चर्चा थी कि Akshay Kumar अगले कुछ समय तक केवल कॉमेडी फिल्में करेंगे. मगर लगता है कि उन्होंने अपना मन बदल लिया है. खबर है कि वो नेशनल अवॉर्ड विनिंग तेलुगु डायरेक्टर Chandoo Mondeti के प्रोजेक्ट में काम करने वाले हैं. इस पैन इंडिया हिस्टोरिकल थ्रिलर को Karan Johar प्रोड्यूस करेंगे. खास बात ये है कि अक्षय इसमें Baahubali के भल्लाल देव यानी Rana Daggubati के साथ दोबारा कोलैब करेंगे. दोनों ने इससे पहले Baby में स्क्रीन साझा किया था.
अक्षय कुमार भी चले साउथ! नेशनल अवॉर्ड विनिंग डायरेक्टर की हिस्टोरिकल थ्रिलर करेंगे?
अक्षय ने 2025 में भी तेलुगु फिल्म 'कनप्पा' में काम किया था. उसमें उन्होंने भगवान शिव का किरदार निभाया था.


चंदू मोंडेटी को 'कार्तिकेय 2' और 'तंडेल' जैसी फिल्मों के लिए जाता जाता है. ‘कार्तिकेय 2’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थी. उस फिल्म के लिए चंदू को 'बेस्ट फीचर फिल्म तेलुगु' का नेशनल अवॉर्ड मिला था. 123 तेलुगु की रिपोर्ट के मुताबिक, वो अब एक पैन इंडिया प्रोजेक्ट प्लान कर रहे हैं. मूवी का बैकड्रॉप ऐतिहासिक होगा. दावा किया जा रहा है कि इसे करण जौहर की धर्मा प्रोडक्शंस के बैनर तले बनाया जाएगा.
जहां तक कास्टिंग की बात है, राणा दग्गुबाती फिल्म में लीड रोल करेंगे. वहीं अक्षय इसमें एक अहम किरदार में नज़र आ सकते हैं. हालांकि अभी ये स्पष्ट नहीं कि वो फिल्म में फुल फ्लेजेड रोल करेंगे या केवल कैमियो करते नज़र आएंगे. इससे पहले राणा और अक्षय ने 2015 में आई स्पाय थ्रिलर 'बेबी' में साथ काम किया था. यदि चंदू की फिल्म पर बात बनी, तो दोनों करीब 11 साल बाद स्क्रीन शेयर करेंगे.
बताया जा रहा है कि ये मूवी काफी बड़े स्केल पर बनेगी. इसका प्लॉट उज्जैन के इर्द-गिर्द बुना जाएगा. चंदू ने 'कार्तिकेय 2' को भगवान कृष्ण की कहानी से जोड़ा था. उज्जैन का नाम सुनकर पहली नज़र में ऐसा लग रहा है कि ये भगवान शिव से कनेक्टेड हो सकती है. बताया जा रहा है कि फिल्म में हिस्ट्री, सस्पेंस और मिथक- तीनों का मिश्रण होगा. हालांकि अभी ये केवल शुरुआती अनुमान हैं. ऑफिशियल अनाउंसमेंट के लिए हमें अभी थोड़ा और इंतज़ार करना होगा.
वैसे, अक्षय ने 2025 में भी साउथ की तरफ रुख किया था. तब उन्होंने एक्टर विष्णु मंचू के कहने पर तेलुगु मूवी ‘कनप्पा’ में कैमियो किया था. इत्तेफाक से उस मूवी में भी वो भगवान शिव के किरदार में नज़र आए थे. हालांकि फिल्म बुरी तरह फ्लॉप हो गई और उनके रोल को कुछ खास चर्चा नहीं मिली.
वीडियो: रोहित शेट्टी ने 'गोलमाल 5' को लेकर कौन-सा नियम बदला?



















