The Lallantop

क्या मुंबई में 15 दिन पहले ही कोरोना वायरस का कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है?

पांच दिन में ही 1600 मामले आ गए.

Advertisement
post-main-image
प्रतीकात्मक फोटो- पीटीआई
मुंबई में कोरोना वायरस के मामले लगातार बढ़ रहे हैं. सिर्फ मुंबई में संक्रमण के 3600 से अधिक केस देखे गए हैं. कहा जा रहा है कि शहर में कोरोना वायरस का ट्रांसमिशन तीसरे स्टेज में पहुंच गया है. तीसरा स्टेज यानी कम्युनिटी ट्रांसमिशन. टाइम्स ऑफ़ इंडिया में छपी ख़बर के मुताबिक़, आधिकारिक तौर पर मुंबई अभी कोरोना वायरस के दूसरे स्टेज में ही है. अखबार से बात करते हुए एक सरकारी अधिकारी ने बताया,
"सेंट्रल मुंबई के वार्ड्स के 200 मामलों में से सिर्फ एक आदमी ने हाल में विदेश की यात्रा की है. बाकी लोगों को कोरोना कहां से हुआ, हम ट्रेस नहीं कर पाए हैं. यह कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं तो और क्या है? शहर में कुल 3683 केस हैं. 1598 (43 फीसद) केस आख़िरी के पांच दिन में सामने आए हैं."
मुंबई में 15 दिन पहले कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया? एशिया के सबसे बड़े स्लम धारावी से बीते पांच दिन में संक्रमण के 1600 मामले सामने आए हैं. जमीन पर काम कर रहे BMC के एक अफसर ने बताया कि 15 दिन पहले ही कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो चुका है. उन्होंने कहा कि हम पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि मामले कैसे बढ़े लेकिन अभी तक हमारे हाथ खाली हैं. दुनिया के करीब 82 देश इस वक्त तीसरे स्टेज में हैं. कम्युनिटी ट्रांसमिशन में पता नहीं चल पाता कि इसका लिंक कहां से है. हालांकि, एडिशनल म्युनिसिपल कमिश्नर सुरेश काकानी का कहना है कि शहर में कोई कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं है. कोरोना कैसे फ़ैल रहा है, इसका पता लगाना आसान है. अधिकतर केस हॉटस्पॉट से आते हैं, इसलिए हमें सोर्स पता है. BMC के फीवर क्लिनिक को लेकर उन्होंने कहा कि करीब छह हज़ार लोगों की जांच की गई है. दो हज़ार लोगों को टेस्ट किया गया है. सिर्फ 47 मामले पॉजिटिव देखे गए हैं. कोरोना वायरस टास्क फोर्स से जुड़े एक डॉक्टर ने बताया-
अगर सभी कम्युनिटी ट्रांसमिशन शब्द का इस्तेमाल करना चाहते हैं तो यह मानना चाहिए कि छोटे क्षेत्रों में ऐसा हो रहा है. पूरे वार्ड, शहर या राज्य में ऐसा कुछ नहीं है.
महाराष्ट्र हेल्थ डिपार्टमेंट के एक अधिकारी ने मामले को लेकर कहा-
कोरोना महामारी देशभर में एक तरह के पैटर्न का पालन नहीं करती. भारत जैसे बड़े देश में अलग-अलग जगहों पर अलग-अलग स्टेज हो सकते हैं.
महामारी एक्सपर्ट्स का मानना है कि कम्युनिटी ट्रांसमिशन शुरू हो गया है. सेंटर फॉर हेल्थ पॉलिसी, प्लानिंग एंड मैनेजमेंट के असिस्टेंट प्रोफेसर सौमित्र घोष ने कहा कि BMC को कम्युनिटी ट्रांसमिशन का जवाब खोजने के लिए रैंडम सैंपलिंग शुरू करनी चाहिए.

कोरोना वायरस संक्रमण के तीसरे स्टेज के बारे में विस्तार से यहां पढ़िए.

Advertisement

विडियो- जल्दीबाजी में लॉकडाउन खत्म करने पर कोरोना के किस दूसरी लहर की बात कर रहे यह एक्सपर्ट

Advertisement
Advertisement