The Lallantop

एवेंजर्स: डूम्सडे ट्रेलर: सुपरहीरोज़ की बखियां उधेड़ने के लिए थैनॉस से भी भयंकर विलन आ गया!

'एवेंजर्स: डूम्सडे' का डॉक्टर डूम इतना खतरनाक है कि वो थॉर की कुल्हाड़ी को भी महज दो उंगलियों से रोक देता है.

Advertisement
post-main-image
मार्वल ने 'एवेंजर्स: डूम्सडे' को बनाने पर करीब 7653 करोड़ रुपए खर्च किए हैं.

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • Avengers: Doomsday का ट्रेलर जारी हुआ है, जिसमें Chris Evans और Chris Hemsworth की जोड़ी फिर साथ नजर आ रही है और Robert Downey Jr को Doctor Doom के रूप में दिखाया गया है।
  • 2019 की Avengers फिल्म में थैनॉस से मुकाबले के बाद, 2026 में Doctor Doom नामक अधिक शक्तिशाली विलन से दुनिया को खतरा है, जिसकी वजह से फिल्म की कहानी विकसित हुई है।
  • फिल्म 18 दिसंबर 2026 को रिलीज होगी, जिसमें अलग-अलग Marvel यूनिवर्स के किरदार पहली बार साथ आएंगे, और इसका मुकाबला उसी दिन ड्यून 3 की रिलीज़ से होगा।

दुनिया की सबसे बड़ी और बहुप्रतीक्षित फिल्म Avengers: Doomsday का ट्रेलर आ गया है. इसमें कैप्टन अमेरिका यानी Chris Evans और थॉर यानी Chris Hemsworth की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है. पिछली बार हमने उन्हें 2019 में थैनॉस से लड़ते देखा था. मगर इस बार उनका सामना उस युद्ध के तीसरे सूरमा Robert Downey Jr से हो रहा है. फर्क ये है कि RDJ इस बार आयरन मैन नहीं, बल्कि Doctor Doom के रोल में हैं.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

2019 में एवेंजर्स ने थैनॉस जैसे एक ऐसे सुपर विलन का सामना किया था, जिसकी एक चुटकी ने आधी दुनिया को मिट्टी में मिला दिया. बावजूद इसके, थॉर के स्टॉर्मब्रेकर ने 'इन्फिनिटी वॉर' में उसकी छाती भेदी और 'एंड गेम' में उसकी गर्दन उड़ा दी. मगर ये 2019 की बात है. 2026 में दुनिया का सामना एक ऐसे दुश्मन से हो रहा है, जो थैनॉस से भी कहीं ज्यादा शक्तिशाली है. इतना शक्तिशाली कि वो तूफ़ानों के देवता थॉर की कुल्हाड़ी से निकले जानलेवा वार को भी महज दो उंगलियों से रोक देता है. ज़ाहिर है कि इस बात से कोई भी घबरा जाएगा. यहां तक खुद थॉर भी. थॉर की घबराहट बढ़ाने वाले इसी सुपर विलन का नाम डॉक्टर डूम है.

ट्रेलर की शुरुआत X-मैन वाले प्रोफेसर जेवियर के आइकॉनिक स्कूल से होती है. वही स्कूल, जहां वो म्यूटेंट बच्चों को ट्रेन करते थे. उन्हें भनक लग गई है कि दुनिया पर कोई बड़ी मुसीबत आने वाली है. ये मुसीबत डॉक्टर डूम ही है. ट्रेलर में डूम को दिखाया गया है पर केवल उसके हरे लिबास और मास्क में. अगर आप RDJ का चेहरा देखने की उम्मीद कर रहे, तो ये ट्रेलर आपको निराश करेगा. फिल्म में भी उनका फेस बहुत कम समय के लिए ही नजर आने वाला है.

Advertisement

'डूम्सडे' ऐसी पहली फिल्म है, जिसमें ‘एवेंजर्स’,' X-मेन' और ‘फैनटैस्टिक फोर’ जैसे अलग-अलग यूनिवर्स के किरदार एक साथ नजर आएंगे. यदि आपको 'फैनटैस्टिक फोर: फर्स्ट स्टेप्स' का पोस्ट क्रेडिट सीन याद हो, तो उसमें डॉक्टर डूम मिस्टर फैनटैस्टिक के बच्चे को अपनी गोद में खिला रहा था. हो सकता है कि उसने बच्चे को किडनैप कर लिया हो और उसकी तलाश में ही 'फैनटैस्टिक फोर', एवेंजर्स की दुनिया में आए हैं. ट्रेलर में हम उन्हें और थंडरबोल्ट्स के ग्रुप को थॉर से बात करते देखते हैं. इस दौरान एंट मैन और नए कैप्टन अमेरिका सैम विल्सन भी वहां मौजूद रहते हैं.

ये बातचीत थॉर और डूम की उस लड़ाई के बाद की है, जिसका ज़िक्र हमने शुरू में किया था. थॉर उन्हें बताते हैं कि उनके पुराने साथी दुनिया पर आई मुसीबतों से लड़ते हुए मारे गए. ऐसी मुसीबत, जिनसे थॉर को ज़्यादा डर नहीं लगा. मगर इस बार वाले विलन यानी डॉक्टर डूम की बात उन सबसे अलग है. ये अब तक का सबसे खतरनाक दुश्मन है. थॉर के इतना सब कहने का मक़सद केवल ये है कि दुनियाभर के सुपर हीरोज़ को अपनी आपसी लड़ाई छोड़कर एक साथ आना चाहिए. ताकि डॉक्टर डूम का सामना किया जा सके और उसे हराया जा सके.  

 इस ट्रेलर की बड़ी हाइलाइट स्टीव रोजर्स यानी क्रिस एवंस बने हैं. 'एंड गेम' की खत्म होने पर हमने स्टीव को कैप्टन अमेरिका की ज़िम्मेदारी से निवृत होते देखा था. वो टाइमलाइन में पीछे चले गए थे और बूढ़े होकर वापस लौटे. इसलिए जब 'डूम्सडे' में थॉर दोबारा उन्हें जवान अवतार में देखता है, तो उसे यकीन नहीं होता. ऐसे में वो जांच के लिए अपनी पुरानी ट्रिक लगाता है. वो स्टीव को अपना हथौड़ा उठाने को कहता है. क्योंकि उसे सबसे काबिल शख्स ही उठा सकता है. 'एंड गेम' में स्टीव ने बतौर कैप्टन अमेरिका उसे उठाकर थैनॉस की सेना पर कहर ढा दिया था. ज़ाहिर है कि वो 'डूम्सडे' में भी उस हथौड़े को उठा लेते हैं.  

Advertisement

ओवरऑल, 'एवेंजर्स: डूम्सडे' का ये ट्रेलर अच्छा है. पुराने हीरोज़ को लौटते देख खुशी मिलती है. नए वालों के साथ उनकी ट्यूनिंग देखने की एक्साइटमेंट रहती है. बावजूद इसके, स्टीव रोजर्स की वापसी, थॉर और डॉक्टर डूम की लड़ाई को छोड़ दें, तो ये बहुत खास एक्साइटमेंट जेनरेट नहीं कर पाती. इसकी सबसे बड़ी वजह शायद मल्टीवर्स वाला कॉन्सेप्ट है. उसकी आड़ में कोई भी कैरेक्टर कभी भी, कहीं से भी वापस आ जाता है. उन्हें खोने का डर पहले जैसा नहीं रहता. शायद इस कारण बहुत से लोग अभी के लिए कनेक्शन महसूस न कर पाएं. फिर भी, जिन लोगों ने 'X-मैन', 'फैनटैस्टिक फोर', 'थंडरबोल्ट्स' और 'एवेंजर्स' को फॉलो किया है, उन्हें ये पसंद आएगा. हालांकि ये अभी पहला ट्रेलर है. कुछ महीनों बाद हमें इसके और एसेट्स देखने को मिलेंगे. हो सकता है कि उसमें कुछ बमफाड़ निकले. बाकी जहां तक फिल्म की बात है, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ 18 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. इसी दिन ‘ड्यून 3’ भी आ रही है. इस क्लैश को दुनियाभर में Dunesday (ड्यून्सडे) कहा जा रहा है.

वीडियो: ‘ड्यून 3’ ने एडवांस बुकिंग से मारी बाज़ी, ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ पर बढ़ा दबाव

Advertisement