुत ज्यादा नयापन नज़र नहीं आता. अगर आपने प्रशांत नील की पिछली फिल्में देखीं हैं, तो आपको मालूम होगा कि उनकी वर्ल्ड बिल्डिंग बड़ी इन्टेंस होती है. डार्कर शेड में. धूल-धूसरित माहौल. ये चीज़ हम KGF-'सलार' में देख चुके हैं. और ‘ड्रैगन’ में भी कमोबेश वही है. कम से कम दिखने के मामले में तो. KGF के प्रकाश राज की तरह यहां रुक्मिणी वसंत को नैरेटर बनाया गया है. यहां भी आधा दर्जन से ज़्यादा विलन्स भी हैं. इस फिल्म में इतनी धूल उड़ रही है कि हीरो और विलन के बीच की लकीर धुंधली पड़ गई है. हालांकि ये दर्शकों के लिए दिलचस्प रहेगा. उन्हें अपना मॉरल कंपस घुमाकर खुद तय करना होगा कि कौन इस कहानी का नायक है और कौन खलनायक.
# राजामौली-भंसाली भी एक्सपेरिमेंट कर रहे, मगर प्रशांत नील नहीं
वैसे तो केवल फर्स्ट लुक से फिल्म की पूरी कहानी नहीं बताई जा सकती. मगर कई बार फर्स्ट लुक के आधार पर लोग फिल्म की छवि बना लेते हैं. उसी आधार पर वो तय करते हैं कि उन्हें फिल्म देखने थिएटर्स में जाना है या नहीं. प्रशांत नील एक ऐसे डायरेक्टर हैं, जिनके नाम पर फिल्में बिकती हैं. बावजूद इसके उनके काम में वो प्रयोगधर्मिता नज़र नहीं आती. उनकी तुलना में यदि आप SS राजामौली या संजय लीला भंसाली जैसे डायरेक्टर्स को देखें, तो वो अपनी हर फिल्म को अपनी पिछली फिल्म से अलग करने की कोशिश करते हैं. न्यू एज डायरेक्टर्स में संदीप रेड्डी वांगा और आदित्य धर लगातार एक्सपेरिमेंट कर रहे. मगर प्रशांत के केस में ऐसे देखने को नहीं मिल रहा.
# इतनी बड़ी फिल्म में AI का इस्तेमाल क्यों?
वैसे, टीज़र का इन्ट्रो भी सवालों के घेरे में है. मेकर्स ने उसमें AI से विजुअल्स तैयार किए हैं. प्रशांत नील के पास बजट की कमी नहीं होती. फिर उनका ऐसा करना थोड़ा सरप्राइज़िंग लगता है. वैसे ये भी संभव है कि ऐसा केवल टीज़र में किया गया हो, फिल्म में नहीं. अगर मूवी में भी उन सीन्स को AI से बना दिखाया गया, तो वो लोगों का मजा किरकिरा कर देगा. 'ड्रैगन' को 'पुष्पा' वाली मैत्री मूवी मेकर्स के बैनर तले बनाया गया है. टी-सीरीज़ ने इसे प्रेजेंट किया है. प्रशांत नील डायरेक्टर हैं. वहीं Jr NTR और रुक्मिणी वसंत के अलावा अनिल कपूर, बीजू मेनन, आशुतोष राणा, अंशुमन पुष्कर, सिद्धांत गुप्ता और बिमल जीत ओबेरॉय ने इसमें काम किया है. बिमल तो अपने 'धुरंधर' वाले अवतार में ही नज़र आ रहे हैं.
# क्या फिल्म में एक सीक्रेट कैमियो भी है?
फिल्म का पहला टीज़र देखकर ऐसा लग रहा कि ये मूवी दो पार्ट्स में हो सकती है. पहला पार्ट अफ़गान ट्रेडिंग कंपनी पर फोकस कर रहा. वहीं दूसरा गोल्डन ट्रेडिंग कंपनी पर आधारित हो सकता है. सवाल उठता है कि गोल्डन ट्रेडिंग कंपनी का सेंट्रल कैरेक्टर कौन होगा? अभी तक मेकर्स ने इस बारे में कुछ रिवील नहीं किया है. पर यदि आपको ध्यान हो तो कुछ दिन पहले टोविनो थॉमस इस फिल्म से अलग हुए थे. उसके बाद खबर आई कि शाहिद कपूर 'ड्रैगन' का हिस्सा बने हैं. हालांकि ये बात कभी औपचारिक रूप से कन्फर्म नहीं की गई, मगर संभव है कि GTC के मेन असैसिन हो सकते हैं. हो सकता है कि इस मूवी में Jr NTR का किरदार उनसे ही अपनी अंतिम लड़ाई करेगा. लेकिन अभी ये केवल एक कयास है. जहां तक 'ड्रैगन' की बात है, ये मूवी 11 जून 2027 को रिलीज़ होगी.
वीडियो: प्रभास की जगह अब अल्लू अर्जुन के साथ फिल्म बनाएंगे प्रशांत नील





















