The Lallantop

कोरोना संदिग्ध का अंतिम संस्कार करने पहुंचे हेल्थ वर्कर और पुलिस, गांववालों ने पथराव कर दिया

अंतिम संस्कार के बाद महिला के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट आई.

Advertisement
post-main-image
बाएं से दाएं: कोरोना संदिग्ध महिला के शव का अंतिम संस्कार करते हुए हेल्थ वर्कर्स. चंद्रपुरा गांव में पथराव के बाद मौजूद पुलिस. फोटो क्रेडिट- कमलप्रीत.

हरियाणा का अंबाला ज़िला. यहां के चंद्रपुरा गांव में 27 अप्रैल (सोमवार) को हेल्थ वर्कर्स और पुलिस की टीम पर पथराव हुआ. ये टीम कोरोना संदिग्ध महिला के शव का अंतिम संस्कार करने पहुंची थी. लोगों ने एंबुलेंस को भी तोड़-फोड़ डाला. हमले में कुछ पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं.

Advertisement

क्या है मामला?

'आज तक' से जुड़े कमलप्रीत ने घटना के बारे में और जानकारी दी. बताया कि तोपखाना इलाके की एक महिला को 26 अप्रैल (रविवार) के दिन अंबाला कैंट अस्पताल में भर्ती कराया गया था. उसे सांस लेने में दिक्कत हो रही थी. कोरोना टेस्ट के लिए उसका सैंपल लेकर इलाज शुरू किया गया, लेकिन महिला की मौत हो गई.

Advertisement

Ambala 2
पथराव का सीन. भीड़ गांववालों की है, जिन्होंने पत्थरबाजी की. फोटो क्रेडिट- कमलप्रीत.

भले ही महिला की टेस्ट रिपोर्ट नहीं आई थी, लेकिन वो कोरोना संदिग्ध थी. इसलिए उसके शव का अंतिम संस्कार उसी तरह किया जाना था, जैसे कोरोना से मरने वाले व्यक्ति का होता है. सोमवार को हेल्थ वर्कर्स की टीम पुलिस और नगर परिषद की टीम के साथ शव का अंतिम संस्कार करने पहुंचे. चंद्रपुरा गांव के श्मशान घाट. गांववालों ने हंगामा कर दिया. पूरी टीम पर पत्थरबाजी कर डाली. भीड़ को काबू में करने के लिए पुलिस ने हवाई फायरिंग की और लाठियां चलाईं.

क्यों हुई पत्थरबाजी?

कारण जानने के लिए 'द लल्लनटॉप' ने अंबाला कैंट के डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (DSP) राम कुमार से बात की. उन्होंने बताया,

Advertisement

'गांववाले इस बात के विरोध में थे कि किसी कोरोना के मरीज़ का अंतिम संस्कार उनके श्मशान घाट में हो. ज़िद पर अड़े हुए थे. हमला कर दिया. रोकने के लिए पुलिस को भी हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. हालात कंट्रोल करने के बाद अंतिम संस्कार उसी श्मशान घाट में किया गया.'

कितनों की गिरफ्तारी हुई?

DSP ने बताया कि अभी तक 30 लोगों की गिरफ्तारी हो चुकी है. और भी लोगों की पहचान करके उन्हें भी पकड़ा जाएगा.


Ambala Cantt Dsp
अंबाला कैंट के DSP राम कुमार. इन्होंने बताया कि और भी आरोपियों की गिरफ्तारी हो सकती है. फोटो क्रेडिट- कमलप्रीत.

रिपोर्ट का नतीजा क्या रहा?

'द लल्लनटॉप' ने अंबाला के चीफ मेडिकल ऑफिसर (CMO) डॉक्टर कुलदीप से बात की. उन्होंने बताया कि महिला की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट निगेटिव आई है. साथ ही ये भी बताया कि महिला को अस्थमा था, 26 अप्रैल को उन्हें सीरियस अस्थमा अटैक आया था. महिला की रिपोर्ट शव का अंतिम संस्कार होने के बाद आई.

हमले के बारे में कहा कि किसी हेल्थ वर्कर को तो चोट नहीं आई है, लेकिन एंबुलेंस पूरी तरह तहस-नहस कर दी गई है.

देखिये भारत में कोरोना कहां-कहां और कितना फैल गया है.



वीडियो देखें: चेन्नई में कोरोना से डॉक्टर की मौत, शव दफनाने गए लोगों पर पत्थरबाज़ी

Advertisement