The Lallantop

'राजा शिवाजी' ने रचा इतिहास, 'सैराट' को पछाड़कर बनी सबसे कमाऊ मराठी फिल्म

'राजा शिवाजी' ने 18 दिन में 'सैराट' के लाइफटाइम कलेक्शन को पछाड़ दिया.

Advertisement
post-main-image
रितेश देशमुख के डायरेक्शन में बनी 'राजा शिवाजी' रिलीज़ के महज़ 18 दिन में मराठी सिनेमा की सबसे कमाऊ फिल्म बन गई है.

Riteish Deshmukh की फिल्म Raja Shivaji ने इतिहास रच दिया है. 1 मई को रिलीज़ हुई इस फिल्म ने 18 दिन में डोमेस्टिक बॉक्स ऑफिस पर 109.90 करोड़ रुपये कमाए. वर्ल्डवाइड इसने 114.80 करोड़ रुपये पीट दिए हैं. और इस कमाई के साथ ‘राजा शिवाजी’ सबसे कमाऊ मराठी फिल्म बन गई है. अब तक इस मुक़ाम पर Sairat बनी हुई थी. साल 2016 में आई ‘सैराट’ ने 110 करोड़ रुपये का लाइफटाइम कलेक्शन किया था. 10 साल से ये फिल्म हाइएस्ट ग्रॉसिंग मराठी फिल्म की जगह काबिज़ थी. मगर अब ये जगह ‘राजा शिवाजी’ ने ले ली है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

रितेश देशमुख के डायरेक्शन में बनी इस फिल्म ने शुरुआत भी धमाकेदार की थी. 'राजा शिवाजी' ने पहले दिन 11.35 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया था. ये मराठी सिनेमा की अब तक की सबसे बड़ी ओपनिंग है. इससे पहले सबसे बड़ी ओपनिंग का रिकॉर्ड 'सैराट' और 'टाइमपास 2' के नाम पर था. दोनों ही फिल्मों ने पहले दिन 3.60 करोड़ रुपये कमाए थे. ‘राजा शिवाजी’ इनसे तीन गुना आगे रही. पहला वीकेंड बीतने तक इसने भारत में नेट 33.90 करोड़ रुपये कमा लिए. ग्रॉस कलेक्शन जोड़ने पर ये आंकड़ा बढ़कर 40.34 करोड़ रुपये तक पहुंच गया. मराठी में तो इसने झामफाड़ कलेक्शन किया. 

मगर हिंदी बेल्ट में इसकी कमाई थोड़ी सुस्त रही. यदि हिंदी पट्टी से इस फिल्म को मराठी बेल्ट की आधी कमाई भी मिल जाती, तो ‘सैराट’ का रिकॉर्ड पिछले हफ्ते ही टूट जाता. हालांकि ‘सैराट’ और ‘राजा शिवाजी’ के बजट और स्केल में काफ़ी फ़र्क है. ‘सैराट’ 4 करोड़ रुपये में बनी थी. और ‘राजा शिवाजी’ की लागत लगभग 100 करोड़ रुपये है. दोनों फिल्मों की स्टारकास्ट में भी बहुत अंतर है. ‘राजा शिवाजी’ में सलमान खान, संजय दत्त, अभिषेक‍ बच्चन और विद्या बालन जैसे नामी एक्टर्स ने काम किया है. इनकी फैन फॉलोइंग किसी एक प्रदेश में नहीं, बल्कि देश-विदेश में है. फिर भी, ये इस फिल्म की उपलब्धि तो है ही. 

Advertisement

जियो स्टूडियोज़ इस वक्त अपने सुनहरे दौर में है. बीते साल ‘धुरंधर, इस साल ‘धुरंधर 2’ और फिर ‘राजा शिवाजी’ ने कमाई के नए रिकॉर्ड बनाए हैं. ‘राजा शिवाजी’ की इस सफलता का ऐलान सोशल मीडिया पर करते हुए जियो स्टूडियोज़ ने लिखा,

“हिंदवी स्वराज्य की गौरवशाली गाथा ने हर दिल में गर्व जगा दिया है.”

Advertisement

टीज़र के बाद ‘राजा शिवाजी’ की बढ़िया हाइप बनी. मगर ट्रेलर के बाद आलोचना हुई. दरअसल, पब्लिक ट्रेलर के उस सीन पर भड़क गई जिसमें छत्रपति शिवाजी और अफ़ज़ल खान संधि के लिए मिलते हैं. छत्रपति को अफ़ज़ल खान की फ़ितरत का अंदाज़ा था. इसलिए उन्होंने कपड़ों के अंदर कवच पहन रखा था. और हथेली में वाघ नख पहन कर गए थे. जैसे ही गले मिलने पर अफ़ज़ल खान ने खंजर से उन पर हमला किया, उन्होंने वाघ नख से अफ़ज़ल को बुरी तरह घायल कर दिया. इतिहास कहता है कि राजा शिवाजी वाघ नख छिपाकर गए थे. मगर ट्रेलर के एक शॉट में वो अफ़ज़ल को ये वाघ नख दिखाते नज़र आए. इस बात के लिए इंटरनेट पर लोगों ने रितेश को खूब ट्रोल किया. नेता और कुछ हस्तियां भी इनमें शामिल थीं. मामले ने इतना तूल पकड़ लिया, कि रितेश को सफ़ाई देनी पड़ गई.

हालांकि प्रयास चाहे जितने भी रहे हों, जश्न परिणाम का ही मनाया जाता है. और ‘राजा शिवाजी’ ने परिणाम दिए हैं. इस फिल्म में सलमान खान ने राजा शिवाजी के परमवीर अंगरक्षक जीवाजी म्हाले का पात्र किया है. मराठा योद्धा के अवतार में जनता ने उन्हें ख़ूब पसंद किया. उनके साथ जेनेलिया डिसूज़ा, फरदीन खान, भाग्यश्री, बोमन ईरानी, सचिन खेड़ेकर और अमोल गुप्ते भी इस फिल्म में ज़रूरी किरदारों में हैं.
फिल्म अब भी सिनेमाघरों में लगी हुई है. हमने इस फिल्म का विस्तृत और निष्पक्ष रिव्यू भी किया है. ये आपको लल्लनटॉन सिनेमा के यूट्यूब चैनल और वेबसाइट पर मिल जाएगा. 

वीडियो: फिल्म रिव्यू: कैसी ही रितेश देशमुख की 'राजा शिवाजी'

Advertisement