HBO की The White Lotus सीरीज़ हॉलीवुड के सबसे बड़े और पॉपुलर प्रोजेक्ट्स में से एक है. अपने दमदार कॉन्टेन्ट की वजह से ये 16 Emmy Awards जीत चुकी है. एम्मी को टीवी जगत का ऑस्कर कहा जाता है. पिछले दिनों Deepika Padukone को इस शो के चौथे सीजन के लिए अप्रोच किया गया था. मगर उन्होंने मेकर्स के सामने ऑडिशन न देने की शर्त रख दी. नतीजतन, इस प्रोजेक्ट से भी उन्हें बाहर का रास्ता दिखा दिया गया. हालांकि ये टेक्निकली सही बात नहीं है. जब किसी को साइन ही नहीं किया, तो उसे बाहर कैसे निकाला जा सकता है. मगर उन्हें अब उस रोल के लिए कंसिडर नहीं किया जाएगा.
'स्पिरिट' और 'कल्कि 2' के बाद इस हॉलीवुड प्रोजेक्ट से भी बाहर कर दी गईं दीपिका पादुकोण!
दीपिका पादुकोण ने 'द वाइट लोटस' के लिए ऑडिशन देने से मना कर दिया था. इसलिए उन्हें इस हॉलीवुड शो से बाहर कर दिया गया.


'द वाइट लोटस' एक डार्क कॉमेडी शो है. इसे माइक वाइट ने लिखा और डायरेक्ट किया है. हर सीजन में दुनिया के किसी महंगे लग्जरी रिसॉर्ट में बिताए गए एक हफ्ते की कहानी दिखाई जाती है. रिसॉर्ट में छुट्टियां मनाने पहुंचे कुछ अमीर लोग और वहां काम कर रहे स्टाफ भी इस प्लॉट का हिस्सा होते हैं. शो की शुरुआत किसी के मर्डर से होती है. फिर पूरी कहानी में उस हत्या की परतें खोली जाती हैं. शो में भरपूर कॉमेडी और ड्रामा भी है. साथ ही इंसानी रिश्तों का कड़वा सच भी. अब तक इसके तीन सीजन रिलीज़ हो चुके हैं. मरे बार्टलेट, कॉनी ब्रिटन, जेनिफर कुलिज, वॉल्टन गॉगिन्स, सिडनी स्विनी और थियो जेम्स जैसे एक्टर्स इनमें काम कर चुके हैं. चौथे सीजन में फ्रांस के शैटॉ डे ला मेसार्डिएर रिसॉर्ट की कहानी दिखाई जाएगी.
दीपिका को 'द वाइट लोटस 4' के लिए अप्रोच किया गया था. उन्हें कौन सा किरदार ऑफर हुआ, उसे लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है. मगर किरदार जो भी हो, रिपोर्ट ये है कि उन्होंने ऑडिशन की वजह से उसे निभाने से मना कर दिया है. हॉलीवुड में ऑडिशन बिल्कुल नॉर्मल प्रोसेस है. वहां के बड़े-बड़े सुपरस्टार्स भी फिल्मों के लिए फाइनल किए जाने से पहले इस प्रक्रिया से गुज़रते हैं. ऑडिशन का मक़सद ये होता है कि किसी एक्टर को साइन करने से पहले ये जांचा जा सके कि ये उस किरदार के मुफीद हैं या नहीं. मगर दीपिका ऐसा करने को बिल्कुल तैयार नहीं थीं. वैरायटी इंडिया ने सूत्रों के हवाले से बताया,
"द वाइट लोटस में काम करने के लिए ऑडिशन देना जरूरी था. मेकर्स चाहते थे कि किसी भी एक्टर को साइन करने से पहले उसका ऑडिशन लिया जाए. लेकिन दीपिका पादुकोण ऑडिशन देने के लिए तैयार नहीं थीं. इसी वजह से उन्हें यह मौका छोड़ना पड़ गया."
रिपोर्ट के मुताबिक, मेकर्स दीपिका को लंबे समय से इस शो में जोड़ना चाहते थे. उन्होंने सीजन 3 के लिए भी उन्हें अप्रोच किया था. मगर वो उस समय प्रेग्नेंट थीं, इसलिए काम नहीं कर सकीं. नए सीजन में उनकी कास्टिंग की खबरों ने दर्शकों को काफी उत्साहित कर दिया था. मगर अब उन्हें निराशा हाथ लगी है. यदि दीपिका इस शो का ऑडिशन क्रैक कर लेतीं तो 9 साल बाद हॉलीवुड में उनका कमबैक हो जाता. पिछली बार वो विन डीज़ल के साथ xXx: Return of Xander Cage (2017) में नज़र आई थीं.
पिछले एक साल में ये तीसरा मौका है, जब दीपिका के हाथ से कोई बड़ा प्रोजेक्ट फिसला हो. पहले वो संदीप रेड्डी वांगा की 'स्पिरिट' से बाहर हुई थीं. रिपोर्ट आई कि उन्हें वहां काम के घंटों से आपत्ति थी. फिर वो प्रभास की 'कल्कि 2' से बाहर हुईं. बताया गया कि वहां उन्हें 8 घंटे की शिफ्ट और सैलेरी में 25 परसेंट की हाइक चाहिए थी. मगर इन खबरों की किसी ने कभी पुष्टि नहीं की. अब वो ऑडिशन से बचने से लिए 'द वाइट लोटस' जैसे बड़े प्रोजेक्ट से भी हाथ धो बैठी हैं. हालांकि अच्छी बात ये है कि वो अल्लू अर्जुन की AA22XA6 और शाहरुख खान की 'किंग' जैसी बड़ी फिल्मों में काम कर रही हैं.
वीडियो: 'कल्कि-2' और 'स्पिरिट' से दीपिका पादुकोण क्यों बाहर हुईं?















.webp?width=120)


.webp?width=120)


