The Lallantop

बच्चन बिना हेल्मेट घूमे, लोग पुलिस तक पहुंच गए तो पलटी मार जो कहा, सिर पकड़ लेंगे!

अमिताभ इस वायरल कांड में अक्षय को भी घसीट लाए...

Advertisement
post-main-image
अमिताभ बच्चन ने यही फोटो अपने सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी.

Amitabh Bachchan ने पिछले दिनों एक फोटो पोस्ट की थी. इसमें वो एक आदमी के साथ बाइक पर बैठे नज़र आ रहे थे. कैप्शन में लिखा था कि ट्रैफिक से बचने के लिए उन्होंने एक राह चलते बाइक सवार से लिफ्ट ले ली. ताकि शूट के लिए समय पर पहुंच सकें. इस पर पब्लिक की नज़र पड़ गई. लोगों ने कहा कि वो सब तो ठीक है, मगर बच्चन का हेलमेट कहां है. कुछ लोगों ने वहां मुंबई पुलिस को टैग कर दिया. पुलिस ने भी आश्वासन दिया कि उन्होंने मामले को सही डिपार्टमेंट तक पहुंचा दिया है. जल्द ही कार्रवाई होगी. अब अमिताभ बच्चन ने पलटी मार दी है. उनका कहना कि वो बाइक पर बैठकर कहीं गए ही नहीं. उन्होंने सिर्फ फोटो खिंचाई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जब अमिताभ बच्चन ने देखा कि उनकी बाइक की फोटो वाला मामला तूल पकड़ रहा है, तो उन्होंने अपने ब्लॉग पर सफाई पेश कर दी. बच्चन ने अपने ब्लॉग में लिखा-

Advertisement

''हम बैलर्ड एस्टेट में शूट कर रहे थे. उसकी फॉर्मल परमिशन ली गई थी. ये परमिशन रविवार के लिए मांगी गई थी. क्योंकि उस दिन सभी दफ्तर बंद रहते हैं. न लोग होते हैं, न ट्रैफिक. उस इलाके की एक गली पुलिस से परमिशन के बाद शूटिंग के लिए ब्लॉक करवाई गई थी. वो गली बमुश्किल 30-40 मीटर लंबी रही होगी. जो कपड़े मैंने पहने हैं, वो फिल्म का कॉस्ट्यूम है. मैं क्रू के एक सदस्य की बाइक पर बैठकर मसखरी कर रहा था. हम कहीं जा भी नहीं रहे थे. मगर मैंने ऐसा माहौल बना दिया, जिससे लगा कि मैं समय बचाने के लिए बाइक से ट्रैवल कर रहा हूं.''

अमिताभ बच्चन इसी मसले पर आगे लिखते हैं-

''मगर हां, अगर कभी देरी की समस्या होती है, तो मैं ये ज़रूर करूंगा. मैं हेलमेट पहनूंगा और सभी नियम-कायदों और ट्रैफिक दिशा-निर्देशों का पालन करूंगा. मैं इकलौता इंसान नहीं हूं, जो ऐसा करता है. मैंने अक्षय कुमार को टाइम पर शूटिंग लोकेशन पर पहुंचने के लिए ऐसा करते देखा है. हेलमेट वगैरह पहनकर. वो बाइक पर अपनी सिक्योरिटी के साथ जाते हैं, जिससे उन्हें कोई पहचान न सके. वो तेज़ और सही तरीका है. आप सबकी चिंताओं, परवाह, ट्रोलिंग और थपकियों के लिए शुक्रिया.''

Advertisement

बच्चन ने ये भी बताया कि उन्होंने किसी ट्रैफिक नियम का उल्लंघन नहीं किया था. उन्होंने लिखा-

''और आप सभी से माफी मांगना चाहता हूं कि आपको चिंताओं में डाला. आपको ऐसा महसूस करवाया कि मैंने ट्रैफिक रूल्स तोड़े. मैंने ऐसा कुछ नहीं किया. आप सबको ढेर सारा प्यार.'' 

अब इससे एक बड़ा सवाल ये पैदा होता है कि या तो अमिताभ तब झूठ बोल रहे थे, या अब बोल रहे हैं. खैर, अमिताभ बच्चन इन दिनों प्रभास और दीपिका पादुकोण के साथ फिल्म 'प्रोजेक्ट-K' में काम कर रहे हैं. इसके अलावा वो रिभू दासगुप्ता की फिल्म 'सेक्शन 84' का भी हिस्सा हैं. वो टाइगर श्रॉफ की 'गणपत' में भी दिखाई देने वाले हैं. 

वीडियो: अमिताभ बच्चन और शाहरुख खान के अलावा इन सेलेब्रिटीज ने अपना प्रोडक्शन हाउस खोला, हुए फेल

इस पोस्ट से जुड़े हुए हैशटैग्स
Advertisement