'इंडिया टुडे' की खबर के अनुसार, कोरोना पॉजिटिव पाया गया युवक लॉकडाउन के बीच ही दिल्ली से लौटा था. वह जयपुर के ईदगाह इलाके का रहने वाला है. वह फलों के वाहन में हेल्पर बनकर 21 अप्रैल को भीलवाड़ा पहुंचा था. इसके बाद वह ससुराल में छिपकर रह रहा था. युवक का ससुराल भीलवाड़ा के गुलाबपुरा कस्बे के तेलीपाड़ा गांव में है.

ये तस्वीर राजस्थान के भीलवाड़ा की है. लॉकडाउन में एकदम सुनसान.
नौ लोगों को क्वारंटीन किया
पड़ोसियों ने उसे देखा, तो इसकी सूचना 22 अप्रैल के दिन प्रशासन को दी. 23 अप्रैल को गांव पहुंचे प्रशासनिक अमले ने उसे क्वारंटीन किया था. 24 अप्रैल को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैंपल जांच के लिए भेजा. जांच रिपोर्ट 26 अप्रैल की रात को आई. इसमें युवक कोरोना पॉजिटिव पाया गया. इसके बाद प्रशासन ने युवक के ससुराल के नौ लोगों को भी क्वारंटीन में रखा है. जांच के लिए इनके सैंपल भी लिए गए हैं.
प्रशासन ने युवक को लाने वाले व्यक्ति की तलाश भी शुरू कर दी है. हालांकि अभी तक उसके बारे में पता नहीं चल पाया है. युवक के संपर्क मे आने वाले बाकी लोगों की भी तलाश की जा रही है.

राजस्थान के भीलवाड़ा में कर्फ़्यू के दौरान पुलिस मार्च (फ़ोटो : PTI)
17 अप्रैल को भी कोरोना मुक्त हुआ था भीलवाड़ा
बता दें कि भीलवाड़ा को 17 अप्रैल को भी कोरोना मुक्त घोषित किया गया था. खुद सीएम अशोक गहलोत ने ट्वीट कर जानकारी दी थी. लेकिन अगले ही दिन यानी 18 अप्रैल को कोरोना का मामला सामने आ गया. एक टीचर कोरोना पॉजिटिव मिला था. लेकिन टीचर को 26 अप्रैल को निगेटिव घोषित किया गया. अब फिर से यहां कोरोना का नया मामला आ गया.
बता दें कि भीलवाड़ा में अब तक कोरोना के कुल 34 मरीज सामने आ चुके हैं. इनमें से 33 पूरी तरह स्वस्थ हो चुके हैं.
भारत में कोरोना वायरस के मामलों का स्टेटस













