The Lallantop

''न्यूकमर्स की मदद करते-करते परेशान हो चुका हूं''- अनुराग कश्यप

Anurag Kashyap ने कहा कि वो न्यूकमर्स की मदद कर-कर के परेशान हो गए हैं. अब वो किसी भी न्यूकमर से मिलने का लाखों रुपए चार्ज करेंगे.

Advertisement
post-main-image
अनुराग ने लंबा-चौड़ा पोस्ट तो लिख दिया अब उनके कमेंट बॉक्स में लोग मज़ाकिया रिप्लाई कर रहे हैं.

Anurag Kashyap अपनी बातों और बयानों के लिए मशहूर हैं. अक्सर वो ऐसे विवादित बयानों की वजह से चर्चा में रहते हैं. अब एक और स्टेटमेंट सुर्खियां बटोर रहा है. जिसमें उन्होंने कहा कि वो न्यूकमर्स की मदद कर-कर के परेशान हो गए हैं. अब वो किसी भी न्यूकमर से मिलने का लाखों रुपए चार्ज करेंगे. अनुराग ने क्या किया पोस्ट आइए बताते हैं.

Advertisement

अनुराग कश्यप ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट किया. जिसमें लिखा है,

''मैं नए लोगों की मदद कर-कर के अपना समय बहुत बर्बाद कर चुका हूं. ज़्यादातर इन सभी के साथ बीच में आकर फंस जाता हूं. अब से मैं किसी भी आलतू-फालतू लोगों के साथ समय बर्बाद नहीं करना चाहता. ऐसे लोगों के साथ वक्त नहीं बिताना चाहता हूं जो खुद को क्रिएटिव मानते हैं.''

Advertisement

अनुराग ने आगे लिखा,

''तो अब मैं इन सभी लोगों से मिलने के पैसे चार्ज करूंगा. अगर किसी को मुझसे 10-15 मिनट मिलना हो तो उसके मैं एक लाख रुपए लूंगा. अगर किसी को आधे घंटे मिलना हो तो 2 लाख और किसी को एक घंटे मिलना हो तो उसे 5 लाख रुपए देने होंगे. यही मेरा रेट है. मैं लोगों से मिल-मिल कर अपना समय बहुत बर्बाद कर चुका हूं. अगर आपको लगता है कि आप मुझे अफोर्ड कर सकते हैं तभी कॉल कीजिए वरना दूर रहिए. एक और चीज़ ये सारे पेमेंट्स आपको एडवांस में देने होंगे.''

अनुराग ने लंबा-चौड़ा पोस्ट तो लिख दिया अब उनके कमेंट बॉक्स में लोग मज़ाकिया रिप्लाई कर रहे हैं. एक यूज़र ने लिखा,

Advertisement

''सर, लेकिन मैं तो आपका पार्सल देने आया था.''

एक ने लिखा,

''सर, अगर मैं घर की घंटी बजाकर भागूंगा तो मुझे कितने पैसे देने पड़ेंगे.''

एक्ट्रेस शहाना गोस्वामी ने भी कमेंट किया. लिखा,

''लेकिन उन लोगों का क्या जो पैसे देकर आपका समय खरीदेंगे और फिर भी आपका समय बर्बाद ही करेंगे. मैं आपके पोस्ट के फर्स्ट पार्ट से सहमत हूं लेकिन फिर आप किसी से भी मत मिलिए. किस्मत पर छोड़ दीजिए सब.''

'मिस्टर इंडिया' जैसी फिल्में बनाने वाले शेखर कपूर ने भी अनुराग की बात से सहमती जताई लिखा,

''ईमानदारी से कहूं अनुराग, मैं भी कभी-कभी ऐसा ही फील करता हूं.''

वैसे ऐसा पहली बार नहीं हुआ है जब अनुराग कश्यप ने कोई ऐसा विवादित बयान दिया हो. इससे पहले एक इंटरव्यू में अनुराग कह चुके हैं कि कमर्शियल स्पेस में दो तरह के डायरेक्टर्स और फिल्ममेकर्स हैं. एक जो बहुत ईमानदार हैं और उन्हें अपनी फिल्मों से सिर्फ पैसे कमाने हैं. दूसरे वो जो मौकापरस्त होते हैं. अनुराग ने कहा था कि जो फिल्ममेकर फेमिनिस्ट, सोशललिस्ट और रिवोल्यूशनरीज़ बनने की, दिखने की कोशिश करते हैं वो 90 प्रतिशत लोग फ्रॉड होते हैं. धोखेबाज़ होते हैं.''

ख़ैर, अनुराग की अगली फिल्म पर बात करें तो वो थ्रिलर फिल्म होगी. जिसका नाम होगा 'केनेडी'. इसमें राहुल भट्ट और सनी लियोनी हैं. फिलहाल ये पिक्चर फिल्म फेस्टिवल्स में घूम रही है. इसकी रिलीज़ डेट अभी अनाउंस नहीं हुई है. 

Advertisement