The Lallantop

सिख समुदाय पर कमेंट करना कंगना को भारी पड़ गया

कंगना के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज हो गई है.

Advertisement
post-main-image
फोटो - thelallantop
अजय देवगन की 'थैंक गॉड' और वरुण धवन की 'जुग-जुग जियो' कब रिलीज़ होगी? कब आएगा शाहिद की 'जर्सी' का ट्रेलर और कंगना रनौत से उनका पद्म श्री क्यों वापिस करवाना चाहती है दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति. आज के सिनेमा शो में इन्हीं खबरों को आप नीचे पढ़ सकते हैं. 1. अजय देवगन की फिल्म 'थैंक गॉड' 29 जुलाई को होगी रिलीज़ पहली खबर अजय देवगन की. जिन्हें बॉलीवुड में आज 30 साल पूरे हो चुके हैं. अजय की पहली फिल्म 'फूल और कांटे' आज ही के दिन रिलीज़ हुई थी. अपने 30 साल के फिल्मी करियर में अजय ने कई सुपरहिट फिल्में की. अजय जल्द ही रकुल सिंह और सिद्धार्थ मल्होत्रा के साथ 'थैंक गॉड' में नज़र आने वाले हैं. जिसकी रिलीज़ डेट अनाउंस कर दी गई है. मूवी 29 जुलाई 2022 को रिलीज़ की जाएगी. ये एक कॉमेडी ड्रामा फिल्म होगी. जिसमें एक खास सोशल मैसेज भी दिया जाएगा. 2. 24 जून 2022 को रिलीज़ होगी वरुण-कियारा की 'जुग-जुग जियो' अनिल कपूर, वरुण धवन, कियारा अडवाणी और नीतू सिंह की फिल्म 'जुग-जुग जियो' की भी रिलीज़ डेट अनाउंस हो गई है. इस फैमिली ड्रामा फिल्म को राज मेहता ने डायरेक्ट किया है. करण जौहर के प्रोडक्शन में बनी ये फिल्म 24 जून 2022 को रिलीज़ की जाएगी. 3. 23 नवंबर को आएगा शाहिद कपूर की फिल्म 'जर्सी' का ट्रेलर शाहिद कपूर जल्द ही फिल्म 'जर्सी' में नज़र आने वाले हैं. तमिल की स्पोर्ट्स ड्रामा फिल्म 'जर्सी' की ये हिंदी रीमेक होगी. जिसका ट्रेलर कल यानी 23 नवंबर को रिलीज़ किया जाएगा. फिल्म में शाहिद के साथ मृणाल ठाकुर और पंकज कपूर भी नज़र आएंगे. 4. 13 मई को रिलीज़ होगी परेश रावल की फिल्म 'आंख-मिचौली' परेश रावल, अभिमन्यू और मृणाल ठाकुर की फिल्म 'आंख मिचौली' की रिलीज़ डेट लॉक कर ली गई है. ये रोमांटिक कॉमेडी फिल्म 13 मई 2022 को थिएटर्स में रिलीज़ की जाएगी. फिल्म में शरमन जोशी और दिव्या दत्ता के साथ कई सितारे नज़र आएंगे. 5. अमिताभ बच्चन ने पान-मसाला कंपनी को भेजा लीगल नोटिस अमिताभ बच्चन ने रिसेंटली एक पान मसाला कंपनी का ऐड किया था. जिसके बाद वो ट्रोल हुए और उन्होंने उस कंपनी से कॉन्ट्रैक्ट खत्म कर दिया. अब खबर है कि अमिताभ ने उस कंपनी को लीगल नोटिस भेजा है. उन्होंने कंपनी से उनका ऐड टेलीकास्ट करने से रोकने की मांग की है. अमिताभ के कॉन्ट्रैक्ट खत्म करने के बाद भी ये ऐड लगातार प्रसारित किया जा रहा है. जिसे रोकने के लिए बिग बी ने ये एक्शन लिया है. 6. जॉन अब्राहम ने 'सत्यमेव जयते 2' को 'एवेंजर्स' से कम्पेयर किया जॉन अब्राहम जल्द ही फिल्म 'सत्यमेव जयते 2' में नज़र आने वाले है. जिसमें वो डबल नहीं बल्कि ट्रिपल रोल में होंगे. रिसेंटली फिल्म के प्रमोशन के दौरान का एक वीडियो खूब वायरल हो रहा है. जिसमें जॉन ने 'सत्यमेव जयते 2' की तुलना मार्वल की फिल्म 'एवेंजर्स' से कर दी है. वीडियो में जॉन अपने फैन्स के सवालों का जवाब दे रहे थे. जिसमें किसी ने उनकी तुलना हल्क से कर दी. इसपर जॉन ने कहा, ''मार्वल स्टूडियो आपको पता नहीं हम अपना हल्क बना रहे हैं, हम पूरी एवेंजर सीरीज़ बना रहे हैं. 'सत्यमेव जयते 2' के मेरे किरदार से सबको रिप्लेस कर दो.''
वैसे जॉन ने ये बहुत बड़ी बात बोल दी है. 7. फैन की कपिल शो में आने की रिक्वेस्ट पर कॉमेडियन का जवाब कपिल शर्मा अपनी कॉमेडी के अलावा अपने पोस्ट को लेकर भी चर्चा में रहते हैं. रिसेंटली उन्होंने अपने एक फैन के लिए ऐसा ही ट्वीट किया जो चर्चा में है. दरअसल ट्विटर पर एक शख्स ने कपिल को टैग करते हुए लिखा, ''मुंबई में मेरी बेटी की पहली ट्रिप है और वो आपका लाइव शो देखना चाहती है. उसे आपका शो पसंद है. प्लीज़ उसे और मेरे परिवार को शो का हिस्सा बनने का चांस दीजिए.''
कपिल ने रिप्लाई में कहा, ''भाई हम कल शूटिंग कर रहे हैं. प्लीज़ अपना कॉन्टैक्ट भेजिए हमारी टीम आपको कॉन्टैक्ट करेगी और आपके लिए व्यवस्था करेगी.'' कपिल के इस रिप्लाई की खूब तारीफ हो रही है. 8. 'जय भीम' के डायरेक्टर ने वन्नियार समुदाय से मांगी माफी बीते कई दिनों से एक्टर सूर्या की फिल्म 'जय भीम' को लेकर बवाल चल रहा था. इन बवालों के बाद डायरेक्टर टीजे ज्ञानवेल ने पट्टाली मक्काल काची यानी पीएमके के सदस्यों के लगाए आरोपों पर लिखा और वन्नियार समुदाय से माफी मांगी है. उन्होंने लंबे-चौड़े स्टेटमेंट में कहा कि एक निर्देशक के रूप में उन्हें इसकी ज़िम्मेदारी लेनी चाहिए. सूर्या से इस विवाद की ज़िम्मेदारी लेने के लिए कहना ठीक नहीं है. जो कुछ भी हुआ उसके लिए वो माफी मांगते हैं. 'जय भीम' किसी व्यक्ति या समुदाय विशेष को निशाना बनाना या शर्मिंदा नहीं करता. 9. सिख समुदाय ने कंगना से पद्म श्री वापिस लेने की मांग की दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति ने सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी करने को लेकर कंगना रनौत के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज करायी है. समिति का कहना है कि सोशल मीडिया पर हाल में किए गए उनके पोस्ट में कंगना ने जानबूझकर किसानों के प्रदर्शन को खालिस्तानी आंदोलन बताया था. बयान में कहा गया कि कंगना ने सिख समुदाय के खिलाफ आपत्तिजनक और अपमानजनक भाषा का उपयोग किया. समिति ने राष्ट्रपति राम नाथ कोविंद को एक लेटर भी लिखा है जिसमें कंगना को दिए गए पद्म श्री को वापिस लेने की भी मांग की है. अकाली दल के लीडर मनजिंदर सिंह सिरसा ने अपने एक पोस्ट में लिखा, ''कंगना रनौत नफरत की फैक्ट्री हैं. उन्हें या तो मेंटल हॉस्पिटल में रखा जाना चाहिए या जेल में. हम सरकार से उसके खिलाफ सख्त एक्शन लेने की डिमांड करते हैं.'' दरअसल सरकार के कृषि कानून बिल वापिस लेने के फैसले पर कंगना तिलमिलाई हुई हैं. उन्होंने अपने पोस्ट में इसे दुखद और शर्मनाक बताया है. 10. बच्चे को अपनी नकल करते देख अमिताभ का एपिक रिएक्शन केबीसी में इन दिनों स्टूडेंट्स स्पेशल वीक चल रहा है. जिसमें हॉट सीट पर छोटे-छोटे बच्चे बतौर कंटेस्टेंट आ रहे हैं. शो के नए प्रोमो में ऐसे ही एक कंटेस्टेंट ने जब अमिताभ की नकल उतारी तो बिग बी हक्का-बक्का हो गए. अमिताभ बच्चन की स्टाइल में कंटेस्टेंट अरुणोदय ने जब कहा ''ये क्या कर दिया मान्यवर आपने'', तो अमिताभ खूब ज़ोर से हंसने लगे. रिप्लाई करके कहा, ''मैं नहीं खेल रहा भाई साहब आपके साथ.'' ये शो इस हफ्ते टेलीकास्ट किया जाएगा.
तो बस ये थी आज की बड़ी खबरें. आप चाहे तो इन खबरों को वीडियो फॉर्म में भी देख सकते हैं. इन्हें रोज़ शाम 06 बजे पब्लिश किया जाता है.

Advertisement
Advertisement